किसी की औकात नहीं जो मुझे टिकट दे, चुनाव लड़ने का फैसला मैं खुद करती हूं-उमा भारती के तीखे तेवर
मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती एक बार फिर अपने तीखे बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने चुनाव लड़ने और टिकट मिलने के सवाल पर दो टूक जवाब दिया है। यह बात उन्होंने ग्वालियर में मीडिया और समर्थकों से बातचीत के दौरान कही है।
उमा भारती ने कहा कि किसी की औकात नहीं है, जो मुझे टिकट दे। मैं खुद तय करती हूं कि मुझे चुनाव लड़ना है या नहीं।
उमा भारती का यह बयान इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि वे पहले ही 2029 का लोकसभा चुनाव झांसी से लड़ने की इच्छा जता चुकी हैं। अब टिकट को लेकर उनके इस अंदाज के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।
टिकट के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहने का संदेश
बता दें कि ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर बातचीत के दौरान उमा भारती से आगामी चुनाव और टिकट को लेकर सवाल किया गया था। इसके जवाब में उन्होंने साफ कर दिया कि चुनाव लड़ना है या नहीं, इसका फैसला वे खुद करती हैं। उनके बयान को टिकट के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहने के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
खास बात यह है कि पिछले साल उमा भारती ने कहा था कि यदि पार्टी चाहेगी तो वे चुनाव जरूर लड़ेंगी। ऐसे में टिकट को लेकर उनके नए बयान ने सियासी चर्चा को फिर हवा दे दी है।
झांसी से लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा
उमा भारती पहले भी अपनी चुनावी राजनीति में वापसी को लेकर कई बार बयान दे चुकी हैं। उन्होंने अक्टूबर 2025 में साफ कहा था कि यदि वे 2029 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगी तो सिर्फ झांसी से लड़ेंगी। हालांकि उन्होंने यह शर्त भी रखी थी कि उनकी वजह से झांसी के मौजूदा सांसद अनुराग शर्मा को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
चुनाव लड़ने को लेकर कब क्या बोलीं उमा भारती?
30 अगस्त 2025 : जनता की ताकत का किया जिक्र
उमा भारती ने कहा था कि जब उन्हें लगेगा कि वे चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं तभी चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके पास जनता की ताकत है।
22 अक्टूबर 2025 : झांसी से चुनाव लड़ने की बात कही
भोपाल में उमा भारती ने कहा था कि वे 2029 का लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। पार्टी चाहेगी तो चुनाव जरूर लड़ेंगी और इसके लिए उनकी पसंद झांसी सीट होगी।
23 अक्टूबर 2025 : मौजूदा सांसद को लेकर रखी शर्त
भोपाल में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था कि पार्टी चुनाव लड़ने के लिए कहेगी तो वे मना नहीं करेंगी। हालांकि उनकी वजह से मौजूदा सांसद अनुराग शर्मा को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
26 नवंबर 2026 : टिकट को लेकर दिखाए तीखे तेवर
ग्वालियर में टिकट वितरण के सवाल पर उमा भारती ने कहा कि चुनाव लड़ने या नहीं लड़ने का फैसला वे खुद करती हैं।
अचानक बिगड़ी तबीयत, भोपाल जाने का कार्यक्रम रद्द
दरअसल उमा भारती वृंदावन से लौटते समय ग्वालियर में रुकी थीं। बुधवार शाम उन्हें वंदे भारत एक्सप्रेस से भोपाल जाना था। इसके लिए वे ट्रेन के निर्धारित समय से करीब एक घंटे पहले रेलवे स्टेशन पहुंच गई थीं। यहां वे समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रही थीं।
इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। असहज महसूस होने पर उन्होंने भोपाल जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया और सर्किट हाउस लौट गईं। उनके स्टेशन से निकलने के करीब पांच मिनट बाद ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची। फिलहाल वे डॉक्टरों की निगरानी में आराम कर रही हैं। जानकारी के मुताबिक उनकी स्थिति सामान्य है।