ट्विशा शर्मा केस: मौत के अगले दिन ब्यूटी पार्लर से घर तक सास ने जुटाए CCTV, सीबीआई ने किया खुलासा
मौत के अगले ही दिन जुटाए गए थे CCTV फुटेज
जांच एजेंसी के हलफनामे के मुताबिक 12 मई 2026 की रात ट्विशा की मौत हुई थी। उसके ठीक अगले दिन यानी 13 मई को कई कदम उठाए गए थे।
- तकनीशियन से फुटेज मांगी: 13 मई 2026 को गिरिबाला सिंह ने सबसे पहले सीसीटीवी तकनीशियन को फोन किया। इसके बाद घटना के समय की रिकॉर्डिंग की कॉपी अपने पास मंगवाई।
- ब्यूटी पार्लर की जानकारी ली: उसी दिन उन्होंने एक्सप्रेशन ब्यूटी पार्लर की संचालिका से संपर्क किया और पूछा कि क्या ट्विशा 12 मई को वहां आई थी।
- लोग भेजकर फुटेज मंगवाए: इसके बाद कुछ लोगों को मौके पर भेजकर पार्लर के अंदर और बाहर के सीसीटीवी फुटेज भी हासिल कर लिए गए।
सीबीआई का कहना है कि यह पूरी हरकत जांच के लिहाज से बहुत अहम और संदिग्ध है।
आरोपियों का रसूख और गवाहों पर खतरा
सीबीआई ने अदालत के सामने दोनों मुख्य आरोपियों की पृष्ठभूमि भी रखी है।
बता दें कि गिरिबाला सिंह एक रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश हैं। इतना ही नहीं जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त वे भोपाल जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग की अध्यक्ष के पद पर तैनात थीं। वहीं ट्विशा के पति समर्थ सिंह पेशे से वकील हैं।
चूंकि दोनों ही कानून और स्थानीय व्यवस्था में अच्छा दखल रखते हैं, इसलिए सीबीआई ने आशंका जताई है कि भोपाल में केस चलने पर निष्पक्ष सुनवाई होना मुश्किल हो सकता है।
17 अगस्त को पेश हो चुकी है चार्जशीट
सीबीआई इस मामले में 17 अगस्त 2026 को दोनों आरोपियों गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। यह चार्जशीट भारतीय न्याय संहिता के तहत पेश की गई है।
एजेंसी ने अदालत को बताया है कि दहेज मृत्यु और बाकी जरूरी पहलुओं पर जांच अभी भी जारी है। फिलहाल भोपाल की अदालत में आरोपियों पर आरोप तय करने की कानूनी प्रक्रिया चल रही है।
दिल्ली ट्रांसफर की मांग और दोबारा पोस्टमॉर्टम
ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने भोपाल में चल रहे सेशन ट्रायल को दिल्ली ट्रांसफर करने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इसी याचिका पर सुनवाई के दौरान सीबीआई ने अपना पक्ष रखा है।
बता दें कि ट्विशा और समर्थ की शादी 25 दिसंबर 2025 को हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद 12 मई 2026 की रात भोपाल के कटारा हिल्स में ससुराल के घर पर ट्विशा मृत पाई गई थीं। एक तरफ ससुराल वालों ने दावा किया था कि ट्विशा ने आत्महत्या की है। दूसरी ओर मायके वालों ने सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया था।
भोपाल में हुए पहले पोस्टमॉर्टम पर गंभीर सवाल उठे थे। इसके बाद हाईकोर्ट के दखल पर 24 मई 2026 को दिल्ली एम्स के मेडिकल बोर्ड ने ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम किया था।
FAQ
1. ट्विशा शर्मा केस (Twisha Sharma Case) क्या है?
मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा (ट्विशा शर्मा सुसाइड केस) की 12 मई 2026 की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उनकी शादी 25 दिसंबर 2025 को वकील समर्थ सिंह से हुई थी। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया था, जबकि ट्विशा के मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया था।
मामले की जांच सीबीआई कर रही है, जिसने 17 अगस्त 2026 को मृतका के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। फिलहाल मृतका के पिता ने भोपाल में चल रहे सेशन ट्रायल को दिल्ली ट्रांसफर कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। इसमें सीबीआई ने भी आरोपियों के रसूख के चलते गवाहों को प्रभावित किए जाने की आशंका जताई है।