1.27 करोड़ की ठगी और रेप केस: उज्जैन में कारोबारी बेटी से जुड़े मामले का खुलासा

Sandeep Kumar | Aug 20, 2026, 23:53 IST
1.27 करोड़ की ठगी और रेप केस
एमपी के उज्जैन में कारोबारी की बेटी को शादी का झांसा देकर रेप किया था। साथ ही 1.27 करोड़ रुपए खर्च कराए थे। इस मामले में पुलिस ने खुलासा किया है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • उज्जैन में शादी के झांसे का मामला सामने आया।
  • आरोपी ने कारोबारी बेटी से 1.27 करोड़ खर्च कराए।
  • पुलिस ने आरोपी मनीष को राजस्थान से पकड़ा।
  • आरोपी सोशल मीडिया से महिलाओं को फंसाता था।
  • पुलिस बैंक और सोशल मीडिया जांच कर रही है।

मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक कारोबारी की बेटी के साथ शादी का झांसा देकर शोषण और ठगी का मामला सामने आया था। पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पीड़िता से 1.27 करोड़ रुपए खर्च करा लिए थे।



माधवनगर पुलिस ने जयपुर निवासी 36 वर्षीय आरोपी मनीष को राजस्थान के पाली से 13 अगस्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस अब उसके बैंक लेनदेन और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर रही है।



सोशल मीडिया से शुरू हुआ जाल

पुलिस के अनुसार आरोपी मनीष तलाकशुदा और हाईप्रोफाइल परिवार की महिलाओं को सोशल मीडिया के जरिए निशाना बनाता था। वह पहले महिलाओं का भरोसा जीतता, फिर शादी का झांसा देकर उनसे महंगे शौक पूरे कराता था।



उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी सोशल मीडिया और दोस्तों के जरिए महिलाओं को जाल में फंसाता था। उन्होंने बताया कि पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने फिल्मों से भी ट्रिक सीखी थी और लगातार मोबाइल नंबर व ठिकाने बदलता रहता था।



उज्जैन में हुई पहली मुलाकात

पुलिस के मुताबिक महिला ने 13 मई 2026 को माधवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों की पहली मुलाकात उज्जैन में हुई थी, जहां आरोपी घूमने आया था। मुलाकात के दौरान दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए, जिसके बाद बातचीत शुरू हुई।



आरोपी ने धीरे-धीरे महिला का भरोसा जीता और शादी का झांसा देकर संबंध बनाए। इसके बाद उसने महिला से महंगे सामान और अन्य खर्च कराने शुरू कर दिए।



1.27 करोड़ रुपए तक पहुंचा खर्च

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिला से 35 लाख रुपए से शुरुआत कर धीरे-धीरे 1 करोड़ 27 लाख रुपए तक की रकम खर्च करा ली। आरोपी और महिला के बीच करीब 3 से 4 महीने तक संपर्क बना रहा। इसी छोटी अवधि में करोड़ों रुपए का लेनदेन हो गया।



पुलिस ने आरोपी से करीब 5 लाख रुपए कीमत का सामान भी जब्त किया है। इनमें कई जोड़ी जूते, चप्पल और एक ट्रॉली बैग शामिल हैं। जब्त सामान में एक जूता अकेले 21 हजार रुपए का बताया गया है।



ज्वेलरी दुकान भी जांच के घेरे में

एसपी के अनुसार आरोपी ने एक ज्वेलरी की दुकान भी खोली थी। महिला अक्सर उससे मिलने इस दुकान पर जाती थी। पुलिस अब इस दुकान से जुड़े दस्तावेज और लेनदेन की भी जांच कर रही है।



पाली से हुई गिरफ्तारी

आरोपी लगातार अलग-अलग किराए के मकानों में ठिकाना बदलकर रहता था, जिसकी वजह से पुलिस को उस तक पहुंचने में समय लगा। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर आखिरकार पुलिस ने उसकी लोकेशन राजस्थान के पाली में ट्रेस की। इसके बाद माधवनगर पुलिस ने गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।



ujjain-businessman-daughter-fraud-case


अन्य महिलाओं से भी संपर्क की आशंका

पुलिस को जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी कई अन्य महिलाओं के भी संपर्क में था। अब उसके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही बैंक ट्रांजैक्शन, नकद लेनदेन और ऑनलाइन शॉपिंग के रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, ताकि ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।



ये भी पढ़ें...

RGHS में शामिल कैंसर की CAR-T थेरेपी, जानें कैसे मिलेगा फायदा?



महिलाओं का साइकिल से पीछा... फिर करता था रेप, रायपुर हत्याकांड में बड़ा खुलासा



ग्वालियर में युवती से गैंगरेप, FIR के लिए तीन थानों तक भटकी पीड़िता



बिजनेसमैन से हनीट्रैप के जरिए 90 लाख की ठगी, एआई और डीपफेक से ब्लैकमेलिंग







Tags:
  • राजस्थान
  • मध्य प्रदेश
  • सोशल मीडिया
  • कारोबारी
  • उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा