वंदेमातरम विवाद में बोले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार- पार्टी को समय पर कार्रवाई करना चाहिए
News in Short
- इंदौर में वंदेमातरम को लेकर विवाद हुआ।
- कांग्रेस पार्षदों के बयान से मामला बढ़ा।
- पार्टी स्तर पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई।
- उमंग सिंघार ने कार्रवाई में देरी पर बयान दिया।
- अन्य नेताओं के बयान भी अलग अलग सामने आए।
News in Detail
मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार 14 अप्रैल को इंदौर में हैं। वह पहले डॉ. अंबेडकर जयंती के मौके पर महू गए और श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पहले सीएम मोहन यादव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी गए थे। इसके बाद सिंघार पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के यहां उनकी पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त करने गए। साथ ही मीडिया से चर्चा की।
दोनों पार्षदों ने क्या बोला था
इंदौर नगर निगम बजट सत्र में वंदेमातरम नहीं गाने को लेकर फौजिया शेख अलीम ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि मैं वंदेमातरम नहीं गाऊंगी। फिर पार्षद रुबीना इकबाल खान ने भी कहा कि किसी के बाप में दम नहीं कि वह जबरदस्ती वंदेमातरम बुलवा सके। कांग्रेस पार्टी जाए भाड़ में।
कांग्रेस नेताओं के इस बयान पर अलग अलग बयान
- इस मामले में सबसे पहले शहराध्यक्ष इंदौर चिंटू चौकसे का बयान आया। उन्होंने कहा कि रुबीना को निष्कासित करने का पत्र भोपाल भेजा है और उन्हें तो पार्टी से निष्कासित ही मानिए। फौजिया पर कहा कि पार्टी फैसला लेगी।
- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मामले को ठंडा किया और कहा कि पार्टी को इस बारे में सब कुछ पता है और समय आने पर पार्टी फैसला लेगी।
- कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने कहा कि दोनों पार्षद सम्मान नहीं कर सकते तो पाकिस्तान में जाकर बस जाएं
- चिंटू चौकसे के करीबी पार्षद राजू भदौरिया ने कहा कि इस मामले में शेख अलीम और महापौर के बीच डील हुई, इसलिए फौजिया और रुबीना ने यह नूरा कुश्ती की।
अब उमंग सिंघार ने दिया यह बयान
वहीं अब उमंग सिंघार का बयान सामने आया है। उन्होंने इस मुद्दे पर एक लाइन में कहा कि जब इस तरह की बात होती है तो पार्टी को समय पर कार्रवाई करना चाहिए। सिंघार के बयान से संकेत जाता है कि पार्टी स्तर पर कार्रवाई में हो रही देरी उन्हें भी रास नहीं आ रही है।
आकाश के आतंकी वाले बयान पर ये बोले
पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने हाल ही में वंदेमातरम नहीं गाने वालों को देशद्रोही और आतंकवादी कहा था। जीतू पटवारी के लिए कहा था वह देशद्रोही है और उन्हें तो घर में नहीं घुसने देना चाहिए। इस पर उमंग सिंघार ने सधा हुआ जवाब देते हुए कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है। मुझे लगता है यह उनका निजी बयान होगा।
साफ पानी नहीं तो टैक्स भी नहीं दे इंदौर
उधर भागीरथपुरा घटना पर सिंघार ने कहा कि इंदौर की जनता टैक्स भी दे रही है और गंदा पानी मिल रहा है। हम तो हर स्तर पर विधानसभा में यह मुद्दा उठा रहे हैं, लेकिन सरकार सो रही है। गंदे पानी से कैंसर, किडनी, लीवर की बीमारी हो रही है। मैं तो कहूंगा जब तक साफ पानी नहीं मिले, लोगों को टैक्स नहीं देना चाहिए।
यूसीसी समान नागरिक कानून नहीं
वहीं बीजेपी द्वारा यूसीसी लाने की बात पर उन्होंने कहा कि बाबासाहेब हमेशा सभी वर्गों के लिए समानता की बात करते थे, वहीं बीजेपी सरकार UCC लाने जा रही है। मगर ये समान नागरिक कानून नहीं है ये बीजेपी के लोग एक कंट्रोल नागरिक कानून चाहते हैं। क्या UCC में दलित और आदिवासियों के अधिकारों को सुरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि आरएसएस ने कभी दलित और आदिवासी को सरसंघचालक नहीं बनाया। फिर ये कैसी समानता। आज लड़ाई समानता और संविधान की है।
सीएम भी बोले थे- कांग्रेस अध्यक्ष कर रहे बचाव
सीएम मोहन यादव भी सोमवार को इंदौर में रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नेता इसी धरती पर वंदेमातरम का अपमान करें, भारत माता का अपमान करें और यह दुर्भाग्य है कि कांग्रेस के अध्यक्ष उनका बचाव करें। कांग्रेस अध्यक्ष ने माफी नहीं मांगी है।
रुबीना ने पकड़े कान
उधर इसी मामले में पुलिस ने कांग्रेस पार्षद रुबीना खान से थाने बुलाकर पूछताछ की बाहर आकर रुबीना खान मीडिया से कहा कि मैं पहले ही खेद व्यक्त कर दिया है। मुझे बस गुस्सा जल्दी आ जाता है, इसलिए ऐसा हो गया था और अब तो मैंने कान पकड़ लिए, अब नहीं होगा।
RSS और हिंदू संगठन फोन कर रुबीना इकबाल को बोल रहे वंदे मातरम्, परेशान होकर फोन किया बंद
वंदे मातरम विवाद में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की इंट्री, सभी के वीडियो और जानकारी ली