शिवपुरी में चुनाव प्रचार के दौरान युवक ने चबा डाला राज्यमंत्री सुरेश धाकड़ का अंगूठा, जानिए क्या था मामला
भोपाल. मध्य प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए मतदान में कुछ ही समय बाकी रह गए हैं, ऐसे में सभी राजनीतिक दल के प्रत्याशी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार में जुट हुए हैं। इन प्रत्याशियों को कुछ जगह तो जनता का समर्थन मिल रहा है, तो वहीं कुछ जगहों पर प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार के दौरान जनता के विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
बमुश्किल मंत्री जी के अंगूठे को युवक से छुड़ाया
ऐसा ही एक मामला शिवपुरी जिले की पोहरी विधानसभा क्षेत्र से सामने आया, जहां चुनाव प्रचार करने पहुंचे बीजेपी के प्रत्याशी राज्यमंत्री सुरेश धाकड़ राठखेड़ा का एक मतदाता ने हाथ में अंगूठा चबा डाला। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी और कार्यकर्ताओं ने बमुश्किल मंत्री जी के अंगूठे को युवक के चंगुल से छुड़ाया।
मानसिक रूप से बीमार युवक ने किया हमला
दरअसल राज्यमंत्री सुरेश धाकड़ राठखेड़ा शनिवार को पोहरी विधानसभा क्षेत्र के छर्च की जाटव बस्ती में चुनाव प्रचार कर वोट मांगने पहुंचे थे। इसी दौरान मानसिक रूप से बीमार बताए जा रहे एक युवक ने बीजेपी मंडल अध्यक्ष आशुतोष जैमिनी पर हमला कर दिया। मंत्री सुरेश धाकड़ राठखेड़ा ने जैसे ही मंडल अध्यक्ष को युवक के चंगुल से छुड़ाने की कोशिश की युवक ने मंत्री का अंगूठा मुंह में लेकर चबा डाला।
युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया
राज्यमंत्री सुरेश धाकड़ पर हमले के बाद लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में युवक के परिजनों ने सुरेश धाकड़ को बताया कि युवक मंदबुद्धि है, किसी पर ही अचानक हमला कर देता है। इसके बाद मंत्री ने युवक को पुलिस थाने से छुड़ाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
पुलिस में दर्ज कराई नहीं शिकायत
मामले में पोहरी एसडीओपी सुजीत सिंह भदौरिया ने कहा कि छर्च में चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी प्रत्याशी सुरेश राठखेड़ा पर हुए हमले की जानकारी सामने आई थी, वह युवक मंदबुद्धि था जिसने अनजाने में बीजेपी प्रत्याशी का अंगूठा चबा लिया। इस मामले में किसी के द्वारा शिकायत दर्ज नहीं कराने पर युवक को छोड़ दिया गया है।