हे गुरूजी हम शर्मिंदा हैं: बोतल से पानी पीने पर दलित छात्र को डंडे से पीटा
मध्य प्रदेश से एक बहुत ही हैरान और दुखी कर देने वाली खबर आई है। जिस स्कूल को लोग शिक्षा का मंदिर मानते हैं, वहीं एक 8 साल के मासूम बच्चे के साथ बहुत बुरा बर्ताव किया गया।
बच्चे का कसूर सिर्फ इतना था कि उसे तेज प्यास लगी थी और उसने अपने मास्टर साहब की बोतल से पानी पी लिया था। इतनी सी बात पर शिक्षक इतना भड़क गया कि उसने बच्चे को डंडे से पीट (शिक्षक ने छात्र को पीटा) दिया।
घटना कैसे हुई
दरअसल यह पूरा मामला शिवपुरी जिले की कोलारस तहसील के उकावल गांव का है। यहां शासकीय प्राथमिक विद्यालय में यह घटना घटी।
बता दें कि कक्षा 4 में पढ़ने वाला 8 साल का छात्र रोज की तरह स्कूल गया था। पढ़ाई के दौरान बच्चे को तेज प्यास लगी। क्लासरूम में शिक्षक लोकेश शर्मा की पानी की बोतल रखी थी। बच्चे ने बिना सोचे उस बोतल से पानी पी लिया। बस यही छोटी सी बात शिक्षक को नागवार गुजर गई।
शिक्षक ने बच्चे को पीटा
जानकारी के अनुसार इतना देखते ही शिक्षक लोकेश शर्मा गुस्से में आ गए। उन्होंने बच्चे को डांटते हुए पूछा कि उसकी बोतल को हाथ लगाने की हिम्मत कैसे हुई। इसके बाद उन्होंने मासूम की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी।यह भी आरोप है कि शिक्षक ने बच्चे को जातिसूचक गालियां भी दीं।
रोता हुआ घर पहुंचा बच्चा
घटना के बाद बच्चा डरा-सहमा और रोता हुआ घर पहुंचा। उसने अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। बच्चे की बात सुनकर परिवार के लोग सन्न रह गए।
परिजनों ने देर नहीं की। वे तुरंत मामले की शिकायत लेकर पुलिस थाने पहुंचे। उन्होंने कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज की FIR
पीड़ित परिवार की शिकायत पर कोलारस थाना क्षेत्र की लुकवासा चौकी पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने आरोपी शिक्षक लोकेश शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
यह घटना एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों की जवाबदेही पर सवाल खड़े करती है। बच्चों के साथ मारपीट और जातिगत भेदभाव, दोनों ही गंभीर अपराध की श्रेणी में आते हैं
ये खबरें भी पढ़िए।
मध्यप्रदेश न्यूज: ग्वालियर में छात्रा पर आया शिक्षक का दिल, कहा- मेरी गर्लफ्रेंड बन जाओ
एमपी न्यूज: स्कूल में बंदूक लेकर पहुंचे मास्टर जी, राइफल से स्टाफ पर जमा रहे थे धौंस!
स्कूल में घुसकर शिक्षिका को जमीन पर पटका, गाड़ी तोड़ी, जान से मारने की दी धमकी
पीएम श्री स्कूल बना सिनेमा हॉल! छात्राओं के सामने भरी क्लास में बजे अश्लील गाने