अब पैसे देने पर भी इन्हें नहीं मिलेगी शराब! सागर शराब कांड के बाद आबकारी विभाग ने लागू किया नया नियम

Aman Vaishnav | Sootr Creatives | Published:
सागर में शराब से मौतों के बाद आबकारी विभाग सख्त, अब बीमार, बुजुर्ग और कमजोर लोगों को नहीं मिलेगी शराब। रोज पीने वालों की भी बनेगी लिस्ट।
Sagar Excise Department bans liquor sale to sick, elderly, and weak people after recent deaths, orders shops to list daily drinkers
आप मध्य प्रदेश के सागर जिले में रहते हैं, तो आबकारी विभाग का यह नया फरमान आपको चौंका सकता है। सोचिए, अगर कोई शख्स शराब की दुकान पर जाए और दुकानदार उसकी सेहत या उम्र देखकर शराब देने से साफ मना कर दे तो कैसा नजारा होगा? जी हां अब से सागर में कुछ ऐसा ही होने वाला है।

शहर और जिले में लगातार हो रही मौतों के बाद प्रशासन की नींद खुली है। अब विभाग ने इस विवाद को रोकने के लिए बेहद अनोखे नियम बना दिए हैं।



इन नए नियमों के तहत शराब की दुकानों पर सिर्फ पैसे देने से काम नहीं चलेगा। अब से शराब खरीदने वाले की हालत भी देखी जाएगी। आइए विस्तार से समझते हैं कि आखिर सागर में ऐसा क्या हुआ कि आबकारी विभाग को यह कदम उठाना पड़ा है...



बीमार, बुजुर्ग और कमजोर लोगों पर लगा प्रतिबंध

दरअसल सागर में लाइसेंसी दुकान से शराब खरीदकर पीने के बाद हो रहीं मौतों ने पूरे प्रशासन को हिला कर रख दिया है। इसी विवाद से बचने के लिए आबकारी विभाग ने अब कमर कस ली है। विभाग ने जिले के सभी लाइसेंसी ठेकेदारों को साफ निर्देश दिए हैं। उनसे कहा गया है कि वे अपनी दुकान से किसी भी बीमार, बुजुर्ग और अत्यधिक कमजोर दिखने वाले व्यक्ति को शराब बिल्कुल न बेचें।



इतना ही नहीं विभाग अब उन लोगों का भी कच्चा चिट्ठा तैयार कर रहा है जो रोजाना या दिन में कई-कई बार शराब के लिए दुकान पर पहुंचते हैं। इसके लिए दुकानदारों को बाकायदा ऐसे नियमित ग्राहकों की एक लिस्ट बनाने को कहा गया है।



आखिर क्यों लेना पड़ा यह बड़ा फैसला?

इस पूरे मामले की शुरुआत मोतीनगर थाना क्षेत्र की मछरयाई शराब दुकान से हुई थी। शनिवार, 14 नवंबर को यहां शराब पीने के बाद विष्णु खटीक नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।



पीलिया और हार्ट अटैक: घटना के महज 3 घंटे के अंदर ही पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट दे दी गई थी। इस रिपोर्ट में बताया गया कि मृतक से पीड़ित था। उसकी मौत का असली कारण हार्ट अटैक था।



पहले भी हो चुकी है मौत: इससे पहले 11 नवंबर को डोमा जैतपुर में भी अंकुश लोधी नाम के युवक की मौत हुई थी। उस मामले में भी मौत की वजह हार्ट अटैक ही बताई गई थी।



जानकारों का मानना है कि लगातार हो रही इन मौतों की जिम्मेदारी आबकारी विभाग के सिर पर न आए, इसलिए ऐहतियात के तौर पर यह आदेश जारी किया गया है।



जिले की 56 शराब दुकानों पर आबकारी टीम की जांच

आदेश जारी करने के साथ ही आबकारी विभाग ने जमीनी स्तर पर कार्रवाई भी शुरू कर दी है। रविवार को विभाग की अलग-अलग टीमों ने पूरे जिले की कुल 56 शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया है।



सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडेय खुद अपनी टीम के साथ सबसे पहले मोतीनगर और शहर की दुकानों पर पहुंचीं। उन्होंने धर्मश्री, मछरयाई, सिविल लाइन और तिली इलाके की दुकानों की जांच की। इसके अलावा देवरी, खुरई, बीना, बंडा और रहली समेत अन्य क्षेत्रों में भी टीमों ने दबिश दी है।



स्टॉक, परमिट और सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल

जांच के दौरान अधिकारियों ने दुकानों में रखे शराब के स्टॉक, परमिट और बिक्री से जुड़े सभी दस्तावेजों का मिलान किया। साथ ही दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। हालांकि इस पूरी जांच में शराब के स्टॉक और कागजातों में किसी भी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं मिली है। सभी दुकानदारों से रोज शराब खरीदने आने वाले लोगों की सूची जल्द से जल्द सौंपने को कहा गया है।



दुकानों के आसपास नहीं जमेगी महफिल

आबकारी विभाग ने केवल शराब बेचने पर ही नहीं बल्कि दुकानों के बाहर के माहौल को सुधारने पर भी सख्ती दिखाई है। ठेकेदारों को साफ शब्दों में हिदायत दी गई है कि वे अपनी दुकान से केवल शराब की बिक्री ही करें।



  • दुकानों के आसपास चल रही खाने पीने की अवैध दुकानों और ठेलों को तुरंत हटाया जाए।
  • कोई भी ग्राहक शराब खरीदने के बाद दुकान के आसपास बैठकर शराब न पिए, यह सुनिश्चित करना दुकानदार की जिम्मेदारी होगी।
  • जांच के दौरान कुछ दुकानों के आसपास बहुत गंदगी पाई गई। इस पर अधिकारियों ने तुरंत साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए हैं।

क्या कहती हैं सहायक आबकारी आयुक्त?

इस मामले में सागर की सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडेय का बयान भी सामने आया है। उनका कहना है कि हाल ही में हुई मौत के बाद यह बात सामने आई है कि गंभीर बीमारी होने के बावजूद लोग अत्यधिक मात्रा में शराब पी रहे हैं। इसी वजह से दुकानदारों से नियमित रूप से शराब पीने वालों की सूची मांगी गई है। साथ ही बीमार बुजुर्ग और कमजोर व्यक्तियों को शराब न देने के निर्देश दिए गए हैं।



Tags:
  • सागर शराब कांड
  • शराब दुकानों पर आबकारी टीम की जांच
  • सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडेय
  • आबकारी विभाग
  • शराब दुकान
  • शराब पीने से मौत
  • सागर