मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से शादी, दहेज न मिलने पर पति ने पत्नी का अश्लील वीडियो किया वायरल

Amresh Kushwaha | Apr 27, 2026, 15:18 IST
sagar mp dowry obscene video viral husband arrested kanyadan yojana
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत विवाह बंधन में बंधी एक पीड़िता के साथ उसके पति ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। दहेज न मिलने पर आरोपी ने निजी पलों के वीडियो वायरल कर दिए।

News In Short

  • सागर के भानगढ़ थाने में दहेज उत्पीड़न और वीडियो वायरल का मामला दर्ज हुआ है।
  • पीड़िता की शादी अप्रैल 2025 में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत हुई थी।
  • पति ने दहेज में 50 हजार रुपए और मोटरसाइकिल की मांग की थी।
  • मांग पूरी न होने पर पत्नी के अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए हैं।
  • पति, सास, ससुर, देवर और देवरानी, पांचों पर केस दर्ज है।

News In Detail

शादी के बाद शुरू हुई प्रताड़ना

मध्यप्रदेश के सागर जिले से एक बेहद संगीन मामला सामने आया है। यहां एक पति पर आरोप है कि उसने दहेज की मांग पूरी न होने पर अपनी पत्नी के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिए हैं।



पीड़िता की शादी 30 अप्रैल 2025 को बीना की गल्ला मंडी में आयोजित मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में हुई थी।



शादी के कुछ ही समय बाद पति और उसके परिवार ने दहेज में 50 हजार रुपए और मोटरसाइकिल की मांग शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि जब यह मांग पूरी नहीं हुई तो उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। गाली-गलौज और मारपीट भी हुई, जिसमें ससुराल के अन्य सदस्य भी शामिल रहे।



भरोसा दिलाकर बनाता था वीडियो

पीड़िता ने बताया कि आरोपी पति निजी पलों को अपने फोन में शूट कर लेता था। हर बार वह यह कहकर भरोसा दिलाता था कि वीडियो डिलीट कर दिया। पीड़िता को इस पर यकीन था। उसे अंदाजा नहीं था कि यह सब जानबूझकर किया जा रहा है।



मामले का खुलासा 21 अप्रैल को तब हुआ जब देवर ने भाभी को बताया कि उसके अश्लील वीडियो उसके पास आए हैं। यह सुनते ही पीड़िता सदमे में आ गई। उसने तुरंत अपने माता-पिता को बताया। परिजन उसे घर ले गए और भानगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई।



मां का खुलासा, नाबालिग पर भी थी नजर

पीड़िता की मां ने एक और चौंकाने वाली बात बताई। उनके मुताबिक आरोपी की नजर उनकी 16 साल की छोटी बेटी पर भी थी। एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान आरोपी ने नाबालिग से अपने साथ भागने को कहा था। इस घटना के बाद परिवार को समझ आया कि आरोपी का इरादा पहले से ही गलत था।



पीड़िता की मां ने यह भी बताया कि आरोपी पहले परिवार में किसी दूसरी लड़की को देखने आया था। लेकिन पीड़िता को देखकर उसी से शादी करने की जिद पर अड़ गया और बाद में दोनों परिवारों की सहमति से विवाह हुआ।



पैसे देने के बाद भी नहीं रुकी प्रताड़ना

पीड़िता की मां ने बताया कि परिवार ने कुछ पैसे देने की कोशिश भी की थी। इसके बावजूद प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका। दहेज के लिए लगातार दबाव बनता रहा और बेटी की हालत बिगड़ती रही।



पांचों आरोपियों पर केस दर्ज

भानगढ़ थाना पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक (Assistant Sub-Inspector) जमना रजक के मुताबिक पीड़िता की शिकायत पर पति, सास, ससुर, देवर और देवरानी, पांचों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराएं शामिल बताई जा रही हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।



ये खबर भी पढ़िए...



अमरावती कांड : 180 युवतियां... 350 अश्लील वीडियो, दो आरोपी गिरफ्तार, AIMIM से भी कनेक्शन



इंदौर पुलिस लाइन में हेड कांस्टेबल का अश्लील वीडियो, लेकिन FIR नहीं, केवल अटैच किया



फिल्मी स्टाइल में चोरी, अंडरवियर में छिपाकर ब्रांडेड कपड़े चुराता था कर्मचारी, सीसीटीवी से खुला राज



शादीशुदा महिला के अंडरगारमेंट्स चुरा ले गया पड़ोसी, बोला- पड़ोसन से प्यार करता हूं



Tags:
  • मध्यप्रदेश
  • सागर
  • मुख्यमंत्री कन्यादान योजना
  • अश्लील वीडियो