टाइगर रिजर्व से निकलकर शहरों और ढाबों तक पहुंच रहे बाघों के अंग, टाइगर स्टेट एमपी में ही तस्करी के सबसे ज्यादा मामले!
सवाल ये है कि क्या वाकई यह दावा सच है? ताजा सरकारी आंकड़ों ने इस दावे की पोल खोल दी है और एक बेहद डरावनी सच्चाई सबके सामने लाकर रख दी है।
राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के 2021 से 2026 तक के रिकॉर्ड की जांच में चौंकाने वाले तथ्य मिले हैं। इस रिपोर्ट के मुताबिक पूरे देश में बाघ के अंगों की जब्ती (Tiger Body Parts Seizure) के कुल 65 मामले दर्ज किए गए हैं।
हैरानी की बात यह है कि इनमें से 52 मामले यानी करीब 80 प्रतिशत मामले टाइगर रिजर्व की सीमा के बाहर पकड़े गए हैं। इसका सीधा मतलब यह है कि शिकारी और तस्कर बेखौफ होकर रिजर्व के अंदर से बाघों के अंग निकालकर बाहर ला रहे हैं।
टाइगर स्टेट की ही हालत सबसे ज्यादा चिंताजनक
देश में सबसे ज्यादा बाघ होने की वजह से मध्य प्रदेश को टाइगर स्टेट (Tiger State Madhya Pradesh) का दर्जा मिला हुआ है। दूसरी ओर बाघों के अंगों की तस्करी के मामले में भी यह राज्य सबसे आगे निकल गया है। पूरे देश में सामने आए 65 मामलों में से एक तिहाई से भी ज्यादा यानी अकेले 23 मामले मध्य प्रदेश में दर्ज हुए हैं।
इन 23 मामलों में से 18 मामले टाइगर रिजर्व के बाहर के इलाकों में पकड़े गए हैं। मध्य प्रदेश में तस्करों का जाल किस कदर फैल चुका है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बाघों के अंग अब घने जंगलों में नहीं बल्कि आम लोगों के बीच रिहायशी इलाकों में मिल रहे हैं।
मध्य प्रदेश के प्रमुख ठिकाने जहां बाघ के अंग जब्त हुए...
- बालाघाट: जिले के बैहर इलाके में एक सिनेमा हॉल के पीछे और एक स्कूल के पास से बाघ के अंग बरामद किए गए हैं।
- छिंदवाड़ा: यहां हाईवे पर मौजूद प्रिंस ढाबे के पास से तस्करी के लिए ले जाए जा रहे अंगों की जब्ती हुई है।
- अन्य प्रमुख जिले: इसके अलावा सिवनी, सतना, उमरिया, राजधानी भोपाल और शिवपुरी के शहरी व ग्रामीण इलाकों के नाम भी इस सरकारी रिकॉर्ड में शामिल हैं।
दूसरे राज्यों के हाईवे और सीमाओं तक फैला नेटवर्क
बाघों के अंगों की तस्करी का यह काला कारोबार सिर्फ मध्य प्रदेश तक ही सीमित नहीं है। एनटीसीए के आंकड़े बताते हैं कि देश के कई अन्य हिस्सों में भी तस्कर पूरी तरह सक्रिय हैं।
- कर्नाटक में नेशनल हाईवे-948 के पास से बाघ के अंग बरामद किए गए हैं।
- ओडिशा में स्टेट हाईवे के किनारे तस्करों को बाघ के अंगों के साथ पकड़ा गया है।
- पूर्वोत्तर के राज्य असम और दक्षिण के तेलंगाना में भी बाघों के अंगों की जब्ती के मामले सामने आए हैं।
- उत्तर प्रदेश में नेपाल सीमा से सटे इलाके में भी तस्करी का मामला दर्ज किया गया है।
ये सभी ठिकाने इस बात का सबूत हैं कि इस मामले की जांच सिर्फ जंगल के अंदर तक सीमित नहीं रखी जा सकती है। तस्कर सड़क मार्ग और परिवहन का इस्तेमाल करके इन अंगों को एक जगह से दूसरी जगह ले जा रहे हैं। इसलिए जांच एजेंसियों को जंगल से बाहर निकलकर इसके खरीदारों तक पहुंचना बहुत जरूरी हो गया है।
वन बल प्रमुख शिकार के आंकड़ों से अनजान
इस पूरे मामले पर जब मध्य प्रदेश वन बल प्रमुख शुभरंजन सेन ने कहा कि जंगल में बाघ का शिकार होने के बाद कोई इंसान ही उसके अंगों को जंगल से बाहर लेकर आता है।
उन्होंने यह भी माना कि अब अज्ञात जब्ती जैसा कुछ नहीं होता है। तस्कर पहले जंगल में बाघ का शिकार करते हैं। इसके बाद उसके अंग निकालकर बाहर निकलते हैं। जब पुलिस या वन विभाग की टीम उन्हें पकड़ती है, तभी इन अंगों की जब्ती हो पाती है। उन्होंने यह भी कहा कि बाघों के इन अंगों को चीन तक पहुंचाए जा रहे हैं।
हालांकि सिस्टम की सबसे बड़ी लापरवाही तब सामने आई, जब उनसे पूछा गया कि मध्य प्रदेश में अब तक कितने बाघों का शिकार हुआ है। इस सवाल पर वन बल प्रमुख ने साफ कहा कि उन्हें शिकार हुए बाघों की सही संख्या की जानकारी नहीं है।
FAQs
1. 2021 से 2026 के बीच देश में बाघ के अंगों की जब्ती के कितने मामले सामने आए हैं?
राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के रिकॉर्ड के अनुसार, साल 2021 से 2026 के बीच पूरे देश में बाघ के अंगों की जब्ती के कुल 65 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से 52 मामले यानी लगभग 80 प्रतिशत मामले टाइगर रिजर्व की सीमा के बाहर पकड़े गए हैं।
2. बाघों के अंगों की तस्करी में मध्य प्रदेश की क्या स्थिति है?
टाइगर स्टेट कहे जाने वाले मध्य प्रदेश की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक है। देश के कुल 65 मामलों में से 23 मामले अकेले मध्य प्रदेश में दर्ज हुए हैं, जिनमें से 18 मामले टाइगर रिजर्व के बाहर शहरी इलाकों, स्कूल और ढाबों के पास पकड़े गए हैं।