जबलपुर में भागवत कथा बीच में छोड़ गए रेप के आरोपी उत्तम स्वामी, ब्रह्म मुहूर्त में रेंज रोवर से रवाना, ठिकाने पर सस्पेंस

Neel Tiwari | Feb 14, 2026, 17:05 IST
Photograph: (the sootr)
जबलपुर में रेप के आरोपों के बाद उत्तम स्वामी महाराज कथा बीच में छोड़कर चले गए। ब्रह्म मुहूर्त में रेंज रोवर से हुए रवाना, उनके ठिकाने को लेकर रहस्य बना हुआ है।

News in short

  • राजस्थान की युवती ने उत्तम स्वामी पर दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाए।
  • 12 फरवरी को दिल्ली पुलिस कमिश्नर को ई-मेल भेजकर सुरक्षा की मांग।
  • जबलपुर के हीरापुर बंधा में चल रही कथा बीच में छोड़कर ब्रह्म मुहूर्त में रवाना।
  • 4 बजे तक इंतजार के बाद यज्ञ आचार्य तिवारी महाराज ने संभाली कथा।
  • आयोजकों ने स्वास्थ्य खराब होने की दी दलील, लेकिन ठिकाने को लेकर कोई पुष्टि नहीं।

Intro

जबलपुर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा उस समय चर्चा का विषय बन गई जब दुष्कर्म के आरोपों से घिरे कथावाचक उत्तम स्वामी अचानक आयोजन स्थल से गायब हो गए।



ब्रह्म मुहूर्त में रेंज रोवर से रवाना होने की चर्चा के बीच उनके ठिकाने को लेकर तरह-तरह की बातें सामने आ रही हैं। आरोपों के सार्वजनिक होने के बाद कथा वाचन अब अन्य कथावाचकों द्वारा किया जा रहा है।



आरोपों के बीच कथा अधूरी

भेड़ाघाट के पास हीरापुर बंधा ग्राम में 9 फरवरी से 15 फरवरी तक चल रहे श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव एवं सहस्त्र चंडी यज्ञ अनुष्ठान के दौरान यह घटनाक्रम सामने आया। श्रद्धालुओं के अनुसार, शुरुआती तीन दिनों तक उत्तम स्वामी ने कथा वाचन किया, लेकिन उसके बाद से वह मंच पर दिखाई नहीं दिए। आरोप सामने आने के बाद उन्होंने कथा बीच में ही छोड़ दी। यह बात अब तय मानी जा रही है।



यह खबरें भी पढ़ें..



उत्तम स्वामी पर रेप का आरोप : जबलपुर में खुद को कमरे में बंद किया, कथा करने भी नहीं आए



रेप के आरोप झेल रहे महामंडलेश्वर ईश्वरानंद उत्तम स्वामी मिल चुके हैं 8 फीट लंबे अश्वत्थामा से!



ब्रह्म मुहूर्त में रेंज रोवर से रवाना

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, उत्तम स्वामी ब्रह्म मुहूर्त में अपनी रेंज रोवर से आयोजन स्थल से निकल गए। कुछ लोगों का दावा है कि वह नर्मदा तट की ओर गए हैं, जबकि अन्य का कहना है कि वह किसी शिष्य के यहां ठहरे हुए हैं। हालांकि सुबह से लेकर शाम तक उनके ठिकाने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।



आयोजकों की सफाई, लेकिन सवाल बरकरार

जब हमारी टीम आयोजन स्थल पहुंची तो आयोजकों की ओर से बताया गया कि महाराज का स्वास्थ्य ठीक नहीं है, इसलिए वह कथा वाचन नहीं कर पाए। कहा गया कि दोपहर 3:30 बजे तक कथा शुरू होगी। लेकिन 4:00 बजे तक इंतजार के बावजूद उत्तम स्वामी नहीं पहुंचे। अंततः यज्ञ आचार्य तिवारी महाराज ने कथा का वाचन प्रारंभ किया। इससे आयोजकों की दलील पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।



श्रद्धालुओं में चर्चा और असमंजस

श्रद्धालुओं से बातचीत में सामने आया कि पहले तीन दिन तक कथा सामान्य रूप से चली, लेकिन उसके बाद से उत्तम स्वामी मंच से दूर हैं। कई श्रद्धालु इस अचानक अनुपस्थिति को आरोपों से जोड़कर देख रहे हैं। आयोजन स्थल पर असमंजस और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।



राजस्थान की युवती ने लगाए गंभीर आरोप

दरअसल, उत्तम स्वामी पर राजस्थान निवासी एक युवती ने दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं। युवती ने 12 फरवरी को दिल्ली पुलिस कमिश्नर को ई-मेल भेजकर अपनी सुरक्षा की मांग की है। उसका कहना है कि एफआईआर दर्ज करवाने की भनक लगते ही उसे धमकियां मिलनी शुरू हो गईं।



समझौते का दबाव और निजी जानकारी का डर

पीड़िता का आरोप है कि उत्तम स्वामी महाराज प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं। उनके करीबी लोग समझौते का दबाव बना रहे हैं। युवती ने ई-मेल में लिखा है कि उसके और उसके परिवार से जुड़ी बेहद निजी जानकारी कुछ लोगों के पास है, जिससे उसे किसी अनहोनी की आशंका है।



यह खबरें भी पढ़ें..



जहां से निकले हो वहीं घुसेड़ दूंगा: हाईकोर्ट जज पर वकील ने लगाए आरोप, X पर किया पोस्ट



डिस्ट्रिक बार की मांग पर बदला हाईकोर्ट का कैलेंडर, 4 मार्च को अवकाश घोषित



एक दिन बाकी, लेकिन मुख्य कथावाचक गायब

15 फरवरी तक चलने वाले इस आयोजन का अब सिर्फ एक दिन शेष है। लेकिन जिस कथावाचक के नाम पर आयोजन प्रचारित हुआ, वही अब मंच से नदारद है। कल भी उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह नहीं मिले। आज सुबह से उनकी लोकेशन को लेकर किसी के पास स्पष्ट जानकारी नहीं है। अब उनकी जगह इस कथा का वाचन यज्ञ आचार्य तिवारी महाराज कर रहे हैं।



इस पूरे घटनाक्रम ने जबलपुर में धार्मिक आयोजनों की पारदर्शिता और आयोजकों की जवाबदेही पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि आरोपों पर क्या कानूनी कार्रवाई होती है और क्या उत्तम स्वामी सार्वजनिक रूप से सामने आकर अपना पक्ष रखते हैं।



Tags:
  • राजस्थान
  • भेड़ाघाट
  • भागवत कथा
  • ब्रह्म मुहूर्त
  • उत्तम स्वामी महाराज
  • उत्तम स्वामी