भोपाल में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की धमाकेदार शुरुआत, मलेशिया को 4-1 से हराया, डेब्यू मैच में चमकी पूजा
स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने पूरे मैच में भारतीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। शुरुआत में मलेशिया ने गोल करके भारत को दबाव में जरूर डाला, लेकिन इसके बाद भारतीय टीम ने जोरदार वापसी की। एक के बाद एक चार गोल दागकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भव्य समारोह और आतिशबाजी के बीच टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। पहले दिन भारत के अलावा चीन और जापान ने भी अपने मुकाबले जीते।
भारत ने 40 सेकंड में हिसाब बराबर कर दिया
मैच की शुरुआत में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले 15 मिनट में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे क्वार्टर में मलेशिया ने आक्रामक खेल दिखाया। मैच के 19वें मिनट में नुरामीराह जुल्किफ्ली ने गोल करके अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। लेकिन मलेशिया की यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। भारत की खान मुमताज ने 19 मिनट 40 सेकंड पर गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने मलेशिया को वापसी करने का मौका नहीं दिया।
कप्तान सलीमा और पूजा ने तीसरे क्वार्टर में पलटा मैच
दूसरे क्वार्टर तक मुकाबला बराबरी पर था, लेकिन तीसरे क्वार्टर में भारत ने खेल का रुख पूरी तरह बदल दिया। कप्तान सलीमा टेटे ने 34 मिनट 32 सेकंड पर गोल करके भारत को 2-1 से आगे कर दिया। इसके कुछ ही मिनट बाद पूजा साहू ने 38 मिनट 50 सेकंड पर गेंद गोलपोस्ट में पहुंचा दी। पूजा के गोल के साथ भारत की बढ़त 3-1 हो गई। यह गोल उनके लिए इसलिए भी खास रहा, क्योंकि वह अपना डेब्यू मैच खेल रही थीं। आखिरी क्वार्टर में लालरेमसियामी ने 48 मिनट 25 सेकंड पर भारत का चौथा गोल कर दिया। इसके बाद मलेशिया की टीम कोई और गोल नहीं कर सकी और भारत ने 4-1 से मुकाबला जीत लिया।
पहले ही मैच में पूजा साहू का कमाल, बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
भारतीय टीम की जीत में चार खिलाड़ियों ने एक-एक गोल किया। इनमें खान मुमताज, कप्तान सलीमा टेटे, पूजा साहू और लालरेमसियामी शामिल रहीं। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा पूजा साहू की रही। अपने पहले ही मैच में गोल करने वाली पूजा को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच में भारतीय टीम ने 13 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, जबकि मलेशिया को एक भी पेनल्टी कॉर्नर नहीं मिला। भारतीय टीम ने एक फील्ड गोल भी किया। मैच की एक और खास बात यह रही कि मलेशिया की महिला खिलाड़ी हिजाब पहनकर मैदान पर उतरीं।
जीत के बाद भी कोच खुश नहीं, बोले- अपनी क्षमता के मुताबिक खेलना होगा
भारतीय टीम ने भले ही पहला मैच बड़े अंतर से जीत लिया, लेकिन मुख्य कोच शोर्ड मारिन खिलाड़ियों के प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं दिखे। उन्होंने कहा कि टीम ने कई अच्छे मौके बनाए, लेकिन उनका सही इस्तेमाल नहीं कर सकी। खासकर पहले हाफ में खिलाड़ियों की एकाग्रता और ऊर्जा का स्तर उम्मीद के मुताबिक नहीं था।
मारिन ने बताया कि उन्होंने ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों से साफ कहा कि आगे के मुकाबलों में ज्यादा ध्यान और ऊर्जा के साथ खेलना होगा। कोच ने कहा, "हम खुद अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी हैं। हमें विरोधी टीम जितना खेलने का मौका दे, उसके हिसाब से नहीं, बल्कि अपनी क्षमता के अनुसार खेलना होगा।" यानी कोच का मानना है कि भारतीय टीम में इससे बेहतर खेलने की क्षमता है और आगे मजबूत टीमों के खिलाफ इसका पूरा इस्तेमाल करना होगा।
चीन सबसे बड़ी चुनौती? कोच बोले- अभी उसका खेल नहीं देखा
टूर्नामेंट में भारत के सामने चीन और जापान जैसी मजबूत टीमें भी हैं। ऐसे में कोच मारिन से पूछा गया कि क्या चीन भारत का सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी है। इस पर उन्होंने कहा कि अभी उन्होंने चीन की टीम को खेलते हुए नहीं देखा है। इसलिए उसके प्रदर्शन के बारे में कोई राय देना जल्दबाजी होगी। मारिन ने कहा, "मैंने अभी चीन को नहीं देखा है। उसकी टीम अलग है, इसलिए फिलहाल मैं इस बारे में कोई राय नहीं दे सकता।"
13 पेनल्टी कॉर्नर मिलने के बाद भी गोल करने की क्षमता पर सवाल
भारत ने मलेशिया के खिलाफ लगातार हमले किए और कुल 13 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। हालांकि, इन मौकों को गोल में बदलने की क्षमता को लेकर सवाल भी उठे। कोच मारिन ने माना कि टीम का Penalty Corner Conversion Rate उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। हालांकि, उन्होंने कहा कि भारत के पास अच्छे ड्रैग फ्लिकर हैं और खिलाड़ी अलग-अलग तरीकों से गोल करने में सक्षम हैं।
मारिन ने यह भी बताया कि मलेशिया की टीम के पहले रनर ने कई बार गेंद रोककर अच्छा बचाव किया। इसलिए वे पेनल्टी कॉर्नर के प्रदर्शन को लेकर ज्यादा चिंतित नहीं हैं। वहीं, पूर्व ओलंपियन समीर दाद ने कहा कि आगे चीन और जापान जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ भारत को मिलने वाले मौकों का बेहतर इस्तेमाल करना होगा। उनके मुताबिक, भारत 13 पेनल्टी कॉर्नर में से सिर्फ एक को गोल में बदल सका। उन्होंने कहा कि बड़ी टीमों के खिलाफ ऐसे मौके गंवाना भारी पड़ सकता है।
चीन ने थाईलैंड को 7-0 से रौंदा
दिन के पहले मुकाबले में चीन ने थाईलैंड को 7-0 से हराकर टूर्नामेंट की दमदार शुरुआत की। पहले क्वार्टर में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद चीन ने दूसरे क्वार्टर में अपना आक्रामक खेल शुरू किया। 27वें मिनट में फेंग किंगमियाओ ने फील्ड गोल करके चीन को 1-0 की बढ़त दिलाई। अगले ही मिनट डेंग क्यूचान ने दूसरा गोल कर दिया। हाफ टाइम तक चीन 2-0 से आगे था।
तीसरे क्वार्टर में चीन ने लगातार चार गोल दागकर मैच लगभग अपने नाम कर लिया। 32वें मिनट में फेंग किंगमियाओ ने पेनल्टी कॉर्नर पर अपना दूसरा गोल किया। इसके अगले मिनट कप्तान वेई किक्सियाओ ने भी पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। 38वें मिनट में चेन युजुन और 42वें मिनट में डेंग क्यूचान ने गोल करके चीन की बढ़त 6-0 कर दी।
आखिरी क्वार्टर में भी चीन के हमले जारी रहे। करीब 59वें मिनट में झांग हेयांग ने पेनल्टी कॉर्नर पर सातवां गोल दाग दिया। चीन के लिए डेंग क्यूचान और फेंग किंगमियाओ ने दो-दो गोल किए। वहीं, वेई किक्सियाओ, चेन युजुन और झांग हेयांग ने एक-एक गोल किया। चीन को पूरे मैच में 10 पेनल्टी कॉर्नर मिले, जिनमें से तीन पर गोल हुए। दूसरी ओर थाईलैंड की टीम 60 मिनट में एक भी गोल नहीं कर सकी।
जापान ने आखिरी मिनट में पलटी बाजी
दिन का दूसरा मुकाबला जापान और दक्षिण कोरिया के बीच खेला गया। यह मैच आखिरी मिनट तक रोमांचक बना रहा। दोनों टीमों ने शुरुआत से मजबूत डिफेंस दिखाया। पहले तीन क्वार्टर में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। जापान ने कई बार दक्षिण कोरिया के गोलपोस्ट पर हमले किए, लेकिन गोलकीपर और रक्षापंक्ति ने हर बार गेंद रोक दी। चौथे क्वार्टर में भी स्कोर 0-0 था। ऐसा लग रहा था कि मुकाबला बिना किसी गोल के खत्म हो जाएगा, लेकिन आखिरी पलों में जापान ने बाजी पलट दी।
मैच के 58 मिनट 59 सेकंड पर जापान को पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस मौके पर सैतो हानामी ने गोल करके टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। दक्षिण कोरिया ने बचे हुए समय में बराबरी करने की कोशिश की, लेकिन जापान ने गोल नहीं होने दिया। जापान को पूरे मैच में 13 पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वह सिर्फ एक को गोल में बदल सका। उसे एक पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला, जिस पर गोल नहीं हो पाया। वहीं, दक्षिण कोरिया को दो पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला। इसके बावजूद उसकी टीम गोल नहीं कर सकी।
भारत की जीत से शुरुआत, लेकिन आगे आसान नहीं होगी राह
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के पहले दिन भारत, चीन और जापान ने जीत दर्ज की। भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराया, चीन ने थाईलैंड को 7-0 से शिकस्त दी और जापान ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से मात दी। भारतीय टीम के लिए अच्छी बात यह रही कि चार अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल किए। डेब्यू मैच में पूजा साहू का प्रदर्शन भी टीम के लिए सकारात्मक संकेत रहा।
हालांकि, कोच और पूर्व खिलाड़ियों ने जिन कमियों की ओर ध्यान दिलाया है, उन्हें आगे सुधारना होगा। खासकर पेनल्टी कॉर्नर के मौकों को गोल में बदलना जरूरी होगा। अब भारतीय टीम के सामने चुनौती यही होगी कि वह जीत की इस शुरुआत को आगे भी बरकरार रखे और चीन-जापान जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करे।