फिल्मी स्टाइल में चोरी, अंडरवियर में छिपाकर ब्रांडेड कपड़े चुराता था कर्मचारी, सीसीटीवी से खुला राज
रीवा शहर से एक अजीब चोरी का मामला सामने आया है। यहां प्रकाश चौराहे पर स्थित एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में काम करने वाला कर्मचारी ही चोरी कर रहा था। वह महंगे और ब्रांडेड कपड़ों को अपनी अंडरवियर में छिपाकर चुराता था।
जब स्टॉक में कमी आई, तो दुकान के मालिक ने जब सीसीटीवी फुटेज चेक किया, तब जाकर सच्चाई का पता चला।
कर्मचारी ही बना चोर
रीवा के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में प्रकाश चौराहे पर जितेंद्र खुवानी की एक बड़ी रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। इस दुकान में पिछले काफी समय से आशीष सिंह नाम का युवक काम कर रहा था।
दुकान मालिक को उस पर भरोसा था, लेकिन उसे क्या पता था कि जिस कर्मचारी को वह अपनी दुकान की जिम्मेदारी सौंप रहा है वही उसकी जेब काटने में लगा है।
अंडरवियर में छिपाता था कपड़े
आशीष सिंह ने दुकान से महंगे और ब्रांडेड कपड़े चुराने के लिए ऐसा तरीका निकाला जो किसी फिल्म की स्क्रिप्ट जैसा लगता है। वह महंगे शर्ट और कीमती कुर्ते को बड़ी चालाकी से अपनी अंडरवियर में छिपा लेता था, ताकि दूसरे कर्मचारियों की नजर से बच सके।
फिर लंच ब्रेक या किसी काम का बहाना बनाकर दुकान से बाहर निकल जाता था। यह चोरी का खेल काफी समय से चल रहा था।
सीसीटीवी देखने पर हुआ खुलासा
बाहर जाकर आशीष सिंह इन कपड़ों को किसी सुरक्षित जगह पर छिपा देता था। दुकान मालिक को काफी समय से यह लग रहा था कि स्टॉक लगातार कम हो रहा है, लेकिन वह समझ नहीं पा रहे थे कि कपड़े कहां जा रहे हैं।
जब हिसाब में गड़बड़ी ज्यादा बढ़ने लगी तो दुकान मालिक ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक किया। जैसे ही फुटेज देखी मालिक के होश उड़ गए।
कैमरों में साफ दिख रहा था कि 15 अप्रैल से आशीष लगातार चोरी कर रहा था। फुटेज में उसकी हरकतें देखकर यह बिल्कुल साफ हो गया कि वह कैसे बड़े आराम से कपड़े चुराकर गायब कर रहा था।
जब मालिक ने आशीष को रंगे हाथों पकड़ा और उससे पूछताछ की, तो वह शर्मिंदा होने के बजाय अपनी सफाई देने लगा।
मालिक को दी जान से मारने की धमकी
आरोपी आशीष सिंह ने न केवल अपनी नौकरी छोड़ दी, बल्कि दुकान मालिक को पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। उसने बड़े ही बेखौफ अंदाज में कहा कि अगर मालिक ने रिपोर्ट लिखवाई, तो इसका अंजाम बुरा होगा।
हालांकि धमकी से डरने के बजाय, जितेंद्र खुवानी ने इस मामले की जानकारी सिटी कोतवाली पुलिस को दी।
लालच के लिए करता था चोरी
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निशा मिश्रा ने बताया कि व्यवसायी की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। साध ही आशीष सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि लालच और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने यह अनोखी चोरी की। उसे लगा था कि अंडरवियर में कपड़े छिपाने से कोई नहीं पकड़ेगा लेकिन वो कैमरे से खुद को बचा नहीं पाया।
ये खबरें भी पढ़िए...
शादीशुदा महिला के अंडरगारमेंट्स चुरा ले गया पड़ोसी, बोला- पड़ोसन से प्यार करता हूं
मध्यप्रदेश न्यूज:महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष ने चुराए 10 हजार के अंडरगारमेंट्स! वायरल हुआ वीडियो
एमपी न्यूज: ट्रेनों में हर ढाई घंटे में हो रही एक चोरी, महिलाएं बन रही टारगेट
कर्मचारी ने की चोरी, मालिक ने किया सैटलमेंट, जबलपुर हाईकोर्ट ने ठोका जुर्माना