प्यार के बदले तालिबानी सजा, युवक को अर्धनग्न कर पीटा, जख्मों पर नमक-मिर्च लगाया
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां डूंडा सिवनी थाना क्षेत्र में एक युवक को अर्धनग्न कर बेरहमी से पीटा गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। युवक को बेरहमी से पीटा
वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई। जांच शुरू कर दी गई है और अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
घटना कब हुई थी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह घटना 11 या 12 जून की है। लेकिन इसका वीडियो करीब एक महीने बाद सामने आया है। वीडियो वायरल होते ही इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने बताया कि इतने दिनों तक यह मामला दबा रहा। किसी ने भी शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने खुद संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू की।
कौन है पीड़ित युवक
पुलिस के अनुसार पीड़ित की पहचान कान्हीवाड़ा निवासी शोहेल खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका एक युवती से प्रेम संबंध था।
यह बात जब युवती के परिजनों को पता चली, तो उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर योजना बनाई। इसके बाद युवक को डूंडा सिवनी थाना क्षेत्र के खेरीटेक के पास एक खेत में ले जाया गया।
खेत में ले जाकर पीटा
आरोपियों ने युवक को खेत में ले जाकर पहले निर्वस्त्र किया। इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया।
यह वीडियो लंबे समय तक किसी के पास सुरक्षित रहा। करीब एक महीने बाद यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिसके बाद पूरा मामला सार्वजनिक हुआ।
अब तक तीन गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लाल चंदानी ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वीडियो के आधार पर अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम मंजीत रैकवार, शुभ चौरे और अभिषेक उइके हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। उनकी जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पीड़ित फिलहाल नागपुर में
पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक फिलहाल नागपुर में है। पुलिस ने उससे संपर्क कर लिया है। उम्मीद है कि वह जल्द सिवनी पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएगा।
शिकायत मिलने के बाद ही आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। इसके बाद कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
वीडियो वायरल करने वालों पर भी नजर
पुलिस ने साफ किया है कि सिर्फ मारपीट करने वालों पर ही कार्रवाई नहीं होगी। जांच के दौरान अगर वीडियो बनाने और उसे शेयर करने में किसी की भूमिका सामने आती है, तो उन पर भी संबंधित धाराएं जोड़ी जाएंगी।
पीड़ित की गरिमा को ठेस पहुंचाने के मामले में भी सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस इस पहलू को गंभीरता से देख रही है।
ये खबरें भी पढ़िए...
उज्जैन में महिला को अर्धनग्न कर गांव में घुमाया, कपड़े फाड़े, बाल काटे, 11 पर FIR
एमपी न्यूज: बजरंग दल का पदाधिकारी बन हिंदू लड़कियों को फंसाता था फरहान, ऐसे खुली पोल
क्राइम न्यूज शर्मनाक! बस में दिखा रहा था प्राईवेट पार्ट, फिर लड़की ने जो किया वो...
सिया-सोनम के बाद एक और कातिल दुल्हन, शादी से तीन दिन पहले मंगेतर की कर दी हत्या