कहीं लू का ऑरेंज अलर्ट, कहीं गिरेंगे ओले: MP-CG और राजस्थान में मौसम ने बदली करवट
Weather Update: मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मौसम के दो रंग दिख रहे हैं। एक तरफ सूरज आग उगल रहा है, तो कहीं आंधी-बारिश का अलर्ट है। राजस्थान के बाड़मेर में पारा 46.8 डिग्री तक पहुंच गया है। मध्य प्रदेश के रतलाम में भी तापमान 45.5 डिग्री दर्ज हुआ। छत्तीसगढ़ में द्रोणिका के असर से मौसम थोड़ा अस्थिर बना रहेगा।
राजस्थान में भीषण लू के कारण ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मध्य प्रदेश के 17 जिलों में आज बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिन तेज हवाएं और वज्रपात संभव है। किसानों को अपनी कटी फसल सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। भीषण गर्मी और अचानक बदलता मौसम सबको हैरान कर रहा है। सावधान रहें और मौसम की हर अपडेट पर नजर रखें।
मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट - 11 मई 2026:
मध्यप्रदेश मौसम अपडेट (MP Weather Updates)
मध्यप्रदेश का मौसम इस वक्त थोड़ा अजीब है। कुछ इलाकों में जहां झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है, वहीं कुछ जगहों पर बारिश और आंधी की चेतावनी भी है। मौसम विभाग के ताजे अलर्ट के अनुसार, अगले 24 घंटे में 8 शहरों में आंधी और बारिश का असर दिख सकता है। इनमें खंडवा, छिंदवाड़ा और अनूपपुर जैसे शहर भी शामिल हैं। 12 मई के बाद मौसम थोड़ा ड्राई रहने की संभावना है, लेकिन कुछ इलाकों में लू का सामना करना पड़ सकता है।
गर्मी ने मचाई बेहाली: 40 डिग्री पार
अब बात करें गर्मी की, तो तापमान ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म शहर बन गया है, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा धार और उज्जैन जैसे शहरों में भी पारा 40 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है। मध्यप्रदेश के 11 शहरों में गर्मी का आलम यही है।
आंधी-बारिश का अलर्ट
11 मई सुबह 8:30 बजे तक मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, सागर, और पांढुर्णा जिले शामिल हैं। इन जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारों की संभावना जताई गई है।
गर्मी की चपेट में शहर: रतलाम सबसे गर्म
जब हम तापमान की बात करते हैं, तो रतलाम ने प्रदेश में सबसे गर्म शहर के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। यहां 45.5 डिग्री सेल्सियस तक का तापमान दर्ज किया गया। इसी तरह, उज्जैन और धार में भी पारा 42.4 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा खंडवा में 42.1 डिग्री, इंदौर में 41.9 डिग्री, और रायसेन में 41 डिग्री का तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
आने वाले दिनों का क्या होगा हाल?
अगर आप जानना चाहते हैं कि अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज कैसा रहेगा, तो 11 मई सुबह 8:30 बजे से लेकर 12 मई सुबह 8:30 बजे तक बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडोरी, और अनूपपुर में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। इन जगहों पर थोड़ी राहत मिल सकती है, जबकि बाकी इलाके गर्मी और लू की चपेट में रहेंगे।
छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट - 11 मई 2026:
छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट (CG Weather Update)
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन में बताया कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है। विभाग ने इस बदलाव के कारणों के बारे में बताया कि दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से लेकर मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड तक एक द्रोणिका (low-pressure area) सक्रिय है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर दिखेगा।
मौसम अस्थिर, अगले कुछ दिन रहेंगे ऐसे
मौसम विभाग के मुताबिक 11 मई के बाद बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन अगले कुछ दिन मौसम अस्थिर बना रहेगा। प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
तेज हवाओं और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने 10 से 14 मई तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका जताई है। कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 11 और 12 मई को भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें। खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। किसानों को खेतों और मंडियों में रखे उत्पादों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।
तापमान में बदलाव, गर्मी से राहत भी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में प्रदेश में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, हल्की बारिश और बादल होने के कारण कुछ इलाकों में गर्मी से राहत भी मिल सकती है। रायपुर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा। वहीं, राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां 41 डिग्री सेल्सियस का तापमान दर्ज किया गया। दूसरी ओर, पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
हल्की बारिश की संभावना इन जिलों में
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर, बस्तर और आसपास के जिलों में हल्की बारिश का अनुमान है। हालांकि, यह बारिश व्यापक नहीं होगी, बल्कि कुछ चुनिंदा इलाकों तक ही सीमित रह सकती है।
राजस्थान मौसम रिपोर्ट -11 मई 2026:
राजस्थान मौसम अपडेट (Rajasthan Weather Update)
राजस्थान में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। 10 मई को राज्य के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बाड़मेर में तो सबसे अधिक तापमान 46.8°C रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोग भीषण गर्मी और लू से परेशान हो गए। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी का असर और भी बढ़ सकता है, लेकिन कुछ इलाकों में आंधी और हल्की बारिश से राहत मिल सकती है।
जयपुर में भी गर्मी का असर
राजधानी जयपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 39.2°C दर्ज किया गया। पूरे दिन तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में जयपुर में आसमान साफ रहेगा और तापमान 38°C से 27°C के बीच रहेगा। शाम 5:30 बजे तक औसत आर्द्रता 10% से 30% के बीच दर्ज की गई, जिससे वातावरण और अधिक शुष्क बना हुआ है।
मौसम में बदलाव की संभावना: 11 और 12 मई को
मौसम विभाग के अनुसार, 11 और 12 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे राजस्थान के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है। बीकानेर, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में तेज आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात की भी संभावना है।
येलो और ऑरेंज अलर्ट: चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने 11 से 14 मई तक के लिए कई जिलों में चेतावनी जारी की है। झुंझुनू, अलवर, भरतपुर, धौलपुर और जयपुर जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर और फलौदी जिलों में लू के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां तापमान 47°C तक पहुंच सकता है, जो बहुत हीषण गर्मी होगी।
आने वाले दिनों में और बढ़ेगा तापमान
विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 5 से 6 दिनों तक पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में हीटवेव और उष्ण रात्रि की स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
किसानों के लिए अहम सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को खास तौर पर सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले आसमान में रखी कटी हुई फसलें और मंडियों में रखा अनाज अचानक बारिश और तेज हवाओं से प्रभावित हो सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपने अनाज और फसलों को सुरक्षित स्थान पर ढककर रखें, ताकि किसी भी प्रकार के नुकसान से बचा जा सके।
ये खबर भी पढ़िए...
गर्मी ने छुड़ाए पसीने! पारा पहुंचा 42 डिग्री के पार, तीनों राज्यों में लू का अलर्ट
MP-CG-Rajasthan Weather: तीनों राज्यों में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी
MP-CG-Rajasthan: मध्य भारत में गर्मी का कहर! मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
MP-CG-Rajasthan Weather: अगले 4 दिन झुलसाएगी गर्मी, तीन राज्यों में हीटवेव अलर्ट!