शिप्रा तट पर मंत्रों की जगह गूंजे अपशब्द, महाआरती के दौरान चले लात-घूंसे
समझें क्या है पूरा मामला...
- उज्जैन के शिप्रा घाट पर मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है।
- महाआरती के दौरान मंत्रों की जगह अपशब्द सुनाई दिए।
- फूल-प्रसाद विक्रेताओं और पुजारियों के बीच विवाद हुआ।
- घटना 28 जून की शाम रामघाट पर हुई।
- पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है।
वीडियो में क्या दिखा
वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरती के दौरान माहौल अचानक बिगड़ गया। श्रद्धालु और पर्यटक हैरान होकर यह नजारा देखते रहे। कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की। लेकिन विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फूल-प्रसाद विक्रेता हमेशा की तरह आरती के बीच में ही सामान बेचने की जिद कर रहे थे। इससे आरती की मर्यादा भंग हो रही थी। पुजारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी बात पर विवाद शुरू हुआ।
किसने दर्ज कराई शिकायत
बिलोटीपुरा निवासी विकास शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। इस मामले में गणेश पिता शशिकांत शर्मा को चोट आई है। पुलिस ने इस मामले में ममता परमार और क्षिप्रा मराठा के खिलाफ केस दर्ज किया है।
फरियादी ने पुलिस को बताया कि वे रामघाट पर भाई के साथ पंडिताई का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि 28 जून की शाम आरती के दौरान उक्त महिलाएं फूल-प्रसाद बेच रही थीं। मना करने पर वे उत्तेजित हो गईं और अपशब्द कहते हुए मारपीट पर उतारू हो गईं।
फरियादी के मुताबिक उनके हाथ और आंख में चोट आई है। जब उनका भाई बीच-बचाव के लिए आया तो उससे भी मारपीट की गई।
पुलिस ने क्या कार्रवाई की
थाना महाकाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज किया है। मारपीट में दोनों तरफ से चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। इनमें एक युवती भी शामिल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घाट पर क्यों बढ़ रही समस्या
यह पहली बार नहीं है जब घाट पर अवैध दुकानदारी को लेकर विवाद हुआ हो। घाट पर लगातार तख्त और ठेले बढ़ते जा रहे हैं। इससे आरती और धार्मिक गतिविधियों में बाधा आ रही है।
पुलिस ने पहले इस बारे में नगर निगम को पत्र भी लिखा है। घाट की सुरक्षा और वहां चल रही अवैध दुकानदारी अब गंभीर सवाल बन गई है।
एक पुजारी और दूसरा फूल-प्रसाद बेचने वाला
वहीं महाकाल थाने के टीआई गगन बादल ने बाताया कि दो पक्ष भिड़े, एक पुजारी और दूसरा फूल-प्रसाद बेचने वाला है।
टीआई ने बताया कि मारपीट में दोनों पक्षों से एक युवती समेत चार लोग घायल हुए हैं। क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। नगर निगम को भी पत्र लिख चुके हैं कि घाट पर लगातार तख्त बढ़ते जा रहे हैं।
ये खबरें भी पढ़िए...
मध्यप्रदेश न्यूज: बेडरूम की वीडियो दूसरों को भेज रहा था! कुक मारपीट मामले पर बोले शशांक सिंह
एमपी न्यूज: पोस्टमार्टम से पहले चल पड़ी युवक की धड़कन, डॉक्टर्स भी रह गए हैरान
आधी रात युवती से मिलने पहुंचा युवक, जमकर हुई पिटाई, जूतों की माला पहनाकर खंभे से बांधा
ऑफिस से बिस्किट घर ले गया चपरासी! अधिकारियों ने भ्रष्टाचारी कहकर नौकरी से निकाला