इंदौर में कांग्रेस नेता सांसद शशि थरूर की संघ के सह सरकार्यवाह सुरेश सोनी से गुप्त मुलाकात
दरअसल कांग्रेस नेता शशि थरूर (Shashi Tharoor) दो दिन पहले सोमवार को इंदौर आए थे। वे डेली कॉलेज बिजनेस स्कूल में कैंसर जागरूकता से जुड़े एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे वहां से निकल गए, लेकिन कुछ देर बाद दूसरे गेट से दोबारा अंदर आए। इसके बाद वे उसी परिसर में पहुंचे, जहां आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक चल रही थी। बता दें कि यह दोनों कार्यक्रम डेली कॉलेज बिजनेस स्कूल परिसर में ही हो रहे थे।
सुरेश सोनी से हुई लंबी मुलाकात
आरएसएस की बैठक वाली जगह पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चारों तरफ सुरक्षा गार्ड तैनात हैं। यहां सिर्फ उन्हीं लोगों को अंदर जाने दिया जा रहा है, जिनका कार्यक्रम पहले से तय है या जिन्हें आने की अनुमति मिली है। शशि थरूर भी इंदौर के एक अन्य व्यक्ति के साथ संघ के पदाधिकारियों से मिलने पहुंचे थे। हालांकि संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत का पूरे दिन का कार्यक्रम पहले से तय था। इस वजह से थरूर की उनसे मुलाकात नहीं हो सकी।
हालांकि पुख्ता सूत्रों के मुताबिक थरूर की संघ के सह सरकार्यवाह सुरेश सोनी से मुलाकात हुई। दोनों के बीच बहुत देर तक चर्चा चली। यह बातचीत बंद कमरे में नहीं बल्कि खुले बैठक कक्ष में हुई। इस दौरान वहां कोई दूसरा व्यक्ति मौजूद नहीं था।
थरूर को लेकर लगातार चलती हैं अटकलें
शशि थरूर के विचार कई बार पार्टी लाइन से अलग होते हैं। ऐसे में उन्हें लेकर लगातार यह खबरें आती हैं कि वह बीजेपी में जा सकते हैं। हालांकि थरूर लगातार इन खबरों का खंडन करते रहे हैं। साथ ही बीजेपी पर उन्होंने राजनीतिक हमले भी किए हैं। शशि थरूर को संसद की विदेश मामलों की स्थायी समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। शशि थरूर को आतंकवाद जैसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भारत का रुख स्पष्ट करने के लिए विदेश जाने वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का प्रमुख भी नामित किया गया था।
कौन हैं शशि थरूर?
शशि थरूर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और केरल की तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से लगातार चार बार चुनाव जीतकर सांसद बने हैं। वे कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) के सदस्य भी हैं। राजनीति के अलावा थरूर को लिखने का भी शौक है। वे कई किताबें लिख चुके हैं और अखबारों में लेख भी लिखते हैं। अपनी शानदार अंग्रेजी और बेबाक बयानों की वजह से वे अक्सर सुर्खियों में रहते हैं।