शिवपुरी बनेगा डिफेंस हब, CM मोहन आज करेंगे अदाणी डिफेंस प्लांट का शिलान्यास
समझें क्या है पूरा मामला...
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 5 जुलाई को शिवपुरी जाएंगे।
- सीएम अडानी समूह के डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास करेंगे।
- यह प्लांट करीब दो हजार 500 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा।
- केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे।
- इस प्लांट से शिवपुरी में हजारों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
बता दें कि यह बड़ा प्रोजेक्ट नेशनल हाईवे 27 और नेशनल हाईवे 46 के जंक्शन के पास है। अडानी समूह यहां अत्याधुनिक डिफेंस फैक्ट्री बना रहा है। यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़ी है।
शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया 211 करोड़ 29 लाख रुपए के अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण करेंगे। इससे शिवपुरी को एक साथ कई सौगातें मिलेंगी।
क्यों खास है यह जगह
कोलारस का यह इलाका पहले टमाटर की खेती के लिए जाना जाता था। अब यही जगह देश के बड़े डिफेंस हब में बदलने जा रही है। यह प्लांट एनएच-27 यानी कोटा-झांसी हाईवे और एनएच-46 यानी ग्वालियर-बैतूल हाईवे के क्रॉसओवर पर बन रहा है।
इस लोकेशन से रक्षा उत्पादों और भारी सैन्य वाहनों को देशभर में तेजी से भेजा जा सकेगा। कोटा और ग्वालियर हाईवे पर होने के कारण सामान सीधे सेना के डिपो तक पहुंच सकेगा।
प्लांट में क्या बनेगा
जानकारी के अनुसार अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के इस प्लांट में कई तरह के सैन्य उपकरण बनेंगे। यहां सेना और सुरक्षा बलों के लिए छोटे हथियार यानी स्मॉल आर्म्स तैयार होंगे।
इसके अलावा असॉल्ट राइफलें, लाइट मशीन गन और स्नाइपर राइफल भी बनाई जाएंगी। पुलिस और स्पेशल फोर्स के लिए पिस्तौल और सब-मशीन गन भी यहां तैयार होंगी।
प्लांट का एक बड़ा हिस्सा गोला-बारूद बनाने के लिए भी होगा। यहां 5.56mm, 7.62mm और 9mm के कारतूस बड़े पैमाने पर बनाए जाएंगे।
साथ ही सैन्य वाहनों और ग्रेनेड लॉन्चर के लिए भारी गोले भी बनेंगे। कंपनी निगरानी ड्रोन यानी यूएवी (UAV – Unmanned Aerial Vehicle) और ड्रोन को रोकने वाली तकनीक पर भी काम कर सकती है।
आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल
इस फैक्ट्री में बनने वाले सभी हथियार नाटो के सख्त सैन्य मानकों पर परखे जाएंगे। हथियारों की फिनिशिंग और जांच में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित रोबोटिक्स का इस्तेमाल होगा। यह इंडस्ट्री 4.0 तकनीक पर आधारित होगा।
रोजगार के कितने मौके मिलेंगे
प्रशासन का दावा है कि इस प्लांट से दो हजार से ज्यादा रोजगार मिलेंगे। इसके अलावा 10 हजार से ज्यादा लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से काम मिल सकता है।
शिवपुरी के करीब दो हजार आईटीआई और डिप्लोमा धारक युवाओं को सीधे मौका मिलने की उम्मीद है। साथ ही क्षेत्र के छोटे और मध्यम उद्योगों यानी एमएसएमई को भी रक्षा सप्लाई चेन से जुड़ने का मौका मिलेगा।
शिवपुरी के लिए क्या बदलेगा
इस प्लांट से पहले कृषि पर निर्भर शिवपुरी अब औद्योगिक पहचान बना सकता है। स्थानीय अर्थव्यवस्था, बुनियादी ढांचे और कौशल विकास को भी रफ्तार मिलेगी। सरकार का मानना है कि यह प्रोजेक्ट क्षेत्र के विकास में बड़ी भूमिका निभाएगा।
सीएम मोहन यादव का आज का कार्यक्रम
सीएम मोहन यादव का दौरा इस प्रकार है...
रविवार 5 जुलाई को मुख्यमंत्री मोहन यादव ग्वालियर और शिवपुरी के दौरे पर रहेंगे। सुबह 10:30 बजे सीएम एडीजी इंटेलीजेंस और आयुक्त जनसंपर्क के साथ ब्रीफिंग करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 से 11:45 बजे के बीच सीएम भोपाल स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे।
वहां से स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद सीएम दोपहर 1 बजे स्टेट हैंगर पहुंचेंगे और 1:25 बजे ग्वालियर के लिए रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर 2:10 बजे ग्वालियर पहुंचने के बाद 2:20 बजे शिवपुरी के लिए उड़ान भरेंगे और 2:50 बजे शिवपुरी एयरस्ट्रिप पहुंचेंगे।
इसके बाद सीएम पोलो ग्राउंड जाएंगे, जहां अदाणी डिफेंस यूनिट का भूमिपूजन करेंगे और विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे।
कार्यक्रम खत्म होने के बाद सीएम मोहन शाम 4:30 बजे एयरस्ट्रिप पहुंचेंगे और 4:50 बजे ग्वालियर लौटेंगे। वहां से शाम 5:30 बजे सीएम भोपाल रवाना होंगे और 6:15 बजे स्टेट हैंगर पहुंचेंगे। इसके बाद सीएम मोहन यादव अपने निवास के लिए रवाना होंगे और शाम 6:30 बजे निवास पहुंचेंगे।
FAQ
- शिवपुरी में डिफेंस प्लांट कौन लगा रहा है?
अडानी समूह शिवपुरी के कोलारस में यह डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगा रहा है। इसकी लागत करीब 2,500 करोड़ रुपए है। यह मध्यप्रदेश का बड़ा रक्षा प्रोजेक्ट माना जा रहा है।
ये खबरें भी पढ़िए...
भगवान राम पर भारी अडानी की आरी, वन गमन पथ और जानकी रसोई को मिटाने की तैयारी
अडानी रामगढ़ पहाड़ी को मिटाने पर आमादा, सीएम का राम की विरासत के विकास का वादा
अफसरों की लेट-लतीफी पर सीएम मोहन सख्त: कहा- समय तय, तो फिर देरी क्यों?
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने सीएम को भेजा प्रस्ताव, अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाने की मांग