रीवा में फाइटर जेट के सोनिक बूम से एनसीसी ऑफिस की छत गिरी, ग्रामीणों में दहशत
REWA. रीवा जिले के जवा और अतरेला क्षेत्रों में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज घटना हुई। अचानक आसमान में फाइटर जेट्स की तेज आवाज से इलाके में एक जोरदार धमाके जैसा शोर गूंज उठा। इस आवाज की तीव्रता इतनी अधिक थी कि लोग समझ नहीं पा रहे थे कि यह क्या है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी कुछ दिनों से इलाके में फाइटर जेट्स की उड़ानें देखी जा रही थीं, लेकिन आज जो आवाज सुनाई दी, वह बेहद भयावह थी। लोग इसे बम ब्लास्ट समझ बैठे, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
एनसीसी ऑफिस को पहुंचा नुकसान
इस घटना का सबसे ज्यादा असर जवा स्थित एनसीसी ऑफिस पर हुआ। जब जेट की तेज आवाज आई तो उसके प्रभाव से ऑफिस की छत गिर गई। गनीमत यह रही कि उस समय ऑफिस में कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। छत गिरने से इमारत को नुकसान हुआ है। इसके अलावा, कई घरों की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए।
ग्रामीणों में अफवाहों का बाजार गर्म
धमाके की आवाज के बाद ग्रामीणों के बीच अफवाहों का बाजार गर्म हो गया। लोग डरे-डरे अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ लोगों ने इसे बम ब्लास्ट समझ लिया और पुलिस को सूचित किया। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। शुरुआती जांच में यह साफ हुआ कि यह घटना 'सोनिक बैरियर' तोड़ने के कारण हुई थी, जो फाइटर जेट के तेज रफ्तार से गुजरने से उत्पन्न होती है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की अपील की है। साथ ही, स्थानीय पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं, ताकि नुकसान का सही आकलन किया जा सके।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
इस घटना के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें ग्रामीण आसमान में उड़ते विमानों को दिखा रहे हैं और अपनी आपबीती सुना रहे हैं। वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इलाके के लोग अभी भी डरे हुए हैं। पुलिस और प्रशासन ने कहा है कि ऐसी घटनाएं आमतौर पर होती हैं, लेकिन लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
यह खबरें भी पढ़ें...
मानस भवन न्यास घोटाला : कमाई के लालच में न्यासियों ने बेच दी लीज की जमीन, ईओडब्ल्यू और प्रशासन ने शुरु की जांच
एमपी में शिक्षक बनने की राह में डीएलएड डिप्लोमा परीक्षा का रोड़ा
PPP मोड पर चलेगी एमपी की राज्य परिवहन बस योजना, निजी ऑपरेटर नाराज
एमपी के 12 लाख कर्मचारी-पेंशनर्स को DA एरियर नवंबर से पहले, 38 हजार तक मिलेंगे