शहपुरा ओवरब्रिज ने विधायक को रुलाया! एक घंटे जाम में फंसे अजय विश्नोई, सरकार पर भड़के

Neel Tiwari | Published:
जबलपुर से भोपाल जाते समय शहपुरा रेलवे फाटक पर करीब एक घंटे जाम में फंसे भाजपा विधायक अजय विश्नोई।
BJP MLA and former minister Ajay Vishnoi expresses anger over the delay in repairing the damaged Shahpura railway overbridge after being stuck in a traffic jam for nearly an hour while travelling from Jabalpur to Bhopal.
अपनी ही सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वाले भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई एक बार फिर नाराज नजर आए। इस बार उनकी नाराजगी की वजह बना जबलपुर का शहपुरा रेलवे फाटक, जहां भोपाल जाते समय उन्हें करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा। लंबे समय से क्षतिग्रस्त ओवरब्रिज के कारण हो रही परेशानी पर विश्नोई का गुस्सा सोशल मीडिया पर फूट पड़ा।

अजय विश्नोई ने साधा अपनी सरकार निशाना

अजय विश्नोई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्वीटर पर अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने तीखे लहजे में लिखा कि पता नहीं, शहपुरा-भोपाल मार्ग की सड़क का ओवरब्रिज और कब तक रुलाएगा। जवाब देने वाला भी कोई नहीं है। गैर-जिम्मेदारी की हद हो गई है।



बीजेपी विधायक अजय विश्नोई ने अपनी सरकार पर बोला हमला

क्या है शहपुरा ओवरब्रिज का पूरा विवाद और इतिहास?

जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग-45 (NH-45) पर स्थित शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज लंबे समय से बदहाली और सरकारी लेटलतीफी का शिकार है। करोड़ों रुपये की लागत से बने इस महत्वपूर्ण पुल का एक बड़ा हिस्सा 22 फरवरी 2026 को अचानक धंसकर क्षतिग्रस्त हो गया था। गनीमत रही कि उस समय मरम्मत कार्य के चलते उस हिस्से पर आवागमन बंद था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।



पुल का हिस्सा गिरने के बाद से इस व्यस्ततम हाईवे पर यातायात पूरी तरह चरमरा गया है। रेलवे की एनओसी (NOC) और तकनीकी प्रक्रियाओं के फेर में पुल के नए निर्माण और मरम्मत का काम महीनों से अटका पड़ा है, जिसका खामियाजा रोजाना हजारों यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।



डायवर्जन बना जानलेवा, पाटन की सड़कें भी हुईं बर्बाद

ओवरब्रिज बंद होने के कारण भोपाल-जबलपुर हाईवे के भारी वाहनों को शहपुरा रेलवे फाटक और पाटन के स्थानीय वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जा रहा है। इससे रेलवे फाटक पर घंटों लंबा जाम लगना आम बात हो गई है। इससे पहले जुलाई 2026 में भी अजय विश्नोई ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरा था।



तब उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा था कि शहपुरा पुल न बन पाने से सारा हेवी ट्रैफिक पाटन होकर गुजर रहा है, जिससे पाटन-जबलपुर सड़क का सत्यानाश हो गया है और आए दिन सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलकर भी इस समस्या के समाधान की मांग की थी, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।



पहले भी कई मुद्दों पर अपनी ही सरकार को घेर चुके हैं विश्नोई

यह पहला मौका नहीं है जब वरिष्ठ भाजपा विधायक अजय विश्नोई ने अपनी ही पार्टी की सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हों। पिछले महीने ही उन्होंने जबलपुर में प्रस्तावित औद्योगिक कॉरिडोर को लेकर तंज कसते हुए कहा था कि काश, छोटे जनप्रतिनिधियों को भी योजना की जानकारी दे दी जाती।



इसके अलावा, वे शराब ठेकेदारों के आगे सरकारी तंत्र के नतमस्तक होने का आरोप लगाने से लेकर मंत्रिमंडल विस्तार में महाकौशल और विंध्य की उपेक्षा (फड़फड़ा सकते हैं, उड़ नहीं सकते) जैसे बयानों से भी सियासी गलियारों में हलचल मचाते रहे हैं। अब खुद जाम में फंसने के बाद उनकी इस पोस्ट ने प्रशासनिक सुस्ती की पोल खोल दी है और विपक्ष को भी सरकार पर हमला करने का नया हथियार दे दिया है।

Tags:
  • शहपुरा ओवरब्रिज
  • जबलपुर भोपाल हाईवे
  • अजय विश्नोई
  • Shahpura overbridge
  • शहपुरा रेलवे फाटक जाम
  • Jabalpur Bhopal highway
  • Shahpura railway overbridge collapse
  • Ajay Vishnoi MLA