टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड: देवास शराब सिंडिकेट का मुख्य आरोपी मनीष जायसवाल गिरफ्तार

Amresh Kushwaha | Nov 09, 2026, 19:57 IST
टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड में शराब कारोबार से जुड़े आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
Following the arrest of an accused linked to the liquor trade in the murder case of TI Dilip Puri, the police are now investigating the entire network.
TI Dilip Puri Murder Case:मध्य प्रदेश के देवास जिले में खातेगांव थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल मनीष जायसवाल को गुजरात के वड़ोदरा से गिरफ्तार किया है। मनीष इंदौर का रहने वाला है और अवैध शराब कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, टिमरनी की शराब दुकान में उसकी 30 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसी दुकान से शराब भरकर गुजरात भेजे जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब मनीष से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।गुजरात से पकड़ा गया मनीष जायसवाल



देवास पुलिस की विशेष टीमों ने गुजरात में कार्रवाई करते हुए फरार मनीष जायसवाल को पकड़ा था। पुलिस उसे रविवार रात खातेगांव थाने लेकर पहुंची। सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया और 8 दिन की पुलिस रिमांड मांगी गई। जांच में सामने आया है कि मनीष का मध्य प्रदेश से गुजरात तक फैले अवैध शराब कारोबार से संबंध है। पुलिस को शक है कि वह शराब की सप्लाई और पैसों के लेन-देन से जुड़े कामों में अहम भूमिका निभाता था।



पुलिस अब उससे शराब तस्करी में शामिल दूसरे लोगों और इस कारोबार से जुड़ी संपत्तियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।



शराब कारोबार में मनीष की 30 फीसदी हिस्सेदारी

पुलिस के मुताबिक, टिमरनी की शराब दुकान में मनीष जायसवाल की 30 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। इसी दुकान में राहुल जायसवाल और मोहिन जायसवाल की भी 30-30 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई जा रही है।



जांच में पता चला है कि दुकान से आयशर वाहन में शराब भरकर गुजरात भेजी जा रही थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की सप्लाई किन लोगों तक होती थी और इस कारोबार से मिलने वाली रकम कहां जाती थी।



राहुल, विजय समेत कई आरोपी पहले ही गिरफ्तार

टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड में पुलिस पहले भी कई आरोपियों को पकड़ चुकी है। इनमें राहुल जायसवाल, विजय राव, केरम सिंह चंगोड़, टिमरनी शराब दुकान के एरिया मैनेजर भूपेंद्र राणा और गजेंद्र रावत उर्फ अक्कू शामिल हैं। राहुल जायसवाल, विजय राव और केरम सिंह को 10 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर रखा गया है।



वहीं, पुलिस कार्रवाई के दौरान आयशर वाहन के चालक गजेंद्र और क्लीनर धीरज के पैर में गोली लगी थी। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस इन आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।



हरदा और टिमरनी में छापेमारी, बैंक खातों की जांच

हत्याकांड के बाद पुलिस ने अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। हरदा और टिमरनी में शराब कारोबार से जुड़े दफ्तरों पर छापेमारी की गई।



इस दौरान पुलिस ने करोड़ों रुपए के लेन-देन से जुड़ी डायरियां, शराब बिक्री के रिकॉर्ड और नकदी जब्त की है। जांच में आरोपी केरम सिंह द्वारा अपनी पत्नी के कियोस्क बैंक खाते से ट्रक की फाइनेंसिंग कराने की जानकारी भी सामने आई है।



पुलिस पिछले 6 महीने के FASTag Data की जांच कर रही है। इससे पता लगाया जा रहा है कि शराब ले जाने वाले वाहन किन रास्तों से गुजरात पहुंचते थे।



अहमदाबाद में मोहिन जायसवाल की मौत

इस मामले से जुड़े अहमदाबाद निवासी मोहिन जायसवाल की मौत हो गई है। वह भी टिमरनी की शराब दुकान में 30 प्रतिशत हिस्सेदार बताया जा रहा था। जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले उसकी तबीयत खराब हुई थी। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार को उसका निधन हो गया। सोमवार सुबह उसका अंतिम संस्कार किया गया।



जांच की शुरुआत में पुलिस मोहिन को गुजरात के शराब कारोबारियों से संपर्क रखने वाली अहम कड़ी मान रही थी। पुलिस को उम्मीद थी कि उससे पूछताछ में तस्करी के Illegal Liquor Network की जानकारी मिल सकती है। लेकिन उसकी मौत के बाद जांच की यह कड़ी कमजोर पड़ गई है।



अब पटेंद्र जायसवाल की तलाश में पुलिस

मनीष जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब फरार आरोपी पटेंद्र जायसवाल की तलाश कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों, शराब कारोबार में हिस्सेदारी और वाहनों की आवाजाही का रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि तस्करी से कमाए गए पैसों का इस्तेमाल कहां किया गया।



टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड की जांच में मनीष की गिरफ्तारी को अहम माना जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि उससे पूछताछ के बाद इस मामले और अंतरराज्यीय शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आ सकती है।

Tags:
  • data
  • टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड
  • टीआई दिलीप पुरी
  • मुख्य आरोपी मनीष जायसवाल
  • देवास शराब सिंडिकेट
  • अवैध शराब कारोबार
  • गुजरात
  • मध्य प्रदेश