सिवनी पुलिस वसूली कांड में बड़ा एक्शन: TI समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, कपल के बैग में गांजा रखकर फंसाने की कथित धमकी कैमरे में कैद

Neel Tiwari | Published:
सिवनी पुलिस पर होटल से वसूली का आरोप, TI समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड
मध्यप्रदेश के सिवनी में होटल संचालक से हर महीने 50 हजार रुपए की कथित वसूली का मामला गरमा गया है। होटल में लगे छिपे कैमरे में पुलिस अधिकारियों की बातचीत रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है। वीडियो में कपल के बैग में गांजा रखकर फंसाने की कथित धमकी सुनाई दे रही है। वीडियो वायरल होने के बाद आईजी ने TI समेत चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।

सिवनी पुलिस वसूली कांड में TI समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड

जिस पुलिस पर लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उसी के अधिकारियों पर अब वसूली और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। मध्यप्रदेश के सिवनी में पुलिस की कथित वसूली का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे विभाग में हलचल मचा दी है।



आरोप है कि पुलिस अधिकारी एक होटल संचालक से हर महीने 50 हजार रुपए मांग रहे थे। पैसे नहीं देने पर होटल बंद कराने का दबाव बनाया जा रहा था। इतना ही नहीं, होटल में आए एक युवक और युवती के बैग में गांजा रखकर फंसाने की कथित धमकी भी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।



वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस विभाग को कार्रवाई करनी पड़ी। जबलपुर रेंज के आईजी प्रमोद वर्मा ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी समेत चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। वहीं, दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच भी शुरू कर दी गई है।




होटल संचालक से हर महीने 50 रुपए मांगने का आरोप

पूरा मामला सिवनी जिले के डूंडासिवनी थाना क्षेत्र में बावरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का है। होटल संचालक संजय सनोडिया और होटल को किराए पर लेकर चलाने वाले यश मेश्राम ने पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।



उनका कहना है कि पुलिस अधिकारी होटल चलाने के बदले हर महीने 50 हजार रुपए मांग रहे थे। आरोपों में एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और कोतवाली टीआई सतीश तिवारी के नाम सामने आए हैं।



होटल संचालक के मुताबिक, पैसे नहीं देने पर पुलिसकर्मी लगातार होटल पहुंचकर परेशान कर रहे थे। आरोप है कि 7, 8 और 9 अक्टूबर को लगातार तीन दिनों तक पुलिसकर्मी होटल पहुंचे। इस दौरान तलाशी ली गई और होटल बंद कराने की धमकी भी दी गई।




पुलिसकर्मी DVR ले जाते थे, इसलिए होटल में लगाया छिपा कैमरा

होटल संचालक का दावा है कि जब भी पुलिसकर्मी होटल में कार्रवाई करने पहुंचते थे, तब मुख्य सीसीटीवी कैमरों का DVR अपने साथ ले जाते थे। इससे होटल में हुई कार्रवाई की रिकॉर्डिंग उनके पास नहीं बचती थी।



बार-बार हो रही इस परेशानी के बाद होटल संचालक ने गुप्त रूप से एक कैमरा लगवा दिया। दावा है कि इसी छिपा कैमरा में पुलिस अधिकारियों की बातचीत रिकॉर्ड हुई।



करीब 1 मिनट 15 सेकंड का यह वीडियो 13 नवंबर की शाम का बताया जा रहा है। 17 नवंबर को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें ASP दीपक मिश्रा, SDOP चंचलेश मरकाम और TI सतीश तिवारी दिखाई देने का दावा किया गया है।




कपल के बैग में गांजा रखने की कथित धमकी से मचा हड़कंप

वायरल वीडियो में होटल के रिसेप्शन पर एक युवक और युवती से पूछताछ होती दिखाई देती है। दोनों खुद को बालिग बताते हैं और शादी करने की बात कहते हैं।



इस दौरान ASP दीपक मिश्रा कथित तौर पर दोनों को अपने माता-पिता को बुलाने के लिए कहते हैं। बातचीत के बीच टीआई सतीश तिवारी भी यह कहते सुनाई देते हैं कि दोनों एक ही जाति के हैं और शादी करने वाले हैं।



सिवनी पुलिस पर होटल से वसूली का आरोप, TI समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड

इसके बाद जब युवती अपना मोबाइल खोलकर माता-पिता को फोन करने के लिए तैयार नहीं होती, तो वीडियो में ASP कथित तौर पर कहते सुनाई देते हैं, चलो इनके बैग में गांजा रख दो। इस लड़के के बैग में गांजा रख दो।



इस बातचीत के सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या युवक को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही थी? हालांकि, वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



वीडियो वायरल होने के बाद IG का एक्शन, चार पुलिसकर्मी निलंबित

वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा। जबलपुर रेंज के आईजी प्रमोद वर्मा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली टीआई सतीश तिवारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।



वहीं, एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी चंचलेश मरकाम की भूमिका की जांच छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी को सौंपी गई है। इससे पहले सिवनी एसपी कृष्ण लालचंदानी ने टीआई सतीश तिवारी को लाइन अटैच करने की कार्रवाई की थी।



अब विभागीय जांच में यह पता लगाया जाएगा कि होटल संचालक से कथित वसूली की मांग किसने की थी और युवक-युवती को फंसाने की धमकी देने के आरोपों में कितनी सच्चाई है।



ASP ने वीडियो को बताया एआई जनरेटेड

इस मामले में एक और बड़ा सवाल वीडियो की सत्यता को लेकर खड़ा हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा ने वायरल वीडियो को एआई जनरेटेड बताते हुए फर्जी करार दिया है।




दूसरी ओर होटल संचालक का दावा है कि यह वीडियो उनके होटल में लगाए गए छिपे कैमरे से रिकॉर्ड हुआ है।



अब जांच में वीडियो की मूल रिकॉर्डिंग और उसकी तकनीकी सत्यता की जांच महत्वपूर्ण होगी। इससे स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो असली है या उसमें किसी तरह की छेड़छाड़ की गई है।



एक साल पहले भी सिवनी पुलिस पर लगे थे डेढ़ करोड़ की हेराफेरी के आरोप

सिवनी पुलिस से जुड़ा यह पहला बड़ा विवाद नहीं है। अक्टूबर 2025 में भी जिले में हवाला की रकम से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया था।



8 और 9 अक्टूबर 2025 की दरमियानी रात पुलिस ने एक वाहन से करीब 2.96 करोड़ रुपए पकड़े थे। आरोप लगा था कि पुलिसकर्मियों ने इसमें से लगभग 1.45 करोड़ रुपए की रकम का हिसाब सरकारी रिकॉर्ड में नहीं दिखाया।



इस मामले में तत्कालीन बंडोल थाना प्रभारी अर्पित भैरम समेत नौ पुलिसकर्मियों को आईजी प्रमोद वर्मा ने निलंबित किया था। बाद में डीजीपी कैलाश मकवाना ने तत्कालीन एसडीओपी पूजा पांडेय को भी निलंबित कर दिया था।



इस तरह कुल दस पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई हुई थी। बाद में संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया गया था।



अब सवाल- क्या सिर्फ सस्पेंशन से खत्म होगा मामला?

एक साल के भीतर सिवनी पुलिस से जुड़े दो बड़े मामलों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले हवाला की रकम में कथित हेराफेरी और अब होटल संचालक से हर महीने 50 हजार रुपए की वसूली के आरोप चर्चा में हैं।



ताजा मामले में चार पुलिसकर्मियों का निलंबन हो चुका है, लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका पर जांच अभी बाकी है।



अब सभी की नजर छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी की जांच रिपोर्ट पर टिकी है। जांच में यह भी स्पष्ट होना बाकी है कि वायरल वीडियो की सच्चाई क्या है और होटल संचालक की ओर से लगाए गए आरोपों में कितना दम है।



सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर वसूली और झूठे केस में फंसाने की धमकी के आरोप सही साबित होते हैं, तो क्या कार्रवाई सिर्फ निलंबन तक सीमित रहेगी या जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आपराधिक मामला भी दर्ज किया जाएगा?

Tags:
  • निलंबन
  • होटल सिद्धार्थ
  • डूंडासिवनी थाना
  • वसूली कांड
  • दीपक मिश्रा
  • चंचलेश मरकाम
  • कोतवाली टीआई सतीश तिवारी
  • CCTV
  • AI