शिवपुरी के एक ही बैंक में दूसरी बार लूट की कोशिश, नकाबपोश दो बदमाश बैंक में घुसे, पिस्टल दिखाकर मांगा कैश; सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल, जांच जारी
चौंकाने वाली बात है कि इसी बैंक में 13 दिन पहले यानी 16 अक्टूबर को भी लूट की कोशिश हुई थी। इस दौरान तीन संदिग्धों ने बैंक का शटर उठाने की कोशिश की थी। उस समय बदमाश सरिया और जैक लेकर पहुंचे थे। हालांकि, अंदर के ताले सुरक्षित थे और कोई सामान चोरी नहीं हुआ था।
पिस्टल लेकर बैंक में घुसे दो बदमाश
जानकारी के मुताबिक, 29 अक्टूबर की शाम एमएम चौराहा स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में लूट की घटना को अंजाम देने दो बदमाश पहुंचे थे। उन्होंने बैंक में मौजूद कर्मचारियों को पिस्टल दिखाकर धमकाया और पैसे देने की मांग की। लेकिन बैंक बंद होने की वजह से उन्हें कुछ भी हाथ नहीं लग पाया।
बैंक बंद है, यह सुनकर लौटे बदमाश
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक कर्मचारियों ने बदमाशों को बताया कि बैंक का समय खत्म हो चुका है। मैनेजर चाबी लेकर जा चुके हैं। इसलिए बैंक में कैश निकालने की व्यवस्था नहीं है। कर्मचारियों की बात सुनकर बदमाश ज्यादा देर बैंक में नहीं रुके। वे करीब पांच मिनट बाद बाहर निकल गए। इसके बाद अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गए। इसके बाद बैंक कर्मियों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही एएसपी आरडी प्रजापति, एसडीओपी सचिन धुर्वे अन्य पुलिस की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान बैंक मैनेजर प्रशांत खरे और कर्मचारियों से पूछताछ की। उनसे बदमाशों की संख्या, हुलिया और तरीके की जानकारी ली गई। पुलिस ने मैनेजर की शिकायत पर बैंक रॉबरी अटेम्प्ट का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की मदद से जांच की जाएगी।
13 दिन पहले भी बैंक में चोरी की कोशिश हुई थी
इससे पहले 16 अक्टूबर की रात इस बैंक में चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश हुई थी। इस दौरान तीन संदिग्ध बदमाश मौके पर पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर लगे CCTV फुटेज में तीनों युवक बैंक का शटर उठाते हुए दिखे थे। हालांकि, बदमाश बैंक के अंदर रखे कैश या किसी अन्य सामान तक नहीं पहुंच सके थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू की थी। अब 13 दिन के अंदर दूसरी घटना सामने आने से बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
दूसरे जिलों में भी निशाने पर बैंक
मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में भी बैंक लूट की बड़ी वारदात सामने आई थी। खितौला क्षेत्र स्थित इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक की शाखा में पांच लुटेरे पहुंचे थे। सोमवार सुबह हुई इस वारदात को अंजाम देने में उन्हें सिर्फ 18 मिनट लगे थे। जानकारी के मुताबिक, एक लुटेरा बैंक मैनेजर के पास पहुंचा और उसे कट्टा दिखाकर धमकाया। उसने कहा कि डकैती हो रही है। शोर मचाने पर गोली मार दी जाएगी। इसके बाद कर्मचारियों से बैग में सोना भरवाया और लेकर फरार हो गया था।
छिंदवाड़ा बैंक लूट में सुतली बम का धमाका हुआ था
खबरों के मुताबिक, परासिया रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा को निशाना बनाया गया था। आरोपी बैंक बंद होने के दौरान पूरी तैयारी के साथ अंदर पहुंचा। उसने शटर काटा और लॉकर तक पहुंचने की कोशिश की। तभी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपी ने सुतली बम से धमाका किया। इसके बाद इलाके में दहशत फैल गई।
FAQs
- शिवपुरी में बैंक लूटने की कोशिश कब हुई?
गुरुवार शाम करीब 7 बजे एमएम चौराहा स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में लूट की कोशिश हुई। - बैंक में कितने बदमाश घुसे थे?
दो बदमाश पिस्टल लेकर बैंक के अंदर घुसे थे। उनका एक साथी बाहर बाइक चालू करके खड़ा था। - इस बैंक में पहले कब वारदात की कोशिश हुई थी?
इससे पहले 16 अक्टूबर की रात तीन संदिग्धों ने सरिया और जैक से बैंक का शटर उठाने की कोशिश की थी।