उज्जैन की बेटियों ने जीता गोल्ड, बैडमिंटन में चीन को हराकर रचा इतिहास
समझें क्या है पूरा मामला...
- उज्जैन की छात्राओं ने नेपाल में इंटरनेशनल बैडमिंटन डबल्स प्रतियोगिता में गोल्ड जीता है।
- दोनों खिलाड़ियों ने फाइनल में चीन की टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया है।
- क्वार्टर फाइनल में दोनों ने इंडोनेशिया और सेमीफाइनल में मलेशिया की टीम को हराया है।
- इंडो-नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट में 25 देशों की टीमों ने हिस्सा लिया था।
- दोनों खिलाड़ी सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में योग से एमए की पढ़ाई कर रही हैं।
चीन को फाइनल में हराया
उज्जैन की दो खिलाड़ियों ने इंटरनेशनल बैडमिंटन डबल्स प्रतियोगिता में भारत का नाम रोशन किया है। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की विधि शर्मा और उत्कर्षा पाल ने नेपाल में आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल (गोल्ड मेडलिस्ट) जीता है।
पिछले 5 दिनों से नेपाल में चल रही इस प्रतियोगिता का फाइनल सोमवार रात खेला गया था। फाइनल मुकाबले में भारत की टीम ने चीन की टीम को हराकर गोल्ड अपने नाम किया है।
क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया को हराया
बता दें कि विधि शर्मा और उत्कर्षा पाल का चयन खेलो इंडिया के तहत हुआ था। विधि शर्मा तराना में रहती हैं, जबकि उत्कर्षा पाल उज्जैन में रहती हैं।
दोनों खिलाड़ी पहले भी बैडमिंटन की नेशनल प्रतियोगिताओं में कई खिताब जीत चुकी हैं। इस बार उन्हें नेपाल में होने वाले इंडो-नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट के लिए चुना गया था।
टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उन्होंने इंडोनेशिया की टीम को हराया था। इसके बाद सेमीफाइनल में मलेशिया की टीम को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
फाइनल मुकाबले में दोनों का सामना चीन की टीम से हुआ था। यहां भी भारतीय खिलाड़ियों ने जीत दर्ज की और गोल्ड मेडल अपने नाम किया है।
25 देशों की टीमों ने लिया हिस्सा
विधि शर्मा ने बताया कि इंडो-नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट 7 अगस्त से 11 अगस्त तक आयोजित किया गया। इस प्रतियोगिता में 25 देशों की टीमों ने हिस्सा लिया है।
विधि शर्मा और उत्कर्षा पाल दोनों सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में योग से एमए कर रही हैं। दोनों की बैडमिंटन में शुरुआत से ही रुचि रही है और वे यूनिवर्सिटी की ओर से कई बार नेशनल गेम भी खेल चुकी हैं।
खेलो इंडिया के तहत चयन
विधि शर्मा ने बताया कि इंडो-नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट के लिए उनका चयन दिल्ली में खेलो इंडिया के तहत हुआ था। इसके बाद से उन्होंने ओपन टूर्नामेंट खेला है।
अब पहली बार इंटरनेशनल बैडमिंटन डबल्स प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर विधि शर्मा ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
परिवार में खुशी का माहौल
विधि शर्मा के पिता मुकेश शर्मा ने बेटी की इस जीत पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह उनके परिवार के लिए काफी खुशी का दिन है, क्योंकि उनकी बेटी ने परिवार के साथ पूरे भारत का नाम गौरवान्वित किया है।
उन्होंने बताया कि विधि शर्मा ने पहली बार इंटरनेशनल बैडमिंटन डबल्स प्रतियोगिता में गोल्ड का खिताब जीता है।
मुकेश शर्मा के मुताबिक, विधि शर्मा 15 अगस्त को उज्जैन आएंगी। इस दौरान विधि शर्मा और उनकी पार्टनर उत्कर्षा पाल का भव्य स्वागत किया जाएगा।
ये खबरें भी पढ़िए...
जबलपुर के अमित कुमार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी सम्मानित, जानें वजह
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, एक दिन में जीते 8 गोल्ड
कॉमनवेल्थ गेम्स: जूडो में भारत को 2 गोल्ड, नीरज का मुकाबला रात साढ़ें 12 बजे से
गोल्ड मेडल पर स्टूडेंट का नाम छपा, दीक्षांत समारोह में दूसरे को दिया, हाई कोर्ट पहुंचा छात्र