एमपी में SP बंगले के पास युवक की हत्या, पांच लोगों ने घेरकर पीटा, फिर पीठ में चाकू घोंपा, बेटा बोला-पापा को...
अपनी जान बचाने के लिए लईक इधर उधर भागता रहा, लेकिन हमलावरों ने उसे नहीं छोड़ा। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। इसमें आरोपी युवक को पीटते और चाकू मारते साफ नजर आ रहे हैं।
बीच बचाव करने गया था लईक
लईक के पिता के मुताबिक पड़ोस में किसी ने नया गेट निकाल लिया था। इसी बात को लेकर वहां कहासुनी चल रही थी। लईक वहां सिर्फ बीच बचाव करने के लिए पहुंचा था, लेकिन वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसे ही पकड़ लिया। परिजनों का कहना है कि पहले से कोई इतना बड़ा झगड़ा नहीं था। आरोपियों ने मामूली सी बात को बहुत बड़ा बना दिया। शुरुआती जानकारी में यह बात भी सामने आई है कि यह विवाद मस्जिद कमेटी के मकान निर्माण से जुड़ा हुआ था।
मां बोली मेरे लड़के को मार डाला
हमले के बाद लईक सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में गिर पड़ा और वहां चारों तरफ खून ही खून फैल गया था। गंभीर हालत में उनसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद लईक को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार घटना के समय लईक की मां ग्वालियर गई हुई थीं। जैसे ही अस्पताल से मौत की खबर मिली बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए। वहां भारी तनाव का माहौल बन गया और लईक की मां रोते हुए बस यही कहती रहीं कि मेरे लड़के को मार डाला।
बेटे ने बताए पांचों आरोपियों के नाम
लईक के बेटे ने इस हत्याकांड में पांच लोगों के नाम पुलिस को बताए हैं। इनमें भैया, अयान, बड्डू खां, नौशाद और सलीम शामिल हैं। बेटे का आरोप है कि इन पांचों ने मिलकर पिता को घेरा था। इनमें से दो लोगों ने हाथ पकड़े। दो लोगों ने हाथ मुक्कों से पिटाई की और इसी दौरान पीठ में चाकू घोंप दिया गया।
लईक की बड़ी अम्मी ने भी बड्डू और सलीम के बेटे पर चाकू मारने का आरोप लगाया है। बेटे ने यह भी बताया कि ये आरोपी पहले भी मंडी और चौराहे पर शराब पीकर हंगामा और लोगों से मारपीट करते रहे हैं।
बड़े अब्बा ने बताई विवाद की वजह
लईक के बड़े अब्बा ने बताया कि वे करीब 25 साल से लईक की देखभाल करते आए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि मकान के अतिक्रमण को लेकर उनका खुद भी पहले विवाद हुआ था। हालांकि उनके मुताबिक फिलहाल कोई बड़ा झगड़ा नहीं चल रहा था। बुधवार को पड़ोस में गेट निकालने की बात पर ही कहासुनी शुरू हुई थी।
सीएसपी बोले- जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी
वारदात की सूचना मिलते ही मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सबूत के तौर पर मर्डर स्पॉट से खून के थक्के उठाए हैं। सीएसपी अभिनंदना शर्मा (CSP Abhinandana Sharma) ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि माता मंदिर के पास रहने वाले लईक कुरैशी का तीन चार लोगों से विवाद हुआ था। इसमें छुरी लगने से उनकी मौत हो गई।
सीएसपी के अनुसार परिजनों से बात करने पर पता चला है कि दोनों पक्षों में पुराना विवाद चल रहा था। बुधवार को आवेश में आकर यह घटना हो गई।