स्वच्छ सर्वेक्षण पर प्रेस नोट में लिखा- जोड़ी वाले शहर को टॉप 3 में नहीं लिया, क्या इतने हैं इंदौर के अंक
अब केंद्र सरकार की ओर से जारी प्रेस नोट में भी इस मामले को लेकर कई अहम बातें सामने आई हैं।
दरअसल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 11 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार समारोह में देश के सबसे स्वच्छ शहरों को सम्मानित किया। यह स्वच्छ सर्वेक्षण का 10वां पुरस्कार समारोह था।
इस बार मध्य प्रदेश के 9 शहरों को अलग-अलग कैटेगरी में अवॉर्ड मिले। वहीं, साल 2017 से लगातार सफाई में नंबर-1 रहने वाले इंदौर को 'स्वच्छ शहर जोड़ी' कैटेगरी में दूसरा स्थान मिला। खास बात यह रही कि इंदौर को स्वच्छ शहर लीग में जगह नहीं मिली।
इसके बाद से ही सवाल उठने लगे कि क्या इंदौर से सबसे स्वच्छ शहर का ताज छिन गया है? अब केंद्र सरकार के प्रेस नोट के बाद इस चर्चा ने और जोर पकड़ लिया है।
केंद्र द्वारा जारी प्रेस नोट में यह कहा गया
केंद्र द्वारा इस अवार्ड को लेकर प्रेस नोट जारी किया गया है। इसमें लिखा है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की थीम स्वच्छता की नई पहल - बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ है। इसमें 10 खंडों में 176 उप-संकेतकों के आधार पर 4751 शहरी स्थानीय निकायों (ULBs) का मूल्यांकन किया गया था। देश भर से 3000 से अधिक प्रशिक्षित फील्ड असेसर्स ने जाकर जमीनी स्तर पर सर्वेक्षण किया था। इसमें रियल-टाइम, GPS-आधारित निगरानी का भी उपयोग किया गया था। साक्ष्य जमा करने से लेकर सत्यापन तक की पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी है, और हर चरण पर इसकी गुणवत्ता की कड़ी जांच की जाती है।
इंदौर को इसलिए साफ शहर में नहीं किया शामिल
केंद्र सरकार की ओर से जारी प्रेस नोट में साफ बताया गया है कि इस बार 7 कैटेगरी में कुल 60 राष्ट्रीय पुरस्कार दिए गए हैं। इनमें टॉप 3 स्वच्छ शहर जोड़ी और टॉप 3 स्वच्छ शहर की कैटेगरी अलग-अलग रखी गई हैं।
खास बात यह है कि टॉप 3 स्वच्छ शहर की कैटेगरी में उन शहरों को शामिल नहीं किया गया, जिन्हें स्वच्छ शहर जोड़ी में अवॉर्ड मिला है। इसी वजह से इंदौर को टॉप 3 स्वच्छ शहरों की सूची में जगह नहीं मिली। इस कैटेगरी में नवी मुंबई ने पहला, सूरत ने दूसरा और विजयवाड़ा ने तीसरा स्थान हासिल किया है।
क्या इतने अंक मिले हैं इंदौर को
अभी डैशबोर्ड का इंतजार किया जा रहा है। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य और विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने कहा था कि जल्द यह जारी कर सभी के अंक बताए जाएंगे। हालांकि, यह अभी सामने नहीं आया है। लेकिन द सूत्र को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस बार 10 हजार 500 अंकों के आधार पर रैंकिंग हुई है। इसमें इंदौर को 10 हजार 397 अंक मिले हैं, जो सर्वाधिक हैं, वहीं अहमदाबाद इसमें दूसरे नंबर पर है और इसके अंक 10 हजार 395 बताए जा रहे हैं। इसके बाद नवी मुंबई और फिर सूरत का नंबर है। यानी सूत्रों की मानें तो इंदौर अंकों के हिसाब से सफाई में सिरमौर है। हालांकि, जब तक औपचारिक तौर पर केंद्र द्वारा अंक जारी नहीं किए जाते हैं, इस पर असमंजस बना रहेगा।
इस बार जोड़ी पर सबसे ज्यादा जोर
इस बार स्वच्छता अवॉर्ड समारोह में स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाली तीन शहर जोड़ियों को खास जगह दी गई। समारोह में सबसे पहले इन्हीं विजेता जोड़ियों को सम्मानित किया गया।
दरअसल, स्वच्छ शहर जोड़ी स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत शुरू की गई एक खास पहल है। इसका मकसद शहरों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाना और कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाना है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने 27 सितंबर 2025 को इसकी शुरुआत की थी।
यह अपनी तरह का पहला मेंटरशिप कार्यक्रम है। इसमें एक बेहतर प्रदर्शन करने वाला शहर दूसरे शहर को सफाई और कचरा प्रबंधन के तरीके सिखाता है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 की रैंकिंग के आधार पर 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 70 मेंटर शहर चुने गए थे। इनके साथ करीब 191 मेंटी शहर जोड़े गए थे। सितंबर 2025 में सोनीपत में आयोजित एक राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान इन मेंटर और मेंटी शहरों के बीच समझौता भी हुआ था।
मंत्रालय की ओर से बनाई गई 191 शहर जोड़ियों में से हर मेंटर शहर की सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली जोड़ी को चुना गया। इसके बाद दोनों शहरों के कुल अंकों के आधार पर टॉप 3 जोड़ियों को अवॉर्ड दिया गया। यानी इस कैटेगरी में सिर्फ एक शहर की सफाई नहीं देखी गई, बल्कि मेंटर और मेंटी शहर के संयुक्त प्रदर्शन और उनके आपसी सहयोग को भी आधार बनाया गया।
स्वच्छ शहर जोड़ी पुरस्कार ऐसे हैं
स्वच्छ शहर जोड़ी रैंक 1: अहमदाबाद (10 लाख से अधिक आबादी वाली श्रेणी) और सानंद (20 हजार - 50 हजार आबादी वाली श्रेणी)
स्वच्छ शहर जोड़ी रैंक 2: इंदौर (10 लाख से अधिक आबादी वाली श्रेणी) और देपालपुर (20 हजार से कम आबादी वाली श्रेणी)
स्वच्छ शहर जोड़ी रैंक 3: तिरुपति (50 हजार - 3 लाख आबादी वाली श्रेणी) और कुप्पम (20 हजार - 50 हजार आबादी वाली श्रेणी)
(इसमें मध्यप्रदेश का भोपाल और बैरसिया की जोड़ी 6वें नंबर पर और ग्वालियर-डबरा की जोड़ी 23वें नंबर पर रही)
क्या बोल रहे हैं मंत्री, महापौर और निगमायुक्त
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के इंदौर के अवार्ड को लेकर बयान आए हैं। इन्होंने बताया कि इस बार वन सिटी वन अवार्ड के कारण इंदौर को एक ही कैटेगरी में अवार्ड दिया गया। इंदौर को स्वच्छ जोड़ी के कारण टॉप थ्री स्वच्छ शहर में नहीं बुलाया गया। लेकिन अंकों के आधार पर इंदौर नंबर वन ही है। वहीं केंद्रीय मंत्री खट्टर ने भी कहा कि इंदौर सबसे प्रेरणादायी शहर रहा है, जल्द ही डैशबोर्ड पर अंक प्रदर्शित होंगे।