मुझे नहीं जानते, नशे में हो क्या? टोल टैक्स पर भिड़े भाजपा नेता, कर्मचारी बोला-नशे में तो आप लग रहे हैं

Aman Vaishnav | Sootr Creatives | Published:
रीवा के जोगिनिहाई टोल प्लाजा पर टोल टैक्स को लेकर भाजपा नेता संजय नगाइच और कर्मचारियों के बीच तीखी बहस हुई।
Heated argument between BJP leader Sanjay Nagaich and toll workers at Joginihai toll plaza in Rewa over toll tax payment goes viral
आधी रात का सन्नाटा था। चारों ओर टोल प्लाजा की लाइटें चमचमा रही थीं। एक तरफ सत्ता की हनक थी। दूसरी तरफ ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की सख्ती थी। रीवा के जोगिनिहाई टोल प्लाजा पर कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। दरअसल यहां से मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के चेयरमैन और भाजपा नेता संजय नगाइच का काफिला गुजर रहा था।

इसी बीच टोल टैक्स देने की बात पर मामूली कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते यह तीखी नोकझोंक में बदल गई। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।



आधी रात को कैसे शुरू हुआ विवाद?

बता दें कि यह पूरी घटना 17 और 18 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 12:10 बजे की बताई जा रही है। इसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। टोल कर्मचारियों का कहना है कि शुरुआत में भाजपा नेता संजय नगाइच टोल शुल्क नहीं देना चाहते थे। वे अपने पद का रौब दिखा रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई थी। हालांकि कर्मचारियों के मुताबिक विवाद होने के बाद उन्होंने टोल शुल्क का भुगतान कर दिया था।



वायरल वीडियो में क्या सुनाई दे रहा है?

मंगलवार, 17 नवंबर की शाम को सामने आए इस वीडियो में दोनों पक्षों के बीच की गरमागरमी साफ सुनाई दे रही है। वीडियो में संजय नगाइच टोल कर्मचारियों से गुस्से में यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि तुम एमपी वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन को नहीं जानते, नशे में हो क्या?



इस सवाल पर टोल कर्मचारी भी पीछे नहीं हटे और उन्होंने तुरंत जवाब दिया कि नशे में तो आप लग रहे हैं। इसके अलावा वीडियो में संजय नगाइच कर्मचारियों से रीवा कलेक्टर को फोन लगाने की बात भी कहते हुए सुनाई दे रहे हैं।



कर्मचारियों ने क्यों वायरल किया यह वीडियो?

टोल कर्मचारियों के मुताबिक, घटना के बाद टोल कंपनी MARCO ने कलेक्टर समेत दूसरे प्रशासनिक अधिकारियों से मौखिक शिकायत की थी। उस समय कंपनी ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया था कि मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।



कर्मचारियों का कहना है कि काफी समय बीतने के बाद भी जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्होंने मंगलवार शाम वॉट्सऐप पर घटना का वीडियो वायरल कर दिया। इस मामले में रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी से भी प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई। उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।



संजय नगाइच के ड्राइवरों ने मारपीट के आरोप लगाए

इस मामले में अब दूसरा पहलू भी सामने आया है। संजय नगाइच की ओर से उनके वाहन चालकों ने टोल कर्मचारियों पर मारपीट और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। चालकों ने यह भी आरोप लगाया है कि टोल कर्मियों ने उनके साथ जातिसूचक गालियों का इस्तेमाल किया है।



टोल ऑपरेटर पर अभद्र व्यवहार का आरोप

सिर्फ ड्राइवरों ने ही नहीं बल्कि संजय नगाइच की ओर से भी 19 अक्टूबर को संबंधित थाना प्रभारी को एक लिखित शिकायत दी गई है। इस शिकायत में टोल ऑपरेटर राहुल श्रीवास और टोल इंचार्ज धीरेंद्र सिंह पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत पत्र में पुलिस से मांग की गई है कि इन दोनों कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए। साथ ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।



Tags:
  • टोल टैक्स पर भिड़े भाजपा नेता
  • भाजपा नेता संजय नगाइच
  • मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन
  • रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी
  • कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी
  • टोल कर्मचारियों पर मारपीट के आरोप
  • संजय नगाइच
  • रीवा