शहडोल का शातिर चोर, 108 एम्बुलेंस को बनाया फ्री टैक्सी, ऐसे खुला मुन्नाभाई का राज

Anjali Dwivedi | Apr 26, 2026, 16:10 IST
Shahdol Police Arrest Thief Using Ambulance Taxi
शहडोल में एक अनोखा चोर पकड़ा गया जो 108 एम्बुलेंस को फ्री टैक्सी की तरह इस्तेमाल करता था। आरोपी ने अस्पताल से एएनएम की स्कूटी चुराई, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से उसे दबोच लिया।

मध्य प्रदेश के शहडोल के धनपुरी से एक बहुत ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शातिर चोर के काम करने का तरीका मुन्नाभाई MBBS फिल्म जैसा निराला था। वह पुलिस से बचने के लिए सरकारी तंत्र का ही बखूबी इस्तेमाल करता था।



यह शातिर अपराधी 108 एम्बुलेंस को अपनी निजी फ्री टैक्सी बना चुका था। सफर पूरा होते ही वह अपनी लग्जरी लाइफ के लिए गाड़ियां चुरा लेता था। शहडोल पुलिस ने अब इस शातिर मुन्नाभाई को जेल भेज दिया है। आइए जानते हैं इस अनोखी चोरी और उसके पकड़े जाने की कहानी।



क्या है पूरा मामला

घटना की शुरुआत 22 अप्रैल बुधवार को हुई। जैतपुर थाना क्षेत्र के खामीडोल निवासी रामानंद तिवारी ने एक सोची-समझी साजिश रची। उसने 108 एम्बुलेंस को कॉल किया और खुद के एक्सीडेंट होने और गंभीर रूप से घायल होने की झूठी सूचना दी।



आरोपी शातिर इतना था कि उसने एम्बुलेंस कर्मियों पर दबाव बनाया कि उसे केवल धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ही ले जाया जाए। उसने तर्क दिया कि वहां के डॉक्टर अभिषेक मिश्रा ही उसका सही इलाज कर सकते हैं। अस्पताल पहुंचते ही उसने स्ट्रेचर से उतरकर लंगड़ाते हुए अंदर प्रवेश किया, ताकि किसी को जरा भी शक न हो।



CCTV ने खोला राज

अस्पताल के अंदर पहुंचकर उसका मरीज वाला रूप गायब हो गया। जैसे ही उसे मौका मिला, उसने वहां तैनात ANM संगीता सिंह की स्कूटी की चाबी उठाई और वाहन लेकर रफूचक्कर हो गया। जब एएनएम को अपनी स्कूटी नहीं मिली, तो हड़कंप मच गया।



पुलिस ने जब अस्पताल के CCTV फुटेज खंगाले, तो उन्हें वही लंगड़ा मरीज संदिग्ध नजर आया। धनपुरी पुलिस ने तुरंत मुखबिरों का जाल बिछाया और घेराबंदी कर रामानंद को तब पकड़ा जब वह चोरी की स्कूटी बेचने की कोशिश कर रहा था।



पूछताछ के दौरान आरोपी ने जो खुलासे किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी रामानंद कभी भी डायल 100 या 112 को कॉल नहीं करता था, क्योंकि उसे डर था कि पुलिस उसे पहचान लेगी।



वह चोरी के मोबाइल फोन का उपयोग कर 108 एम्बुलेंस बुलाता था। उसके लिए एम्बुलेंस एक ऐसा साधन थी, जिससे वह मुफ्त में एक शहर से दूसरे शहर जा सकता था और कोई उसे रोकता भी नहीं था।



लग्जरी लाइफ के लिए चुराता था गाड़ियां

इस चोर का गाड़ियां चुराने का मकसद उन्हें बेचना नहीं, बल्कि अपना शौक पूरा करना था। वह गाड़ियां तब तक चलाता था जब तक उनमें पेट्रोल रहता था। जैसे ही पेट्रोल खत्म होता, वह गाड़ी वहीं सड़क किनारे छोड़ देता और दूसरी गाड़ी की तलाश में जुट जाता।



हद तो तब हो गई जब उसने बताया कि एक बार वह संगम स्नान के लिए प्रयागराज गया था। वहां से वापस आने के लिए कोई साधन नहीं मिला, तो उसने एक बाइक चोरी की और उसे चलाकर शहडोल तक ले आया।



धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने बताया कि आरोपी रामानंद तिवारी एक आदतन अपराधी है। उस पर पहले से ही धोखाधड़ी और वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने चोरी की स्कूटी जब्त कर ली है और आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। जिले के अन्य थानों को भी इस गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है ताकि अन्य अनसुलझे मामलों की कड़ियां जोड़ी जा सकें।



ये खबरें भी पढ़ें...



अस्पताल का अटेंडर बना मुन्ना भाई पैसे के चक्कर में कर दी महिला की ब्रेस्ट सर्जरी



झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से युवक की मौत, इंजेक्शन लगाते ही युवक की गई जान



एमपी न्यूज: 32 पाकिस्तानी डॉक्टर कर रहे इलाज, कलेक्टर को नाम के साथ हुई शिकायत



बरसों से चल रहे थे ड्यूटी से गायब, अब सरकार लेगी 697 गायब डॉक्टरों के खिलाफ एक्शन



Tags:
  • मध्य प्रदेश
  • शहडोल
  • धोखाधड़ी
  • आदतन अपराधी
  • 108 एम्बुलेंस
  • CCTV फुटेज