'कांग्रेस का हाथ हमास और जेहादियों के साथ' वीडी शर्मा ने कहा- कांग्रेस ने हमेशा आतंकवाद और नक्सलवाद का समर्थन किया

BP Shrivastava | Oct 11, 2023, 24:00 IST
'कांग्रेस का हाथ हमास और जेहादियों के साथ' वीडी शर्मा ने कहा- कांग्रेस ने हमेशा आतंकवाद और नक्सलवाद का समर्थन किया
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, कांग्रेस निंदा करने के स्थान पर हमलावरों के समर्थन में प्रस्ताव पारित करना यह साबित करता है कि कांग्रेस का हाथ जेहादियों के साथ है।

BHOPAL. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस पर जबर्दस्त निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) में निंदा करने के स्थान पर हमलावरों के समर्थन में प्रस्ताव पारित करना यह साबित करता है कि कांग्रेस का हाथ जेहादियों के साथ है। वीडी ने मीडिया से चर्चा में कहा कि ये कोई पहली बार नहीं हो रहा है, जब आतंकवाद, नक्सलवाद और जेहादियों का समर्थन कांग्रेस ने किया हो। कांग्रेस समय-समय पर ऐसा करती आई है। कांग्रेस का यह कृत्य दुर्भाग्यपूर्ण है। देश की 140 करोड़ जनता कांग्रेस के इस कृत्य की निंदा कर रही है।



यहां बता दें, इजराइल और फिलिस्तीनियों (हमास के आतंकी) के बीच चल रही जंग जारी है और कांग्रेस ने इजराइल के हमास पर उलटवार की निंदा की है। अब दोनों देशों की जंग को लेकर यहां सियासत होने लगी है।



राहुल ने भारत को बदनाम करने का काम किया

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी जिन्हें भारत में कोई नहीं सुनता वे विदेश में जाकर भारत को बदनाम करने का काम करते हैं। उन्होंने कर्नाटक में भी सिमी जैसे संगठन का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश पर हमला करने वाले के पक्ष में हमेशा खड़ी नजर आती है। उन्होंने पुराने आरोपों को दोहराया। कहा, कांग्रेस की नेता सोनिया गांधी ने बटाला हाउस इनकाउंटर पर आंसू बहाए थे। राहुल गांधी टुकड़े-टुकड़े गैंग को गले लगाने जाते हैं। कसाब, यासीन मलिक जैसे लोगों को कांग्रेस समर्थन देती है। जाकिर नाइक जैसे लोगों से कांग्रेस ने चंदा लिया। दिग्विजय उन्हें शांतिदूत कहते हैं। कांग्रेस नेता कहते हैं, इससे ज्यादा डर हिंदुत्व से लगता है। इजराइल की इस दुख की घड़ी में जब पीएम नरेंद्र मोदी उनके साथ खड़े हैं तो और कांग्रेस हमास के साथ खड़ी है।



'राहुल गांधी महापुरुष को याद करते तो अच्छा होता'

राहुल गांधी के आदिवासी और वनवासी अलग होने के बयान पर वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेसियों में अभी भी अंग्रेजों का डीएनए है। इसीलिए वह फूट डालो, शासन की नीति पर काम करते हैं। शहडोल में खड़े होकर किसी जनजाति महापुरुष को नमन करते तो अच्छा लगता पर उन्होंने कभी उनके उत्थान के लिए काम नहीं किया। इस समाज को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए हमेशा बीजेपी ने काम किया है। इसी धरती से राष्ट्रपति महोदय ने पेसा एक्ट लागू करके उन्हें अधिकार दिलाने का काम किया है।



'बीजेपी के गुड गवर्नेंस से कांग्रेस बौखलाई'

कांग्रेस की जातिगत जनगणना पर वीडी ने कहा कि हम जोड़ने का काम करते हैं। वह तोड़ने का काम करते हैं। बीजेपी ने जो गुड गवर्नेंस दी है, इससे कांग्रेस बौखलाई है। एमपी में बढ़ते महिला अपराधों पर शर्मा ने कहा कि इसी एमपी में महिला और बच्चियों के साथ गलत काम करने वाले अपराधियों को फांसी पर लटकाने का कानून लागू करने वाला पहला राज्य है। बेटियों को अभिशाप से अभिमान बनाने का काम हमारी सरकार ने किया।



Tags:
  • Bhopal News
  • Madhya Pradesh News
  • मध्यप्रदेश न्यूज
  • भोपाल समाचार
  • BJP said Congress's hand is with Hamas
  • Congress Working Committee
  • BJP President VD Sharma
  • बीजेपी ने कहा कांग्रेस का हाथ हमास के साथ
  • कांग्रेस वर्किंग कमेटी
  • बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा