MP-CG और राजस्थान में मौसम का डबल अटैक: कहीं लू, तो कहीं आंधी-बारिश की चेतावनी

Amresh Kushwaha | Apr 29, 2026, 07:42 IST
weather update madhya pradesh chhattisgarh rajasthan
मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। मौसम विभाग ने 46 डिग्री तापमान के बीच आंधी-बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।

Weather Update: मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर जारी है। एमपी के कई जिलों में पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया है। यहां 9 जिलों में लू और 21 में बारिश का अलर्ट है।



छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पारा 43 डिग्री के पार निकल गया है। यहां अगले 48 घंटों में आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी है। राजस्थान में भी अंधड़ और बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मई में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।



फिलहाल तीनों राज्यों में प्रशासन ने सावधानी बरतने की सलाह दी है। सूरज के तेवर अभी कड़े हैं, इसलिए धूप से बचकर रहें।



4b2a74eb-101


मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट - 29 अप्रैल 2026:

मध्यप्रदेश मौसम अपडेट (MP Weather Updates)



मध्यप्रदेश में इन दिनों तेज गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दोपहर में सूरज की तेज चमक और गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं। मौसम विभाग ने 9 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी कर दिया है। इसके साथ ही 21 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।



इन जिलों में हीटवेव का खतरा

मौसम विभाग ने जिन जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, उनमें विदिशा, रायसेन, रतलाम, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, सतना, दमोह, सागर, ग्वालियर, भिंड, दतिया, छिंदवाड़ा, मुरैना, पन्ना, मंडला, टीकमगढ़, निवाड़ी और छतरपुर शामिल हैं। इन इलाकों में लोगों को धूप से बचकर रहने की सलाह दी जा रही है।



हल्की बूंदाबांदी की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। ये जिले हैं – दतिया, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और पांढुर्णा। इन जिलों में लोग बारिश की हल्की राहत का अनुभव कर सकते हैं।



वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से मौसम में बदलाव

मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ जो पछुआ हवाओं में ट्रफ के रूप में मध्य समुद्र से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर है, अगले कुछ दिनों में मौसम को प्रभावित कर सकता है। नया पश्चिमी विक्षोभ 2 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में असर दिखा सकता है। इससे मौसम में कुछ बदलाव हो सकता है।



रातें भी हो रही हैं गर्म

गर्मी केवल दिन में ही नहीं, बल्कि रात में भी लोगों को परेशान कर रही है। पिछले 24 घंटों में छिंदवाड़ा, खजुराहो (छतरपुर) और नौगांव (छतरपुर) में लू का असर देखने को मिला। वहीं उज्जैन, रीवा, सतना और खजुराहो में रातें भी गर्म रही। इस बार सबसे ज्यादा गर्म रात उमरिया में रही, जहां तापमान सामान्य से अधिक था।



अगले 24 घंटों में मौसम में कोई खास बदलाव नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, मध्यप्रदेश में अगले 24 घंटों में मौसम में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि, 3 दिन बाद तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जो थोड़ी राहत दे सकती है।



छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट - 29 अप्रैल 2026:

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट (CG Weather Update)



दुर्ग समेत पूरे छत्तीसगढ़ में इस समय मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। वातावरण में सक्रिय हो रहे विभिन्न सिस्टम के चलते तापमान, हवा और बादलों का रूप बदल रहा है। फिलहाल गर्मी का असर तो बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में थोड़ा राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे में मौसम में बदलाव होने की संभावना है, साथ ही बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट भी जारी किया गया है।



दुर्ग में पारा 43 डिग्री के पार

दुर्ग में इस समय भीषण गर्मी चल रही है। दोपहर में तेज धूप और उमस के बीच पारा 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन के समय लू जैसी स्थिति बन रही थी, लेकिन शाम होते-होते बादल छा गए, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले दिनों की तुलना में हल्की गिरावट दर्शाता है। फिलहाल जिले में पारा 43 डिग्री के आसपास स्थिर बना हुआ है।



तीन मौसमीय सिस्टम कर रहे असर

मौसम में हो रहे इस बदलाव के पीछे तीन अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय चक्रीय परिसंचरण प्रमुख कारण हैं। पहला सिस्टम पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर, दूसरा उत्तर-पूर्व झारखंड क्षेत्र में और तीसरा मध्य प्रदेश के मध्य भाग में सक्रिय है। इन तीनों सिस्टम का असर मिलकर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाएं दक्षिणी क्षेत्रों में प्रवेश कर रही हैं, जिससे गरज-चमक और बारिश के आसार बने हुए हैं।



अगले 48 घंटे में ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है और गर्मी का असर बना रहेगा। हालांकि एक मई से तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट आने के संकेत हैं, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है।



हल्की बारिश, अंधड़ और वज्रपात का अलर्ट

आने वाले 24 घंटों में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इसके अलावा तेज हवा (अंधड़) और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है। हालांकि तापमान में हल्की कमी के बावजूद फिलहाल तेज गर्मी से पूरी राहत मिलने के आसार नहीं हैं, और दिन का पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।



लू का अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

राज्य में जलवायु परिवर्तन और वैश्विक तापमान में बढ़ोतरी के कारण अप्रैल से जून तक भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना जताई जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लू अलर्ट जारी किया है। इसका उद्देश्य आम जनता को लू के लक्षणों और बचाव के उपायों से अवगत कराना है, क्योंकि यह सभी वर्ग के लोगों को प्रभावित कर सकता है।



गर्मी से बचाव के उपाय

गर्मी से बचने के लिए जितना हो सके घर के अंदर या छांव में रहें और बाहरी गतिविधियों को सुबह-शाम तक सीमित रखें। बुजुर्गों और बीमारों की स्वास्थ्य निगरानी करें। शराब, चाय, कॉफी और अधिक चीनी वाले पेय पदार्थों से बचें। प्रोटीन युक्त और बासी भोजन न करें। खड़ी गाड़ी में बच्चों या पालतू जानवरों को न छोड़ें। लू के लक्षण होने पर नजदीकी चिकित्सा केंद्र में उपचार के लिए जाएं।



राजस्थान मौसम रिपोर्ट - 29 अप्रैल 2026:

राजस्थान मौसम अपडेट (Rajasthan Weather Update)



राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी का दौर जारी है। पिछले दो-तीन दिन से मौसम में थोड़ी राहत मिली है, लेकिन 2 मई से शुरू होने वाले जेठ के महीने में फिर से गर्मी का तांडव देखने को मिल सकता है। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए अंधड़ और बारिश का अलर्ट जारी किया है।



अंधड़ और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार को जयपुर, अलवर, कोटपूतली, बहरोड, खैरथल-तिजारा और दौसा जिले में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने और मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, सीकर, करौली, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।



मई में तापमान बढ़ने की संभावना

अप्रैल में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन अब मई में पारा इससे भी ज्यादा बढ़ सकता है। हालांकि, आंधी और बारिश से कुछ शहरों में तापमान में गिरावट आई है। बीते एक दिन में जैसलमेर में पारा 46.4 से गिरकर 40.8 डिग्री पर आ गया, वहीं लूणकरसर में भी पारा 4 डिग्री गिरकर 40 डिग्री पर पहुंच गया। जयपुर में भी करीब तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।



राजधानी दिल्ली और राजस्थान में राहत की उम्मीद

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अगले छह दिन तक राजस्थान, मध्यप्रदेश, दिल्ली और 22 अन्य राज्यों में आंधी-बारिश का मौसम रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है, जबकि हिमालय रेंज के राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।



इन शहरों में अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने राजस्थान के 19 शहरों में अलर्ट जारी किया है। इनमें अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली, बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर शामिल हैं। इन शहरों में अगले कुछ दिन मौसम खराब रहने की संभावना है।



गर्मी से राहत पाने के लिए उठाए गए कदम

तेज गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए बीकानेर में अग्निशमन वाहन से सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया। वहीं, जयपुर, कोटा और अलवर में एंटी स्मॉग गन से पानी की फुहारें छोड़कर गर्मी को कम करने की कोशिश की गई।



अंधड़ और बारिश के दौर का अनुमान

राजस्थान के दक्षिण पश्चिमी हिस्सों में अगले कुछ दिनों में हीटवेव का असर जारी रह सकता है। बाकी हिस्सों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है, जिससे हीटवेव से कुछ राहत मिल सकती है। एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले 3-4 दिनों तक मेघगर्जन के साथ आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। मई के पहले सप्ताह में भी यह दौर जारी रह सकता है।



ये खबर भी पढ़िए...

गर्मी ने छुड़ाए पसीने! पारा पहुंचा 42 डिग्री के पार, तीनों राज्यों में लू का अलर्ट



MP-CG-Rajasthan Weather: तीनों राज्यों में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी



MP-CG-Rajasthan: मध्य भारत में गर्मी का कहर! मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट



MP-CG-Rajasthan Weather: अगले 4 दिन झुलसाएगी गर्मी, तीन राज्यों में हीटवेव अलर्ट!



Tags:
  • MP Weather update
  • छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट
  • Weather update
  • मौसम अपडेट
  • मध्यप्रदेश मौसम अपडेट
  • Rajasthan weather update
  • राजस्थान मौसम अपडेट
  • CG Weather Update