KBC फेम तहसीलदार अमिता सिंह तोमर गिरफ्तार, श्योपुर बाढ़ घोटाले में हुई कार्रवाई
श्योपुर जिले में साल 2021 की बाढ़ में आई राहत राशि में भारी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। इस घोटाले के मास्टरमाइंड के रूप में तहसीलदार अमिता सिंह तोमर का नाम सामने आया। पुलिस ने उन्हें ग्वालियर से गिरफ्तार किया है, जहां वह छिपकर रह रही थीं। इस घोटाले में करीब ढाई करोड़ रुपए का फर्जीवाड़ा किया गया, जिससे बाढ़ पीड़ितों को राहत नहीं मिल पाई।
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि तहसीलदार अमिता सिंह पहली बार कौन बनेगा करोड़पति से चर्चा में आई थी। साल 2011 में उन्होंने KBC में महानायक अमिताभ बच्चन के 14 सवालों के सहीं जवाब देकर 50 लाख रुपए जीते थे।
ऐसे हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा
जांच में यह पता चला कि अमिता सिंह तोमर और उनके सहयोगियों ने बाढ़ पीड़ितों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक कई अपात्र और काल्पनिक नामों पर मुआवजा राशि जारी कर दी गई थी। असल में जिन लोगों को राहत मिलनी चाहिए थी, वे वंचित रह गए। इस फर्जीवाड़े से सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ।
जांच और गिरफ्तारी
इस घोटाले की जांच बड़ौदा थाने के अपराध क्रमांक 439/23 के तहत की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की कई धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्रवाई की। जांच के दौरान पुलिस ने कई महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए, जिसके बाद अमिता सिंह तोमर को गिरफ्तार किया गया।
विजयपुर से हटते ही गिरफ्तारी
अमिता सिंह तोमर को विजयपुर तहसीलदार के पद से हटा दिया गया था और अगले ही दिन उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी तब हुई जब पुलिस को यह जानकारी मिली कि वह ग्वालियर में छिपी हुई हैं। अब उन्हें श्योपुर लाकर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
घोटाले में शामिल अन्य लोगों पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने इस घोटाले में शामिल अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की बात की है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी आरोपी जल्द से जल्द कानून के कटघरे में हों। पुलिस ने यह भी बताया कि इस घोटाले के मुख्य आरोपियों के खिलाफ और भी जांच चल रही है।
बाढ़ पीड़ितों के हक की हिफाजत
इस घोटाले का मुख्य उद्देश्य बाढ़ पीड़ितों के हक को छीनना था। राहत राशि का सही तरीके से वितरण न होने से कई लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ा। सरकार ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
2011 के केबीसी से सेलिब्रिटी बन गईं थीं तहसीलदार
अमिता सिंह तोमर साल 2011 में केबीसी के पांचवें सीजन (Season 5) में शामिल हुई थीं। उन्होंने अपनी शानदार बुद्धिमत्ता और ज्ञान का प्रदर्शन करते हुए इस गेम शो में ₹50 लाख की बड़ी इनामी राशि जीती थी।
अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर उन्होंने जिस तरह से 14 कठिन सवालों के जवाब दिए थे, उसने उन्हें रातों-रात पूरे देश और खासकर मध्य प्रदेश में एक सेलिब्रिटी बना दिया था। उस समय उनकी सादगी और एक प्रशासनिक अधिकारी के तौर पर उपलब्धियों की काफी सराहना हुई थी। लेकिन अब घोटालों में नाम आने व गिरफ्तारी से तहसीलदार फिर एकबार चर्चा में है।
यह खबरें भी पढ़ें...
KBC फेम तहसीलदार अमिता सिंह तोमर पर गिरफ्तारी की तलवार: अमिताभ बच्चन ने दिया था 50 लाख का चेक
फेसबुक पोस्ट से विवादों में घिर गईं KBC में 50 लाख जीतने वालीं MP की अफसर अमिता सिंह
KBC में सही जवाब देकर 50 लाख जीतने वाली तहसीलदार अमिता सिंह तोमर ने अब किए सवाल
महानगरों को छोड़ ठंडा रहा एमपी का प्रापर्टी मार्केट, 13 हजार 920 करोड़ था टारगेट, मिले सिर्फ 11 हजार 854 करोड़
महिला तहसीलदार अमिता सिंह तोमर