अश्लील वीडियो कॉल और यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरे इंद्रदेव महाराज पर एक्शन, अखाड़े ने महामंडलेश्वर पद से हटाया
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने साफ कहा कि आरोपों की गंभीरता और मौजूदा हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
बता दें कि स्वामी इंद्रदेव महाराज उज्जैन के भूखी माता मंदिर रोड पर आश्रम और गोशाला का निर्माण करवा रहे थे।
पद मिलने के बाद अखाड़े के कार्यक्रमों से बनाई दूरी
श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी के मुताबिक इंद्रदेव महाराज को निरंजनी अखाड़े ने महामंडलेश्वर की उपाधि दी थी, लेकिन इसके बाद वे अखाड़े के किसी धार्मिक, सामाजिक या अन्य कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।
करीब एक सप्ताह पहले उज्जैन पहुंचे रविंद्र पुरी ने इंद्रदेव महाराज के खिलाफ केस दर्ज होने पर कार्रवाई के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि अखाड़े के पंच बैठक कर इस मामले में फैसला लेंगे। अब अखाड़े ने उन्हें पद से हटा दिया है।
फेसबुक पर सत्संग देखकर महिला ने किया था संपर्क
मुंबई की महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि वह पारिवारिक परेशानियों से जूझ रही थी। घर में सुख-शांति और समस्याओं का समाधान पाने के लिए वह धार्मिक प्रवचन सुनती थी।
जनवरी 2023 में उसने फेसबुक पर संत इंद्रदेव पेज के सत्संग वीडियो देखने शुरू किए थे। टीवी पर प्रसारित सत्संग से उसे इंद्रदेव महाराज का मोबाइल नंबर मिला था।
10 अप्रैल 2023 को महिला ने उस नंबर पर संपर्क किया। उसे मुंबई के सांताक्रुज पूर्व में सात दिवसीय सत्संग की जानकारी दी गई। इसके बाद 12 अप्रैल को वह अपनी छोटी बेटी के साथ कार्यक्रम में पहुंची। अगले दिन 13 अप्रैल को उसने इंद्रदेव महाराज से दीक्षा ली और घर लौट गई।
मदद का भरोसा देकर संपर्क बढ़ाने का आरोप
महिला के मुताबिक 8 दिसंबर 2023 को वह दोबारा सत्संग में पहुंची। वहां उसने इंद्रदेव महाराज को अपनी निजी परेशानियां बताईं। आरोप है कि इंद्रदेव ने समस्याएं दूर करने का भरोसा दिया और लगातार संपर्क में रहने व सेवा करने को कहा।
महिला का आरोप है कि इसके बाद इंद्रदेव उसे बार-बार फोन और Video Call करने लगे। इस दौरान अश्लील बातें करने और वीडियो कॉल पर अपने कपड़े उतारने का भी आरोप है।
वृंदावन आश्रम में जबरदस्ती संबंध बनाने का आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि वृंदावन स्थित आश्रम में इंद्रदेव महाराज ने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए थे। इतना ही नहीं घटना से जुड़ी Audio Recording डिलीट करने के लिए धमकाने का भी आरोप लगाया है।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया था। इसके बाद महिला लगातार अखाड़ा परिषद से इंद्रदेव महाराज को महामंडलेश्वर पद से हटाने की मांग कर रही थी। अब निरंजनी अखाड़े ने उन्हें इस पद से निष्कासित कर दिया है।
FAQ
1. स्वामी इंद्रदेव महाराज को महामंडलेश्वर पद से क्यों हटाया गया?
मुंबई की एक महिला ने स्वामी इंद्रदेव महाराज के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई है। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए निरंजनी अखाड़े ने उन्हें महामंडलेश्वर पद से निष्कासित कर दिया।
2. इंद्रदेव महाराज के खिलाफ किसने शिकायत दर्ज कराई है?
मुंबई की एक महिला ने इंद्रदेव महाराज के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने उन पर यौन उत्पीड़न, अश्लील वीडियो कॉल और धमकाने के आरोप लगाए हैं।