टोल मांगने पर भड़के बिजली कंपनी के अफसर, फोन कर कटवा दी टोल प्लाजा की लाइट
समझें क्या है पूरा मामला...
- सागर के कर्रापुर टोल टैक्स पर सोमवार को विवाद हुआ।
- बिजली कंपनी अधिकारी मयंक कुमार का वाहन टोल के लिए रोका गया।
- रोके जाने पर मयंक कुमार गुस्से में आ गए।
- उन्होंने बिजली अफसर रामनिवास को फोन कर सप्लाई कटवा दी।
टोल पर क्यों भड़के अफसर
दरअसल सागर-कानपुर हाईवे पर कर्रापुर टोल प्लाजा है। यहां रोज सैकड़ों गाड़ियां टैक्स देकर गुजरती हैं। सोमवार को बंडा में पदस्थ बिजली कंपनी अधिकारी मयंक कुमार यहां से गुजर रहे थे, तब ही टोल कर्मचारियों ने उनकी गाड़ियों को टैक्स के लिए रोका।
टोल मैनेजर मनोज कुमार तोमर के मुताबिक गाड़ी रुकते ही मयंक कुमार आगबबूला हो गए। उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से अभद्रता शुरू कर दी। मामला बढ़ता देख टोल स्टाफ भी असमंजस में पड़ गया।
फोन घुमाते ही गई बिजली
गुस्से में मयंक कुमार यहीं नहीं रुके उन्होंने कर्रापुर के बिजली अफसर रामनिवास को फोन लगाया। कुछ ही देर में पूरे टोल प्लाजा (टोल टैक्स महंगा) की बिजली सप्लाई काट दी गई।
अचानक अंधेरा होने से टोल पर काम कर रहे कर्मचारी हैरान रह गए। टोल बूथ की मशीनें और लाइटें बंद हो गईं। वाहनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा।
अफसर की गाड़ी पहले से टोल फ्री
वहीं टोल मैनेजर का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है। मयंक कुमार रोजाना सागर से बंडा आना-जाना करते हैं। उनकी निजी गाड़ी को व्यावहारिक रूप से पहले से टोल फ्री रखा गया है।
असली विवाद इससे आगे का है। मयंक कुमार चाहते हैं कि उनके पीछे चल रहे लोडिंग वाहन और अन्य कमर्शियल वाहन भी बिना टैक्स दिए निकल जाएं। टोल स्टाफ का कहना है कि यह नियम के खिलाफ है।
कर्मचारियों में डर का माहौल
टोल पर काम करने वाले कर्मचारियों में इस घटना के बाद डर का माहौल है। कई कर्मचारियों का कहना है कि रोज-रोज की इस तरह की धमकी से काम करना मुश्किल हो गया है। उन्हें डर है कि टैक्स मांगने पर फिर कभी भी बिजली काटी जा सकती है।
ये खबरें भी पढ़िए...
एसडीएम की कार ने किसान को कुचला, मौके पर मौत, दवाई लेने गया था किसान
त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ की संदिग्ध मौत, पुलिस मुख्यालय में मिला शव
राम मंदिर विवाद पर भड़के पंडित प्रदीप मिश्रा, बोले यह सनातन के खिलाफ षड्यंत्र
केन-बेतवा लिंक परियोजना के खिलाफ आंदोलन खत्म, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा