जिनकी तपस्या से बनी मध्यप्रदेश की खास पहचान, अब वीडियो सीरीज में उनकी गाथा देखेगी नई पीढ़ी

The Sootr | Published:
MP की ऋषि-गुरु परंपरा पर वीर भारत न्यास की पहल
Veer Bharat Nyas Launches 'Tapodhara' Video Series on MP's 25 Rishi-Guru-Saint Traditions
BHOPAL. जिस धरती पर भगवान श्रीकृष्ण ने गुरु सांदीपनि से शिक्षा प्राप्त की, जहां महर्षि अगस्त्य और अत्रि ने तप किया, जहां भगवान दत्तात्रेय, परशुराम, महर्षि पतंजलि और भर्तृहरि जैसे महान व्यक्तित्वों की साधना और विचारों की परंपरा विकसित हुई, उस मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक पहचान कितनी समृद्ध रही है, यह आज की पीढ़ी कितना जानती है?

क्या नई पीढ़ी उन ऋषियों, गुरुओं और संतों के जीवन, उनके विचारों और समाज को दिए गए योगदान से परिचित है, जिन्होंने इस भूमि को अपनी तपस्थली बनाया?



इन्हीं सवालों का जवाब तलाशने और मध्यप्रदेश की गौरवशाली ऋषि-गुरु परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वीर भारत न्यास ने अहम पहल की है। न्यास की ओर से प्रकाशित पुस्तक ‘तपोधरा’ अब विशेष वीडियो सीरीज के रूप में दर्शकों के सामने आ रही है। इस सीरीज के जरिए प्रदेश की धरती से जुड़े 25 ऋषि, मुनियों, आचार्यों, गुरुओं और संतों की जीवनगाथा को वीडियो के जरिए आकर्षक ढंग से पेश किया जा रहा है।



किताब से स्क्रीन तक पहुंची मध्यप्रदेश की तप परंपरा

मध्यप्रदेश की पहचान उसके भौगोलिक विस्तार, ऐतिहासिक स्थलों और प्राकृतिक संपदा के साथ उसकी आध्यात्मिक व सांस्कृतिक विरासत से भी जुड़ी है। नर्मदा, शिप्रा, चंबल और बेतवा जैसी नदियों के तटों से लेकर प्रदेश के विभिन्न अंचलों तक ऋषियों, संतों और आचार्यों की साधना और विचारों की स्मृतियां बिखरी हुई हैं।



महर्षि अत्रि, अगस्त्य, विश्वामित्र, सांदीपनि, जाबालि और गालव जैसे ऋषियों से लेकर भगवान परशुराम और दत्तात्रेय तक, इस भूमि से जुड़ी विभूतियों की परंपरा व्यापक है। महर्षि पतंजलि ने योग दर्शन को व्यवस्थित स्वरूप दिया, भरत मुनि ने नाट्यशास्त्र से भारतीय कला परंपरा को दिशा दी, वहीं भर्तृहरि, चार्वाक और आदि शंकराचार्य जैसे विचारकों ने दर्शन और चिंतन की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाया है। संत रविदास, गुरु नानकदेव, संत सिंगाजी, सेन भगत और स्वामी हरिदास जैसी विभूतियों ने भक्ति, समरसता और लोकचेतना को नई ऊंचाई दी है।



वीर भारत न्यास ने इसी व्यापक विरासत को एक जगह संकलित करने के उद्देश्य से ‘तपोधरा’ पुस्तक प्रकाशित की है। अब इसी पुस्तक की विषयवस्तु को वीडियो सीरीज के जरिए लोगों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि इन विभूतियों का जीवन और योगदान ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके।



नई पीढ़ी को मिलेगी जड़ों को समझने की दृष्टि

आज की पीढ़ी के सामने दुनिया भर की जानकारियां डिजिटल माध्यमों पर उपलब्ध हैं, लेकिन अपनी ही संस्कृति और इतिहास से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण बातें उससे अनजान रह जाती हैं। ‘तपोधरा’ वीडियो सीरीज इस दूरी को कम करने की दिशा में उपयोगी पहल है। इस सीरीज के जरिए बच्चों और युवाओं को यह जानने का अवसर मिलेगा कि भारतीय ज्ञान परंपरा कितनी व्यापक और विविधतापूर्ण रही है। ऋषियों की तपस्या, गुरुओं के उपदेश, संतों की सामाजिक चेतना, दार्शनिकों का चिंतन और आचार्यों का योगदान उनके सामने जीवंत रूप में आएगा।



इन जीवनगाथाओं से नई पीढ़ी को ज्ञान, अनुशासन, साधना, सेवा, समरसता, तर्कशीलता और नैतिक मूल्यों जैसे विषयों को समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही मध्यप्रदेश के उन स्थानों और परंपराओं के प्रति भी जिज्ञासा बढ़ेगी, जिनका संबंध इन महान विभूतियों से रहा है।



वीडियो का माध्यम इस ज्ञान को सहज और रोचक बनाता है। इसे परिवार के साथ देखा जा सकता है, विद्यार्थियों के लिए अध्ययन सामग्री के रूप में उपयोग किया जा सकता है और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के लिए भी साझा किया जा सकता है। इस तरह यह वीडियो सीरीज इतिहास, संस्कृति और नई पीढ़ी के बीच सार्थक संवाद स्थापित करने की क्षमता रखती है।



मुख्यमंत्री बोले- गुरु परंपरा से बच्चों और युवाओं को जोड़ना हमारा कर्तव्य

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘तपोधरा’ के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा है कि गुरु व्यक्ति के भीतर छिपे आलोक को जागृत करते हैं। वे समाज को अज्ञान, विभाजन और नैतिक पतन से उबारते हैं। हमारे यहां कहा गया है- ‘गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः।’ यानी गुरु में ही सृष्टि, पालन और संहार की शक्ति निहित है।



मध्यप्रदेश के जनमानस में आज भी गांव-गांव में संतों और गुरुओं की स्मृतियां, उनके मेले और तीर्थ जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। यह परंपरा सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक पहचान का आधार है। उन्होंने कहा कि हम सभी का कर्तव्य है कि बच्चों और युवाओं को अपनी गुरु परंपरा से जोड़ें, ताकि वे इस गौरव को समझें और जीवन में सन्मार्ग का आलोक फैलाएं। वीर भारत न्यास द्वारा प्रकाशित ‘तपोधरा’ इसी उद्देश्य को समर्पित है। यह इतिहास का दस्तावेज होने के साथ नई पीढ़ी के लिए दिशा-सूचक भी है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया है कि यह वीर भारत न्यास का यह प्रयास प्रदेशवासियों में ऋषि-मुनियों, गुरुओं और संतों के प्रति श्रद्धा, स्वाभिमान और जागरूकता को नई ऊर्जा देगा।



सीएम मोहन यादव

24 महान विभूतियों की जीवनगाथा होगी श्रृंखला का हिस्सा

वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि भारत की सांस्कृतिक धारा में गुरु परंपरा सबसे प्राचीन और सतत प्रवाहों में से एक है। मध्यप्रदेश की धरती इस परंपरा की साक्षी रही है। यहां ऋषियों, आचार्यों और संतों ने अपनी तपस्या, साधना और सेवा से समाज को संस्कारित किया है।



उन्होंने बताया कि ‘तपोधरा’ पुस्तक में इन महान विभूतियों के चरित्र, कार्यों, विचारों, आदर्शों और जीवन दृष्टि को संकलित किया गया है। अब इसी सामग्री पर आधारित वीडियो सीरीज तैयार की जा रही है। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखना और उन्हें उस ज्ञान परंपरा से परिचित कराना है, जिसने भारतीय समाज को दिशा दी है।



इस सीरीज में जगतगुरु भगवान श्रीकृष्ण, महर्षि सांदीपनि, महर्षि वेदव्यास, महर्षि अगस्त्य, महर्षि अत्रि, महर्षि विश्वामित्र, भगवान परशुराम, भगवान दत्तात्रेय, मत्स्येन्द्रनाथ, महर्षि पतंजलि, च्यवन ऋषि, ऋषि जाबालि, ऋषि गालव, महावीर स्वामी, आदि शंकराचार्य, चार्वाक, भर्तृहरि, भरत मुनि, महाप्रभु वल्लभाचार्य, स्वामी हरिदास, जदरूप, संत रविदास, गुरु नानकदेव, संत सिंगाजी और सेन भगत के जीवन चरित्र को शामिल किया गया है।



श्रीराम तिवारी

दो ऋषियों की जीवनगाथा से हुई शुरुआत

वीर भारत न्यास की इस विशेष वीडियो सीरीज के तहत ऋषि गालव और ऋषि जाबालि के जीवन चरित्र पर आधारित वीडियो जारी हो चुके हैं। आने वाले एपिसोड में अन्य महान ऋषियों, आचार्यों और संतों के जीवन, साधना और योगदान को सामने लाया जाएगा। ‘तपोधरा’ के माध्यम से वीर भारत न्यास ने मध्यप्रदेश की उस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया है, जिसकी जड़ें हजारों वर्षों की ज्ञान, साधना और संस्कृति की परंपरा में हैं। यह सीरीज युवाओं को अपने इतिहास से परिचित कराने, प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को समझने और उन जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेने का अवसर देती है, जिनके आधार पर भारतीय समाज की चेतना विकसित हुई है।



आप वीर भारत न्यास के यूट्यूब चैनल पर जाकर वीडियो सीरीज देख सकते हैं।

https://youtube.com/@veerbharat-sw8ov?si=9d8XZsEIGXWSvJy3

Tags:
  • मुख्यमंत्री मोहन यादव
  • वीर भारत न्यास
  • श्रीराम तिवारी
  • मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी
  • मध्यप्रदेश वीडियो सीरीज
  • Tapodhara book
  • Veer Bharat Nyas
  • मध्यप्रदेश