इंदौर में हर माह यूपीआई से हो रहा 11,329 करोड़ का पेमेंट, मप्र में 63 हजार करोड़
केंद्र यूपीआई से दो हजार से अधिक के भुगतान पर 0.4 फीसदी एमडीआर लागू करने जा रही है। इंदौर में व्यापारी इसका विरोध कर रहे हैं और इसके लिए 23 सितंबर को नो यूपीआई पेमेंट डे भी घोषित किया है। वहीं अब नेशनल पेमेंट कार्पोरेशन आफ इंडिया (एनपीसीआई) द्वारा यूपीआई पेमेंट के आंकड़े सामने आए हैं। इसमें मप्र के शहरों के आकंड़े हैं।
इंदौर में सबसे ज्यादा यूपीआई पेमेंट
अगस्त माह के आंकड़े जो सामने आए हैं। इसके तहत मप्र में एक माह में 50.79 करोड़ के यूपीआई ट्रांजेक्शन हुए हैं। इनके जरिए 63 हजार 628 करोड़ का लेन-देन किया गया है। वहीं मप्र में इंदौर में सबसे ज्यादा 11 हजार 329 करोड़़ का भुगतान हुआ है।
- इंदौर- 9.33 करोड़ ट्रांजेक्शन के जरिए 11 329 करोड़ का भुगतान
- भोपाल- 5.90 करोड़ ट्रांजेक्शन से 6 हजार 634 करोड़ का भुगतान
- ग्वालियर- 2.43 करोड ट्रांजेक्शन से 3 हजार 315 करोड़ का भुगतान
- उज्जैन- 2.20 करोड़ ट्रांजेक्शन से 2 हजार 730 करोड़ भुगतान
- जबलपुर- 2.13 करोड़ ट्रांजेक्शन से 1 हजार 827 करोड़ का भुगतान
(धार में 1857 करोड़ और देवास में 1 हजार 583 करोड़ का भुगतान यूपीआई से अगस्त माह में हुआ)
देश में कुल इतना ट्रांजेक्शन
अगस्त माह के देश भर के आंकड़ोें की बात करें तो कुल 2 हजार 450 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए हैं। इन ट्रांजेक्शन के जरिए यूपीआई से देशभर में 29.82 लाख करोड़ रुपए का लेन-देन किया गया है।
इंदौर में दो हजार करोड़ शुल्क का दायरे में
जानकारों के अनुसार इंदौर में हो रहे 11 हजार करोड़ के मासिक यूपीआई ट्रांजेक्शन में से दो हजार रुपए से अधिक मूल्य वाले ट्रांजेक्शन करीब 2 हजार 200 करोड़ के होते हैं। यह एमडीआर के दायरे में आएंगे।
इंदौर में लगे हैं विरोध के पोस्टर
इंदौर में 18 सितंबर को दुकानों के बाहर यूपीआई पर शुल्क के विरोध के पोस्टर, बैनर लगा दिए गए हैं। वहीं इंदौर मध्य क्षेत्र के सघन बाजार स्थित 50 से अधिक व्यापारिक संगठनों ने 23 सितंबर को नो यूपीआई डे घोषित कर दिया है। रेडीमेंड गारमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अक्षय जैन ने कहा कि इस दिन यूपीआई को नो कहेंगे और कोई भुगतान नहीं लेंगे, साथ ही यूपीआई पर काले कपड़े ढंक कर विरोध किया जाएगा।
अहिल्या चेंबर बैठक में फैसला
वहीं 18 सितंबर को ही 100 से ज्यादा व्यापारी संगठनों की बैठक अहिल्या चेंबर के नेतृत्व में हुई। फैसला हुआ कि 15 अक्टूबर से 2 हजार से अधिक का UPI भुगतान स्वीकार नहीं करेंगें साथ ही 23 सितंबर को इंदौर में नो upi पेमेंट डे मनाया जाएगा।
अहिल्या चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, इंदौर के अध्यक्ष रमेश खंडेलवाल ने कहा कि UPI पर शुल्क लगाया जाना ‘डिजिटल इंडिया’ के उद्देश्य की राह में बड़ा अवरोध साबित होगा। बैठक में कैलाश मुंगड अक्षय जैन, वासु, प्रतिपाल टोंग्या, अनिल रांका, गोपालदास अग्रवाल, नरेंद्र बापना, अंकुर जैन और राजेश बाहेती सहित अन्य व्यापारी मौजूद थे।
ये भी पढ़ें...
23 सितंबर को नो यूपीआई डे, इंदौर में व्यापारियों का UPI पर शुल्क का बड़ा विरोध
दो हजार से ऊपर यूपीआई पेमेंट पर लगेगा चार्ज, जानें आम लोगों पर क्या होगा असर
क्या बंद हो जाएगा फ्री में यूपीआई पेमेंट? भारत पे के पूर्व को-फाउंडर ने कही ये बात
मध्यप्रदेश की चेकपोस्ट पर ट्रकों से फिर वसूली, यूपीआई और नकद ले रहे 500 रुपए