एमपी के विपिन हत्याकांड में बड़ा खुलासा, पत्नी ने प्रेमी संग रची थी हत्या की साजिश
मध्य प्रदेश के चर्चित विपिन यादव हत्याकांड का तीन महीने बाद खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि विपिन की हत्या उसकी पत्नी आंचल ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने आंचल और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
तीन महीने बाद खुला हत्या का राज
इस घटना के बाद गांव के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। विपिन 26 मार्च को अपने ससुराल टीकर गांव गया था, लेकिन उसके बाद घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने 28 मार्च को रामपुर बघेलान थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। करीब तीन महीने तक चली जांच के बाद पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया।
पत्नी की कॉल डिटेल से हुआ शक
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो विपिन की पत्नी आंचल पर शक हुआ। कॉल डिटेल की जांच में सामने आया कि आंचल लंबे समय से सुनील कुशवाहा से बातचीत कर रही थी।इसके बाद पुलिस ने दोनों की गतिविधियों और बातचीत की गहराई से जांच शुरू की।
पुलिस ने विपिन की पत्नी आंचल और उसके प्रेमी सुनील कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा दो अन्य संदिग्धों संजीव बहेलिया और कुमार रजक की तलाश की जा रही है।पुलिस पूछताछ में सुनील ने विपिन की हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस ने कब्र की खुदाई कर विपिन का शव बरामद किया।
भाई बनकर विपिन के घर पहुंचा था प्रेमी
जानकारी के मुताबिक आंचल का प्रेमी सुनील, विपिन के घर पहुंचा था। आंचल ने अपने ससुराल वालों से उसका परिचय शिक्षक भाई के रूप में कराया था।शिक्षक भाई बनकर सुनील ने विपिन और उसके परिवार का विश्वास जीत लिया।
अगले दिन सुनील को अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर विपिन को उसके ससुराल टीकर गांव ले गया। वहां आरोपियों ने विपिन के साथ मारपीट की और उसे कुएं में धक्का दे दिया।विपिन की मौत के बाद उसके शव को कब्र में दफना दिया गया।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि विपिन यादव, आंचल और सुनील के रिश्ते के बीच रुकावट बन रहा था। इसी रुकावट को हटाने के लिए उसकी हत्या की साजिश रची गई।
अधिकांश परिवार खेती पर निर्भर
भगदेवरा ग्राम पंचायत के सरपंच ददई केवट ने बताया कि गांव की आबादी करीब 1,200 है। यहां पाल, यादव, दाहिया, कोल और कुशवाहा सहित कई समाजों के लोग रहते हैं। गांव के अधिकांश परिवार खेती पर निर्भर हैं।
सरपंच ने युवाओं से अपील की कि वे किसी एक घटना को देखकर शादी को लेकर फैसला न करें। शादी से पहले परिवार और रिश्ते की पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।
गांव के 70 प्रतिशत युवक अविवाहित
चकेरा ग्राम पंचायत के सचिव रामनिवास जायसवाल ने बताया कि गांव के करीब 70 प्रतिशत युवक अविवाहित हैं। हाल की इस घटना के बाद युवाओं और उनके परिवारों की चिंता बढ़ गई है।
सतना जिले के रामपुर बघेलान क्षेत्र के भगदेवरा गांव में इन दिनों अविवाहित युवक शादी करने से डर रहे हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद जिंदा रहने की कोई गारंटी नहीं है। युवकों के परिजनों को भी चिंता सता रही है कि कहीं शादी उनके बच्चों के लिए काल न बन जाए।इस डर की वजह गांव में हुई वह वारदात है, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
पत्नी ने कहा- रास्ते का कचरा साफ किया
मृतक विपिन के पिता ने बताया कि थाने में उन्होंने अपनी बहू आंचल से हत्या की वजह पूछी थी।आरोप है कि आंचल ने जवाब दिया, “मैंने रास्ते का कचरा साफ किया है। मैंने विपिन को कभी अपना पति नहीं माना।”
पुलिस पूछताछ में आंचल ने बताया कि वह सुनील कुशवाहा से प्यार करती थी। हालांकि परिवार के दबाव के कारण उसकी शादी विपिन यादव से कर दी गई थी।
मौत के बाद रोने और बेहोश होने का नाटक
विपिन की दादी तिजिया यादव का कहना है कि आंचल पर किसी को शक न हो, इसलिए वह परिवार के सामने रोने और बेहोश होने का नाटक करती थी।परिवार को शुरुआत में उसके व्यवहार पर कोई शक नहीं हुआ।विपिन के दादा पूरण यादव ने कहा कि जिस घर में वे अपने पोते की बारात लेकर गए थे, उसी घर से तीन महीने बाद उसकी अर्थी लौटी।
तीन महीने बाद परिजनों को सौंपी अस्थियां
पुलिस ने तीन महीने बाद विपिन के अस्थि अवशेष एक पोटली में बांधकर परिजनों को सौंप दिए।विपिन के परिजनों ने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को जमानत नहीं मिलनी चाहिए।
रामपुर बघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच तेज कर दी गई है। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में हत्या की साजिश और वारदात से जुड़े कई अहम तथ्य बताए हैं।पुलिस इस मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
ऐसे की गई विपिन की हत्या
तीन महीने (MP News) से लापता विपिन यादव की हत्या के मामले में जांच के दौरान सामने आया कि उसकी हत्या ससुराल में की गई थी।आरोपियों ने पहले विपिन का गला घोंटा और इसके बाद उसके शव को कुएं में फेंक दिया। बाद में शव को निकालकर दफना दिया गया।
पुलिस के मुताबिक (satna news) विपिन की हत्या की साजिश उसकी पत्नी आंचल और उसके प्रेमी सुनील ने मिलकर रची थी। हत्या के बाद शव को दफना दिया गया।इसके बाद सालगिरह के दिन विपिन की अस्थियां गंगा में विसर्जित कर दी गईं।
ये भी पढ़ें..
पति-पत्नी के रिश्तों का बन रहा क्रिमिनल ग्राफ: सोनम से सिया तक... क्यों बढ़ा खूनी खौफ?
केतन अग्रवाल मौत में बड़ा खुलासा: मंगेतर ने ही दोस्त के साथ मिलकर रची मौत की साजिश
सोनम रघुवंशी केस में तारीख बढ़ी, राजा के भाई ने कहा- सोनम से सीखकर पतियों को मार रही हैं महिलाएं
सोनम रघुवंशी की जमानत रहेगी जारी, सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाने से किया इनकार, मांगे दस्तावेज