बाढ़ में फंसी महिला चीख रही थी... डॉक्टर ने दाई से फोन पर बात कर कराई डिलेवरी

Ravi Kant Dixit | Jul 23, 2024, 21:15 IST
STYLESHEET THESOOTR - 2024-07-23T205234.529
रवीना प्रसव पीड़ा से कराह रही थी। ऐसी स्थिति में डॉ.मनीषा सिरसाम ने रवीना के पति को फोन किया और दाई से बात की। उनके बताए अनुसार दाई रेशना बंसकार ने रवीना का प्रसव कराना शुरू किया।

BHOPAL.आपको कहानी जरूर फिल्‍मी लगेगी, लेकिन सच है और फिल्म थ्री इडियट से पूरी तरह मैच खाती है। इस कहानी में डॉक्‍टर मनीषा सिरसाम ने रियल लाइफ में डॉक्‍टर प्रिया यानी करीना कपूर का किरदार निभाया। दाई रेशना बंसकार रेंचो यानी आमिर खान बनीं और एक महिला की सुरक्षित डिलेवरी कराकर उसकी जान बचा ली। महिला ने दो जुड़वां बच्चों को जन्म दिया है।



चलिए अब आते हैं असल कहानी पर। सिवनी जिले में मूसलाधार बारिश से कई गांवों में बाढ़ के हालात हैं। गांव वालों का शहर से संपर्क टूट गया। सभी रास्‍ते बंद हो गए। इन्हीं गांवों में से एक है जोराबाडी है, जो सिवनी तहसील में पड़ता है। जोराबाडी में 23 जुलाई को बारिश के बीच बंशीलाल उइके की पत्नी रवीना को अचानक प्रसव पीड़ा हुई। वह दर्द से चीखने लगी। इस बीच दाई रेशना बंसकार को खबर दी गई। वह बंशीलाल के घर पहुंचीं। चूंकि पहले की जांच में पता चला था कि रवीना के गर्भ में जुड़वां बच्चे हैं। लिहाजा, सबने तय किया कि उसे सिवनी जिला अस्पताल ले चलते हैं।



STYLESHEET THESOOTR - 2024-07-23T210030.757


चौतरफा पानी से घिरा था गांव

यहीं से असल कहानी शुरू हुई। तेज बारिश के चलते गांव चौतरफा पानी से घिरा था। सिवनी जाने वाले सभी रास्ते बंद थे। अब सवाल यही था कि किया क्या जाए। ऐसे में उइके परिवार ने आशा कार्यकर्ता से संपर्क किया। पता चला कि आशा कार्यकर्ता भी जिला अस्‍पताल किसी दूसरी महिला के प्रसव के लिए गई हुई है।



कलेक्टर ने गांव भेजी टीम

पूरी खबर कलेक्टर संस्कृति जैन को दी गई। उन्होंने सीएमएचओ को एक टीम गांव भेजने के निर्देश दिए, लेकिन तेज बारिश के चलते ऐसा संभव नहीं था। फिर भी कोशिश की गई। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मनीषा सिरसाम के साथ मेंटर कविता वाहने, नर्स सुनीता यादव और आशा कार्यकर्ता कामता मरावी वाहन से गांव के लिए रवाना हुए। बाढ़ से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीम भी साथ थी।



नाले पर बह रहा था तेज पानी

एंबुलेंस के गांव के पास पहुंचने पर पता चला कि नाले पर बाढ़ का तेज पानी बह रहा है। इधर, महिला रवीना प्रसव पीड़ा से कराह रही थी। ऐसी स्थिति में डॉ.मनीषा सिरसाम ने रवीना के पति को फोन किया और दाई से बात की। उनके बताए अनुसार दाई रेशना बंसकार ने रवीना का प्रसव कराना शुरू किया। जैसे-जैसे डॉ.सिरसाम फोन पर निर्देश देती गईं, वैसे-वैसे दाई प्रसव कराती गई। पूरी बातचीत में करीब आधा घंटा लगा।



इस तरह कहानी की हैप्पी एंडिंग

आखिरकार रवीना के घर किरकारी गूंजी और उसने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। महिला का प्रसव होने तक डॉक्टरों की टीम नाले के पास रुकी रही। जब बाढ़ का पानी कम हुआ तो तत्काल डॉक्टर गांव पहुंचे और जच्चा-बच्चा को एतिहातन एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया। मां एवं बच्चे स्वस्थ्य हैं। इस तरह इस कहानी की हैप्पी एंडिंग हुई।



thesootr links

द सूत्र की खबरें आपको कैसी लगती हैं? Google my Business पर हमें कमेंट के साथ रिव्यू दें। कमेंट करने के लिए इसी लिंक पर क्लिक करें



ravikant dixit


Tags:
  • बाढ़ में फंसी महिला
  • जुड़वां बच्चों को जन्म
  • रवीना प्रसव पीड़ा
  • कलेक्टर संस्कृति जैन