अवैध निर्माणों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त: पूछा- आज मकान, कल होटल और परसों कोई दूसरा कारोबार, आखिर ये सब किसकी अनुमति से हो रहा?

Atul Dwivedi | Published:
आवासीय भवनों के व्यावसायिक इस्तेमाल और नियमों के उल्लंघन पर अदालत ने गंभीर सवाल उठाए।
Today House, Tomorrow Hotel - Supreme Court Asks Who Permits This?
देशभर के आवासीय क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहे अवैध निर्माण, भू-उपयोग परिवर्तन और नियमों के खिलाफ हो रही व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को सुनवाई हुई। Loganathan बनाम State of Tamil Nadu मामले में जस्टिस बी.वी. नागरत्ना और जस्टिस संजीव सचदेवा की पीठ इस मामले को सुन रही है।

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने आवासीय क्षेत्रों के बिगड़ते स्वरूप और अनधिकृत निर्माणों पर गंभीर चिंता जताई है। मामले की अगली सुनवाई अब 6 जनवरी 2027 को होगी।



आखिर अनुमति कौन देता है?

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने आवासीय भवनों के लगातार व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बदलने की स्थिति पर तीखी नाराजगी जताई। सुप्रीम कोर्ट ने सवाल उठाया कि आखिर यह कैसे संभव है कि आज कोई भवन आवासीय मकान है, अगले दिन होटल बन जाता है और उसके बाद वहां दूसरी व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने लगती हैं। कोर्ट ने ऐसी अनियमितताओं के पीछे भ्रष्टाचार और राजनीतिक हस्तक्षेप की आशंका से इनकार नहीं किया। सुप्रीम कोर्ट का मानना है कि आवासीय क्षेत्रों का अवैध व्यावसायिक इस्तेमाल अब किसी एक शहर या प्रदेश की समस्या नहीं, बल्कि देशव्यापी चिंता का विषय बन चुका है।



केवल सुप्रीम कोर्ट नहीं, उच्च न्यायालयों की भूमिका भी जरूरी

सुनवाई के दौरान एक बात और सामने आई। अवैध निर्माण और आवासीय भूमि के व्यावसायिक इस्तेमाल जैसे विषयों की सुनवाई, राज्यों के हाईकोर्ट में भी हो ऐसा सुप्रीम कोर्ट का मानना है। कोर्ट का मानना है कि ये समस्या अब एक स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि एक बड़ा परेशानी का सबब बनती जा रही है।



सुप्रीम कोर्ट ने सवाल उठाया कि आखिर वो कौन से अधिकारी हैं, जिनके संरक्षण या अनुमति से अवैध निर्माण लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अगर नियमों के विरुद्ध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियां लगातार चल रही हैं, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।



अवैध निर्माणों को नियमित करने की योजनाओं पर सवाल

चुनाव के दौरान वोट के लिए नेता बड़े बड़े वादे करते हैं। इन वादों पर भी सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि राज्य सरकारें चुनाव के दौरान अवैध निर्माणों को नियमित करने के लिए योजनाएं लाती हैं। अवैध निर्माण को वैध करने के वादे होते हैं। ऐसे वादों पर भी सुप्रीम कोर्ट ने चिंता जताई है। कोर्ट का मानना है कि ऐसी योजनाओं से उन नागरिकों के हित प्रभावित होते हैं, जो भवन निर्माण और भूमि उपयोग से जुड़े सभी नियमों का पालन करते हैं। दूसरी ओर नियमों का उल्लंघन करने वालों को जब फायदा मिलता है, तब कानून का पालन करने वाले नागरिक खुद को ठगा हुआ महसूस करते हैं।



अनुपालन रिपोर्ट करनी होगी पेश

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने सभी शहरों के नगर निगम कमिश्नरों को एक आदेश भी दिया। सुप्रीम कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई जो 6 जनवरी को होनी है, उसके लिए सभी से एक अनुपालन (कंपाइल) रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट में बताना होगा कि स्थानीय निकायों ने अवैध निर्माण के खिलाफ क्या कार्रवाई की। नियमों का पालन किया गया या नहीं।



भोपाल नगर निगम की अनुपालन रिपोर्ट पर रहवासियों ने उठाए सवाल

सुप्रीम कोर्ट में पेश भोपाल नगर निगम की रिपोर्ट पर रहवासियों ने आपत्ति जताई है। रहवासियों का आरोप है कि आवासीय क्षेत्रों में चल रही कथित अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर कोर्ट के सामने सही तरीके रिपोर्ट पेश नहीं की गई। रहवासी नगर निगम पर अधूरी और भ्रामक जानकारी देने का आरोप लगा रहे हैं। मामले के याचिकाकर्ता विवेक त्रिपाठी ने सुनवाई को आवासीय क्षेत्रों के रहवासियों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध निर्माण और अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भूमाफिया और जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत रही है, जिसकी वास्तविकता अब सामने आ रही है।

Tags:
  • भोपाल नगर निगम
  • सुप्रीम कोर्ट
  • जस्टिस बी.वी. नागरत्ना
  • जस्टिस संजीव सचदेवा
  • Supreme Court strict on illegal constructions
  • अवैध निर्माण
  • अवैध निर्माण नियमितीकरण
  • Supreme Court illegal construction
  • commercial use of residential property
  • Bhopal Municipal Corporation