78 हजार रुपए की रिश्वत लेते वनपाल गिरफ्तार, रीवा लोकायुक्त की कार्रवाई
समझें क्या है पूरा मामला
- रीवा के सिरमौर वन क्षेत्र में कार्रवाई हुई।
- वनपाल दिनेश कुमार रिश्वत लेते गिरफ्तार हुए।
- ट्रक छोड़ने के लिए दो लाख रुपए मांगे थे।
- चालक की शिकायत पर लोकायुक्त ने जांच की।
- ढाबे में 78 हजार रुपए लेते ट्रैप हुआ।
ट्रक रोककर मांगी गई रिश्वत
उत्तर प्रदेश के सीतापुर निवासी ट्रक चालक नीरज यादव यूपी पासिंग ट्रक में लकड़ी लोड कर मुरादाबाद जा रहे थे। इसी दौरान सिरमौर वन परिक्षेत्र के वन अमले ने उनका ट्रक रोक लिया। ट्रक को चौकी में खड़ा करा दिया गया। कई दिन बीतने के बाद भी ट्रक नहीं छोड़ा गया। इसी बीच वनपाल दिनेश कुमार ने ट्रक छोड़ने के लिए दो लाख रुपए की रिश्वत मांगी।
10 जुलाई को दर्ज हुई शिकायत
परेशान ट्रक चालक ने 10 जुलाई को लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 7 जुलाई को उनका ट्रक रोका गया था। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगे जाने की बात सही पाई गई। इसके बाद अधिकारियों ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
ढाबे में हुई रंगे हाथ गिरफ्तारी
योजना के तहत वनपाल ने शिकायतकर्ता को पूर्वा फॉल के पास एक ढाबे पर बुलाया। वहां 78 हजार रुपए लेकर पहुंचने को कहा गया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने रकम सौंपी, पहले से सादे कपड़ों में मौजूद लोकायुक्त टीम ने वनपाल को रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई।
अधिकारी बोले, शिकायत की हुई थी पुष्टि
लोकायुक्त निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया ने बताया कि सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हो गई थी। इसके बाद ही ट्रैप की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि वनपाल दिनेश कुमार को पूर्वा फॉल के पास ढाबे में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रीवा लोकायुक्त निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया ने बताया कि शिकायत की जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
ये खबर भी पढ़ें...
जमीन म्यूटेशन के नाम पर मांगी 1 लाख की रिश्वत, 75 हजार लेते पटवारी गिरफ्तार
एमपी में दो पुराने थर्मल प्लांट बनेंगे परमाणु केंद्र! संभावना तलाश रहा अडानी पावर
कागज पर रफ्तार, जमीन पर इंतजार! MP की बड़ी योजनाओं की असली तस्वीर आई सामने
मध्य प्रदेश में 60 हजार करोड़ का हिसाब गायब, सरकारी अफसरों ने नहीं दिए सबूत