सफाई अवॉर्ड में राजनीतिक-प्रशासनिक चूक कर गए महापौर और 6 IAS वाला इंदौर नगर निगम

Sanjay Gupta | Published:
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में इंदौर को सिर्फ जोड़ी अवार्ड में दूसरा स्थान मिलने से नंबर-1 ताज छिनने पर छिड़ी बहस और असमंजस।
Debate erupts over Indore losing its number one cleanliness crown in Swachh Survekshan 2025-26 after getting second place in pair award
स्वच्छता सर्वेक्षण अवॉर्ड 2025-26 में सफाई के सिरमौर इंदौर को लेकर पूरे देश में चर्चा चल रही है, क्या इंदौर का ताज छिन गया है? इस सवाल का ऑन रिकॉर्ड जवाब महापौर पुष्यमित्र भार्गव और मप्र में सबसे ज्यादा आईएएस नियुक्ति वाले नगर निगम (6-6 आईएएस) के निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के पास भी नहीं है।

ऑन रिकॉर्ड इसलिए कह रहे हैं क्योंकि अंकों से इंदौर नंबर वन है, लेकिन अंकों की जानकारी इन्हें भी नहीं है।



साल 2017 से लगातार सफाई में नंबर वन

बता दें कि इंदौर साल 2017 से लगातार सफाई में नंबर वन है, लेकिन अब यह ताज है या नहीं, यह स्थिति अवॉर्ड समारोह के बाद भी साफ नहीं है। इंदौर को केवल साफ शहर जोड़ी में दूसरे नंबर का अवॉर्ड मिला है। स्वच्छ शहर लीग में कोई अवॉर्ड नहीं दिया गया है। इसे लेकर द सूत्र ने ही सबसे पहले खबर दी थी कि इंदौर का ताज संकट में है और लीग में भी अवॉर्ड नहीं दिया गया है। इस पूरे मामले में सामने आया है कि इसमें नगर निगम राजनीतिक और प्रशासनिक तौर पर भारी चूक कर गया है, जिसका खामियाजा भुगत रहा है।



यहां चूक कर गए महापौर, अधिकारी

इस बार महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल मैनेजमेंट स्तर पर भारी चूक कर गए हैं। अवॉर्ड को लेकर बीते साल जो स्वच्छ लीग को लेकर पूरे शहर को जानकारी दी गई थी, वह इस बार देने से चूक गए। जनता को अवॉर्ड समारोह के बाद जो सफाई दी जा रही है वह पहले नहीं बताई गई। यह बताना जरूरी था कि इस बार एक सिटी एक अवॉर्ड दिया जाएगा और हम साफ जोड़ी में रखे गए हैं। यह सफाई पहले नहीं दी गई।



दूसरी चूक यह की गई कि इस बार किसी भी अधिकारी को मैनेजमेंट स्तर के लिए दिल्ली नहीं भेजा गया जो कोऑर्डिनेट कर सके। किसी को स्थिति साफ ही नहीं थी कि मंच पर इस बार क्या होने वाला है। न ही रिहर्सल के दिन अवॉर्ड के एक दिन पहले किसी ने इसे संजीदगी से लिया कि, मंच पर उन्हें नंबर वन अवॉर्ड के लिए नहीं बुलाया जा रहा है।



सवाल यह भी है कि जब सफाई ही इंदौर की पहचान है तो फिर जोड़ी वाली कैटेगरी, जिसमें दूसरा नंबर मिल रहा था, वह अवॉर्ड लेना ही क्यों था। प्रयास यही होने थे कि इस कैटेगरी में ना अवॉर्ड देकर पूर्ववत हमें स्वच्छ शहर लीग में नंबर वन का अवॉर्ड दिया जाए, लेकिन इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया।



बीते बार भी अंक बताने का नहीं था, लेकिन तब तत्कालीन निगमायुक्त शिवम वर्मा व अन्य अधिकारियों ने इसमें दिल्ली में बात कर हाथों हाथ अंक भी जारी किए। क्योंकि उस बार भी यही बात थी कि इस बार स्वच्छ लीग में रैंकिंग नहीं देंगे। यदि रैंकिंग नहीं देते तो फिर नंबर वन कैसे तय होता, यही बात इंदौर ने दिल्ली में रखी थी। इसके बाद फिर इंदौर के अंक भी बताए गए और नंबर वन का अवॉर्ड भी स्वच्छ लीग में दिया गया, लेकिन इस बार अधिकारी यह सभी मैनेजमेंट में विफल रहे।



यहां एक और चूक हो गई। कोशिश यह थी कि अवॉर्ड समारोह के दिन ही डैशबोर्ड पर मिले अंकों की जानकारी दे दी जाती। महापौर और निगमायुक्त दोनों दावा कर रहे हैं कि अंकों के मामले में हम नंबर वन हैं। ऐसे में उन्हें ये अंक सार्वजनिक करने चाहिए थे, लेकिन ऐसा भी नहीं हुआ।



महापौर यह चूक कर गए

वहीं महापौर राजनीतिक चूक कर गए। केंद्रीय मंत्री मनोहर खट्टर और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के संबंध जगजाहिर हैं। दोनों एक-दूसरे की बहुत इज्जत करते हैं। ऐसे में महापौर को मंत्री विजयवर्गीय के जरिए खट्टर के सामने बात रखनी थी कि इंदौर को अवॉर्ड के लिए बुलाया जाए। यह नहीं तो तत्काल डैशबोर्ड पर अंक बताए जाएं, लेकिन यह राजनीतिक प्रयास भी नहीं हुए। इसके चलते पूरे देश में इंदौर को अवॉर्ड के लिए नहीं बुलाया जाना चर्चा का विषय बन गया।



महापौर ने फिर जारी किया वीडियो संदेश

वहीं महापौर ने एक बार फिर सफाई संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि सफाई हमारी आदत और व्यवहार है। इस बार भी इंदौर देश में नंबर वन है। डैशबोर्ड पर जब परिणाम जारी होगा, सब स्पष्ट हो जाएगा। सफाई जोड़ी शहर में अवॉर्ड मिलने से हम वन अवॉर्ड वन सिटी के नियम से अन्य कैटेगरी से बाहर हो गए।



इंदौर की तरह अहमदाबाद और तिरूपति को भी अवॉर्ड के लिए नहीं बुलाया गया। विपक्ष को कहना चाहूंगा कि यह शहर आपका भी है और इसकी छवि, सफाई मित्रों की मेहनत को खराब मत करिए। रिजल्ट का इंतजार कीजिए। डैशबोर्ड लॉन्च होते ही रिजल्ट आने पर सब साफ हो जाएगा।



निगमायुक्त सिंघल बोले कमी होगी तो दूर करेंगे

उधर निगमायुक्त सिंघल ने भी सफाई वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि अवॉर्ड को लेकर भ्रम की स्थिति है। इसमें स्पष्ट करना चाहूंगा कि जो शहर सुपर लीग में आ चुके थे उनकी प्राथमिकता अब साथी शहर में सुधार करना था। इसमें इंदौर-देपालपुर की जोड़ी बनी और हम दूसरे स्थान पर रहे।



उन्होंने बताया कि वन सिटी वन अवॉर्ड के कारण इंदौर को अन्य कैटेगरी में नहीं लिया गया। केंद्रीय मंत्री ने भी कहा कि डैशबोर्ड पर अंक आ जाएंगे तब स्थिति साफ हो जाएगी। अंकों के आधार पर जो सुधार की जरूरत होगी वह करेंगे इसके लिए प्रतिबद्ध हैं।



साल 2017 से जारी नंबर 1 का सफर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर साल स्वच्छता अवॉर्ड की नींव रखी। इंदौर को पहले साल 2016 में 25वीं रैंक मिली। इसके बाद साल 2017 में वह पहले नंबर पर आया। इसके बाद यह दौर सतत चलता रहा और नंबर वन का ताज बना रहा। साल 2017 से 2022 तक लगातार छह बार नंबर वन रहा और फिर 2023 में सूरत के साथ संयुक्त तौर पर नंबर वन रहा। इसके बाद केंद्र सरकार ने सुपर स्वच्छ लीग शुरू की और साल 2024 में यहां भी नंबर वन आया।



इंदौर इस बार स्वच्छ शहर लीग में भी नहीं दिखा

सवाल इसलिए उठ रहे हैं कि अभी तक यही माना जा रहा था कि हमें स्वच्छ शहर लीग में अवॉर्ड दिया जाएगा, लेकिन इसमें नंबर वन पर नवी मुंबई, फिर सूरत को दूसरा और विजयवाड़ा को तीसरा पुरस्कार मिला। इंदौर कहीं नहीं था।



यहां भी दूसरा नंबर

वहीं केंद्र ने इस बार बड़े शहर को एक साथी छोटे शहर को सफाई में आगे करने का जिम्मा दिया और स्वच्छ शहर जोड़ी का अवॉर्ड शुरू हुआ। यहां भी अहमदाबाद-साणंद की जोड़ी को पहला और फिर इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को दूसरा स्थान मिला।



सफाई की बादशाहत क्यों छिन गई, कहां गया ताज

वहीं कांग्रेस के शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे ने निगम को घेरा है। उन्होंने कहा कि यह निगम एमआईसी सबसे नकारा साबित हुई है। अब तो नंबर वन का ताज भी चला गया। इंदौर निगम केवल भ्रष्टाचार में नंबर वन रह गया है।



इसी तरह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी इंदौर नगर निगम को घेरा और कहा कि केवल भ्रष्टाचार, अवैध वसूली, कागजी नवाचार, विवादों, विज्ञापन के जरिए विकास दिखाने और जनता से टैक्स वसूली में आगे हैं। इंदौर ने बीजेपी को सभी विधायक, सांसद, महापौर, निगम दिए लेकिन शहर पूछ रहा है कि यह सब होने के बाद भी सफाई की बादशाहत क्यों छिन गई।



मंत्री, एसीएस क्या बोल रहे हैं

वहीं नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मप्र को सफाई में नौ अवॉर्ड मिले हैं जो देशभर में सबसे ज्यादा हैं। यह सब पीएम नरेंद्र मोदी के विजन के कारण हुआ। मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में सफाई में मप्र आगे रहा है। देपालपुर की पहले रैंक 1710 थी और अब इंदौर निगम और महापौर पुष्यमित्र भार्गव की टीम के कारण यह जोड़ी में नंबर टू और अपनी कैटेगरी में नंबर वन पर पहुंच गया है।



विजयवर्गीय ने कहा कि एक शहर एक अवॉर्ड नीति के कारण किसी शहर को दो अवॉर्ड नहीं दिए गए। वहीं एसीएस संजय दुबे ने कहा कि शहरों के क्रम में इस बार भी इंदौर के ही अंक सबसे ज्यादा हैं। एक-दो दिन में यह स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। वहीं निगमायुक्त क्षितिज सिंघल का भी कहना है कि इंदौर सफाई में नंबर वन है।



इंदौर सबसे प्रेरणादायक शहर: केंद्रीय मंत्री

वहीं अवॉर्ड समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर खट्टर ने कहा कि इंदौर देश का सबसे प्रेरणादायक शहर है। उसे स्वच्छता की पाठशाला मानते हुए मोस्ट इंस्पायरिंग सिटी में रखा गया है।

Tags:
  • महापौर पुष्यमित्र भार्गव
  • निगमायुक्त क्षितिज सिंघल
  • इंदौर नगर निगम
  • कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी
  • मुख्यमंत्री मोहन यादव
  • मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
  • केंद्रीय मंत्री मनोहर खट्टर
  • पीएम नरेंद्र मोदी
  • स्वच्छता सर्वेक्षण अवॉर्ड 2025-26