कहीं मानसून की दस्तक, कहीं उमस का टॉर्चर: MP-CG और राजस्थान का मौसम अपडेट

Amresh Kushwaha | Jun 22, 2026, 07:18 IST
मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान का मौसम
देश में कहीं मानसून की दस्तक तो कहीं उमस का टॉर्चर जारी है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान का मौसम अपडेट (Weather Update) यहां विस्तार से पढ़ें...

कहीं मानसून की दस्तक, कहीं उमस का टॉर्चर: MP-CG और राजस्थान का मौसम अपडेट



Weather Update: मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ छत्तीसगढ़ में मानसून ने दस्तक देकर लोगों को बड़ी राहत दी है। दूसरी तरफ मध्यप्रदेश में अल नीनो के कारण उमस भरी गर्मी बनी हुई है। यहां के दतिया में पारा 40.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।



राजस्थान के बाड़मेर में भी तापमान 40.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। हालांकि, राजस्थान में इस बार सामान्य से 41 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अब तीनों राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।



मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट - 23 जून 2026:

मध्यप्रदेश मौसम अपडेट (MP Weather Updates):



मध्य प्रदेश में मानसून अभी पूरी तरह रफ्तार नहीं पकड़ पाया है। अल नीनो के असर की वजह से कई जिलों में गर्मी और उमस लगातार बनी हुई है। कई जगह तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल रही है।



पिछले 24 घंटे में भोपाल, सागर और शहडोल संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। वहीं इंदौर, उज्जैन, रीवा और जबलपुर संभाग के कुछ इलाकों में सिर्फ बूंदाबांदी ही देखने को मिली। इससे मौसम थोड़ा बदला जरूर, लेकिन गर्मी पूरी तरह खत्म नहीं हुई।



दतिया बना सबसे गर्म शहर

इस दौरान दतिया प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कई अन्य जिलों में भी तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।



गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग ने भोपाल, रायसेन, विदिशा, सीहोर, नर्मदापुरम, इंदौर, उज्जैन, रीवा और शहडोल समेत कई जिलों में गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है, इसलिए सावधानी जरूरी है।



इन जिलों में लू का असर

जबलपुर, नरसिंहपुर और मंडला जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर न निकलने की सलाह दी है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सतर्क रहने को कहा गया है।



आने वाले दिनों में बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले कुछ दिनों में प्रदेश के दक्षिण और पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। पन्ना, दमोह, कटनी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और शहडोल जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार जताए गए हैं।



छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट - 23 जून 2026:

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट (CG Weather Update):छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए राहत की खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने प्रदेश में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून प्रदेश के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है और अगले 48 घंटों में इसके बाकी इलाकों में भी आगे बढ़ने के लिए मौसम पूरी तरह अनुकूल बना हुआ है।



अगले पांच दिन बारिश और गरज-चमक का दौर

मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश में एक-दो जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। ऐसे में लोगों को मौसम खराब होने पर सावधानी रखने की सलाह दी गई है।



कुछ इलाकों में अब भी गर्मी का असर

मानसून की एंट्री के बावजूद मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों तक गर्मी का असर बना रह सकता है। यहां तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहने की संभावना है। इसी वजह से कुछ जगहों पर लू जैसी स्थिति भी बनी रह सकती है, इसलिए दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।



बलौदाबाजार में झमाझम बारिश से मिली राहत

बलौदाबाजार जिले में दिनभर बादल छाए रहने के बाद शाम को तेज बारिश हुई। इस बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली। कई जगह सड़कों पर पानी भर गया और यातायात भी थोड़ा धीमा पड़ गया। बारिश के बाद मौसम काफी सुहाना हो गया और किसानों के चेहरे भी खिल उठे।



धमतरी में मानसून की पहली बारिश ने बदला मौसम

धमतरी जिले में मानसून की पहली बारिश ने मौसम का पूरा मिजाज बदल दिया। गरज-चमक के साथ हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। ग्रामीण इलाकों में किसानों ने इस बारिश का स्वागत किया और इसे खरीफ फसलों के लिए अच्छा संकेत माना।



अगले 48 घंटे मौसम के लिए अहम

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे काफी अहम रहने वाले हैं। इस दौरान मानसून प्रदेश के और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। आने वाले दिनों में कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और किसानों को खरीफ सीजन में फायदा मिलने की उम्मीद है।



राजस्थान मौसम रिपोर्ट - 23 जून 2026:

राजस्थान मौसम अपडेट (Rajasthan Weather Update):राजस्थान के 19 जिलों में आज आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि इससे पहले सोमवार को ऑरेंज अलर्ट के बावजूद मौसम ज्यादातर जगहों पर साफ ही रहा और लोगों को उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ी।



बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर और उदयपुर संभाग के इलाकों में तेज गर्मी और उमस का असर देखने को मिला। बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।



बाड़मेर सबसे गर्म, तापमान 40.6 डिग्री दर्ज

पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में रिकॉर्ड की गई। यहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जिससे दिनभर गर्म हवाओं का असर महसूस किया गया।



22 जून के लिए मौसम विभाग ने बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, लेकिन इसके उलट इन इलाकों में गर्मी और उमस ही बनी रही। हालांकि दोपहर बाद शाम के समय करौली, सवाई माधोपुर और दौसा के आसपास हल्के बादल छाए और कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हुई।



अब तक 41% ज्यादा बारिश दर्ज

इस बार मानसून को लेकर कमजोर प्रदर्शन की भविष्यवाणी थी, लेकिन प्री-मानसून बारिश ने राहत दी है। 1 से 21 जून के बीच राजस्थान में सामान्य से 41 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। इस दौरान औसत सामान्य बारिश 28MM होती है, जबकि अब तक 39.3MM औसत बारिश हो चुकी है।



जयपुर में गर्मी के बीच हल्की राहत

जयपुर में सोमवार को दिनभर गर्मी और उमस बनी रही। यहां तापमान करीब 1.3 डिग्री बढ़कर 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दोपहर के बाद कुछ इलाकों में बादल छाए और माधोराजपुरा में 1MM बारिश हुई। वहीं फागी, शिवदासपुरा और सांगानेर में कहीं-कहीं बूंदाबांदी देखने को मिली।



अलवर में सुबह करीब 5 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे मौसम कुछ देर के लिए सुहावना हो गया। लेकिन दोपहर होते ही बादल छंट गए और तेज धूप निकल आई, जिससे उमस बढ़ गई। यहां दिन का अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और लोगों को गर्मी-उमस का सामना करना पड़ा।



      ये खबर भी पढ़िए...

      गर्मी ने छुड़ाए पसीने! पारा पहुंचा 42 डिग्री के पार, तीनों राज्यों में लू का अलर्ट



      MP-CG-Rajasthan Weather: तीनों राज्यों में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी



      MP-CG-Rajasthan: मध्य भारत में गर्मी का कहर! मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट



      MP-CG-Rajasthan Weather: अगले 4 दिन झुलसाएगी गर्मी, तीन राज्यों में हीटवेव अलर्ट!



      Tags:
      • छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट
      • Weather update
      • मौसम अपडेट
      • मध्यप्रदेश मौसम अपडेट
      • Rajasthan weather update
      • राजस्थान मौसम अपडेट
      • CG weather
      • MP Weather Updates
      • CG Weather Update