Weather Update: MP के 19 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट, CG-राजस्थान में अब महसूस होगी हल्की ठंडक
मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट - 29 सितबंर 2026
MP Weather update: (मध्यप्रदेश का मौसम): मध्यप्रदेश से इसी हफ्ते मानसून की विदाई शुरू होने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार सबसे पहले उज्जैन और ग्वालियर संभाग के जिलों से मानसून वापस जाएगा। इसके बाद इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम और सागर संभाग से मानसून की वापसी होगी। इससे पहले अगले 3 दिन प्रदेश में बूंदाबांदी का दौर जारी रह सकता है। बुधवार को 19 जिलों में बारिश, आंधी और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है।
उज्जैन-ग्वालियर से होगी मानसून की वापसी की शुरुआत
मौसम केंद्र (IMD) के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा राजस्थान और पंजाब के कई जिलों से गुजर रही है। इसका असर मध्यप्रदेश के उत्तर-पश्चिम हिस्से में भी दिख रहा है। इसी वजह से मानसून की विदाई सबसे पहले उज्जैन और ग्वालियर संभाग से शुरू होने की संभावना है।
आधे से ज्यादा प्रदेश में खिलेगी तेज धूप
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्सों में तेज धूप निकल सकती है। भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम समेत कई जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
इसके अलावा नर्मदापुरम, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, सागर, दमोह, नरसिंहपुर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी तेज धूप देखने को मिल सकती है।
19 जिलों में बूंदाबांदी और गरज-चमक का अलर्ट
मौसम विभाग ने बैतूल, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर और पन्ना में हल्की बूंदाबांदी, आंधी और गरज-चमक की संभावना जताई है।
3 अक्टूबर से साफ हो जाएगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 अक्टूबर को कुछ ही जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद 3 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में बारिश का दौर खत्म होने की संभावना है। इसके बाद कहीं भी गरज-चमक और बारिश की स्थिति बनने के आसार नहीं हैं।
पूर्वी हिस्से में ज्यादा बारिश, कई जिले अभी पीछे
प्रदेश के पूर्वी हिस्से यानी जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश का आंकड़ा सामान्य से करीब 4 प्रतिशत ज्यादा है। हालांकि कई जिलों में अभी भी बारिश का कोटा पूरा नहीं हुआ है। बालाघाट, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सागर और सिवनी में सामान्य से 3 प्रतिशत से 21 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।
पश्चिमी MP के कई जिलों में कम हुई बारिश
पश्चिमी मध्यप्रदेश के आलीराजपुर, अशोकनगर, बड़वानी, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 9 प्रतिशत से 51 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है।
इन जिलों में सामान्य से ज्यादा बरसे बादल
IMD के अनुसार अनूपपुर, छतरपुर, डिंडौरी, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार मध्यप्रदेश में सामान्य बारिश का 100 प्रतिशत आंकड़ा पूरा होने की उम्मीद कम है।
छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट - 29 सितंबर 2026
CG Weather update: (छत्तीसगढ़ का मौसम): छत्तीसगढ़ में पिछले हफ्ते हुई भारी बारिश के बाद अब मानसून धीरे-धीरे वापसी की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश का दौर थम चुका है। मौसम विभाग ने फिलहाल बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है। अगले दो दिन प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है। इसके बाद भी कुछ दिनों तक केवल हल्की बारिश के ही आसार बने रहेंगे।
अगले कुछ दिनों तक सामान्य रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसून अब विदाई की ओर है। इस पूरे सप्ताह में केवल एक-दो जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। बाकी पूरे प्रदेश में मौसम सामान्य बना रहेगा।
सरगुजा और बस्तर में हुई हल्की बारिश
29 सितंबर को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सूखा रहा। हालांकि सरगुजा और बस्तर जिलों के एक-दो स्थानों पर हल्की बौछारें दर्ज की गईं। इसके अलावा अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधियां नहीं हुईं।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। यानी सुबह और रात के समय कुछ इलाकों में हल्की ठंडक महसूस होने लगी है।
30 सितंबर से 5 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 30 सितंबर को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। इस दिन कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
1 अक्टूबर को भी रहेगा मौसम साफ
1 अक्टूबर को भी अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इस दिन भी किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।
2 से 5 अक्टूबर तक कुछ जगहों पर हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 2 अक्टूबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि इसके लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
3 अक्टूबर को भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद 4 और 5 अक्टूबर को भी एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इन दिनों भी मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
राजस्थान मौसम रिपोर्ट - 29 सितंबर 2026
Rajasthan weather update: (राजस्थान का मौसम): राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से मंगलवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। कई इलाकों में बादल छाए रहे और हल्की बारिश भी हुई। बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद बादल छाए और तेज आंधी चली। कुछ जगहों पर हल्की बौछारें भी दर्ज की गईं।
धूप से बढ़ा तापमान, फिर भी रात में ठंडक
प्रदेश के ज्यादातर शहरों में दिन के समय धूप निकली, जिससे तापमान में 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई। हालांकि शेखावाटी क्षेत्र के जिलों और जयपुर में रात के समय हल्की ठंडक महसूस की गई। मौसम विभाग ने बताया है कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान धूप निकलेगी और दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी।
कई शहरों में 36 डिग्री के पार पहुंचा पारा
पिछले 24 घंटे में जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर और जोधपुर संभाग के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहा। उदयपुर, बाड़मेर, सीकर, अजमेर और भीलवाड़ा में धूप निकलने से तापमान 1 से 3 डिग्री तक बढ़ गया। मंगलवार को बाड़मेर और जैसलमेर सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश के बाद रात में महसूस हो रही हल्की ठंडक
पिछले दिनों हुई बारिश का असर अब सुबह और शाम के मौसम पर दिख रहा है। जयपुर, सीकर और चूरू समेत कई जिलों में रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है। इन इलाकों में रात का तापमान करीब 20 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मंगलवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान उदयपुर में करीब 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अब साफ रहेगा मौसम, फिर बढ़ सकती है गर्मी
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार अब राज्य में मौसम साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि एंटी साइक्लोन बनने से पश्चिमी राजस्थान के जिलों में एक बार फिर गर्मी बढ़ने के आसार हैं।