डेढ़ लाख देकर लाए दुल्हन, 4 महीने बाद घर से गायब! ससुर बोले- 50 हजार कैश और जेवर भी ले गई

Sandeep Kumar | Nov 11, 2026, 23:47 IST
डेढ़ लाख देकर लाए दुल्हन, 4 महीने बाद जेवर-नकदी लेकर गायब!
Bride Brought for Rs 1.5 Lakh Goes Missing After 4 Months in Tikamgarh
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में शादी के चार महीने बाद एक दुल्हन के अचानक गायब होने से हड़कंप मच गया। परिवार का आरोप है कि छत्तीसगढ़ से आई बहू घर में रखे 50 हजार रुपए और सोने-चांदी के जेवर लेकर भाग गई। बेटे की शादी के लिए परिवार ने डेढ़ लाख रुपए दिए थे। अब परेशान ससुर ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।

डेढ़ लाख रुपए देकर कराई थी बेटे की शादी

दरअसल, मामला टीकमगढ़ जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के दरगुवां गांव का है। यहां रहने वाले चंदू लोधी ने अपने बेटे बलराम लोधी की शादी छत्तीसगढ़ की सोनिया भोरिया से कराई थी। चंदू के मुताबिक, इस शादी के लिए उन्होंने डेढ़ लाख रुपए दिए थे। 24 जून 2026 को बगाजमाता मंदिर में दोनों की शादी की रस्में पूरी हुई थीं।



पति गया था मंदिर, घर में सास के साथ सो रही थी बहू

घटना वाले दिन बलराम लोधी घर पर मौजूद नहीं था। वह रतनगढ़ माता मंदिर में दर्शन करने गया हुआ था। घर के एक कमरे में सोनिया और उसकी सास पार्वती सो रही थीं। सोनिया तखत पर लेटी थी, जबकि पार्वती उसके पास नीचे सो रही थीं। वहीं, चंदू लोधी घर के बाहर बनी छपरी में सो रहे थे।



सुबह चाय के लिए जगाने गई सास तो बहू गायब

अगली सुबह पार्वती अपनी बहू सोनिया को चाय के लिए जगाने पहुंचीं। लेकिन तखत पर बहू नहीं मिली। इसके बाद परिवार ने घर में उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान कमरे में रखे रुपए और जेवर भी गायब मिले। परिवार के मुताबिक, घर से 50 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के कई गहने गायब थे। इनमें एक जोड़ी पायल, करधौना, चूड़ियां, मंगलसूत्र और झुमकी शामिल हैं।



ससुर ने थाने पहुंचकर की शिकायत

लुटेरी दुल्हन (बहू) के लापता होने और सामान गायब मिलने के बाद परिवार बड़ागांव पुलिस थाने पहुंचा। चंदू लोधी ने पुलिस को आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बहू पर नकदी और जेवर लेकर चले जाने का आरोप लगाया है। साथ ही पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।



पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

बड़ागांव धसान थाना प्रभारी कमल सिंह ठाकुर ने बताया कि चंदू लोधी की ओर से आवेदन मिला है। इसमें बहू के लापता होने और नकदी-जेवर ले जाने की शिकायत की गई है। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। थाना प्रभारी के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Tags:
  • लुटेरी दुल्हन
  • लुटेरी दुल्हन गायब
  • Tikamgarh bride missing
  • मध्यप्रदेश
  • दुल्हन धोखाधड़ी
  • Looteri dulhan
  • Marriage fraud Madhya Pradesh
  • टीकमगढ़ न्यूज