जयश्री गायत्री फूड मिलावट में गिरफ्तार सुनील त्रिपाठी की रिमांड खत्म, कोर्ट में होगी पेशी
डेयरी प्रोडक्ट्स में मिलावट और फर्जी लैब रिपोर्ट के जरिए एक्सपोर्ट करने के आरोप में सुनील त्रिपाठी की रिमांड की अवधि मंगलवार 28 अप्रैल को खत्म हो रही है। उन्हें 20 करोड़ 59 लाख रुपए की मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) उन्हें आज शाम 4 बजे तक विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश करेगी। 20 अप्रैल को गिरफ्तार होने के बाद अदालत ने उन्हें 28 अप्रैल तक रिमांड पर भेजा था।
इस दौरान एजेंसी ने उनकी कंपनी के दस्तावेज, बैंक ट्रांजेक्शन और मनी ट्रेल की जांच की और उनसे पूछताछ की।
ई-मेल नोटिस से बचते रहे त्रिपाठी
ईडी के अनुसार त्रिपाठी जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स कंपनी के सीईओ रहते हुए, फर्जी दस्तावेज तैयार करवाने और एक्सपोर्ट प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। जांच में उनकी संलिप्तता सामने आई है।
ईडी का कहना है कि त्रिपाठी समन और ई-मेल नोटिस से बचते रहे थे। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले 01 अप्रैल को वडोदरा में उनके घर पर सर्च के दौरान कई अहम दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए थे। इसके अलावा नौ लाख 36 हजार रुपए फ्रीज कर दिए गए थे।
20 करोड़ 59 लाख की संपत्ती अटैच
जांच में ये बात सामने आई है कि कंपनी बड़े पैमाने पर डेयरी उत्पादों में मिलावट कर रही थी। फर्जी लैब रिपोर्ट के आधार पर इंदौर की एक्सपोर्ट इंस्पेक्शन एजेंसी से क्लियरेंस लेकर विदेशों में सप्लाई कर रही थी।
इस फर्जीवाड़े से लगभग 20 करोड़ 59 लाख रुपए की कमाई को बैंक खातों के जरिए घुमाया गया। इस मामले में कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर किशन मोदी को 13 मार्च को गिरफ्तार किया गया था।
वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। ईडी ने 20 करोड़ 59 लाख रुपए की संपत्तियां भी अटैच की हैं।
सेहत के साथ समझौता
डेयरी प्रोडक्ट्स हमारे दैनिक आहार का हिस्सा हैं। मिलावटी उत्पादों को एक्सपोर्ट करने की कोशिश यह दर्शाती है कि मुनाफे के लिए लोगों की सेहत के साथ कितना बड़ा समझौता किया जा रहा है।
दूसरी ओर जब भारत से बाहर फर्जी लैब रिपोर्ट के आधार पर घटिया उत्पाद भेजे जाते हैं, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय उत्पादों की विश्वसनीयता कम होती है।
मनी लॉन्ड्रिंग के ऐसे खुलासे यह बताते हैं कि सरकारी एजेंसियां अब डिजिटल और वित्तीय हेराफेरी को पकड़ने में कितनी सक्षम हो चुकी हैं।
ये खबरें भी पढ़िए...
जयश्री गायत्री फूड फैक्टरी प्रोडक्ट पर ED का शिकंजा, एमडी किशन मोदी को भेजा जेल
एमपी में हर 8वां फूड सैंपल फेल, थाली से प्रोटीन गायब, मिलावट का जहर फैला!
एमपी न्यूज: डेयरी प्रोडक्ट में मिलावटी जहर, दो हजार से ज्यादा सैंपल फेल, ग्वालियर सबसे आगे
मध्यप्रदेश न्यूज: अब दूध बेचने वालों के लिए भी लाइसेंस जरूरी : मिलावट रोकने के लिए बड़ा कदम