साइबर ठग से डील करने वाले एसआई समेत 3 सस्पेंड; भ्रष्टाचार और नशे में झगड़े पर कुल 6 पर हुआ एक्शन
News In Short
- साइबर ठग को छोड़ने के बदले 1.5 लाख की डील करने वाले एसआई समेत 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड।
- आरोपियों ने रिश्वत के 75 हजार रुपये ले लिए थे, जिसकी भनक लगते ही सिटी एसपी खुद थाने पहुंचीं।
- सस्पेंड किए गए तीनों पुलिसकर्मियों का मुख्यालय कोटा से बदलकर झालावाड़ कर दिया गया है।
- नशे की हालत में मारपीट और अनुशासनहीनता के आरोप में 3 एएसआई भी लाइन हाजिर हुए।
- पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच अंडर ट्रेनिंग आईपीएस सिद्धार्थ कुमार को सौंपी गई है।
News In Short
Kota: शिक्षा नगरी कोटा में खाकी एक बार फिर दागदार हुई है। गुमानपुरा थाने में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा एक साइबर अपराधी को छोड़ने के बदले डेढ़ लाख रुपये का सौदा करने और रिश्वत की पहली किस्त लेते पकड़े जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस गंभीर भ्रष्टाचार पर कड़ा रुख अपनाते हुए सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने एक एसआई और दो कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया है, जबकि अनुशासनहीनता के एक अन्य मामले में तीन एएसआई को लाइन हाजिर किया गया है।
1.5 लाख मांगे, 75 हजार लेते पकड़ा
सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम के अनुसार, गुमानपुरा पुलिस ने किडनैपिंग की सूचना पर एक संदिग्ध वाहन को रोका था। तलाशी के दौरान वाहन में सवार युवकों के पास फर्जी एटीएम कार्ड और साइबर फ्रॉड (म्यूल अकाउंट्स) से जुड़ी सामग्री मिली थी। जब यह मामला एसपी के संज्ञान में आया, तो उन्होंने तुरंत मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
अपनी ड्यूटी निभाने के बजाय कार्यवाहक थानाधिकारी एसआई देवकीनंदन, कांस्टेबल करतार सिंह और छोटूलाल गुर्जर ने आरोपी को छोड़ने के लिए 1.5 लाख रुपये की मांग की। पुलिसकर्मियों ने 75 हजार रुपये की पहली किस्त ले ली थी और बाकी रकम का इंतजार कर रहे थे। शुक्रवार देर रात खुद सिटी एसपी थाने पहुंचीं और जांच में मिलीभगत पाए जाने पर तीनों को सस्पेंड कर उनका मुख्यालय झालावाड़ कर दिया।
नई पोस्टिंग से पहले गिरी गाज
चौंकाने वाली बात यह है कि एसआई देवकीनंदन का हाल ही में तबादला रानपुर थानाधिकारी के पद पर हुआ था और उसे 6 मई से वहां का कार्यभार संभालना था। कार्यभार संभालने से पहले ही वह भ्रष्टाचार के मामले में निलंबित हो गया। इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच अंडर ट्रेनिंग आईपीएस सिद्धार्थ कुमार श्रीवास्तव को सौंपी गई है।
शराब पीकर झगड़ा करने पर 3 एएसआई लाइन हाजिर
थाने में केवल भ्रष्टाचार ही नहीं, बल्कि भारी अनुशासनहीनता भी देखने को मिली। एक गोपनीय शिकायत मिली थी कि एएसआई ऋषिपाल, हीरालाल और जुगल ने शराब के नशे में किसी व्यक्ति के साथ अभद्र व्यवहार और झगड़ा किया है। शिकायत की पुष्टि होने पर एसपी ने तीनों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
एसपी का सख्त संदेश
वर्तमान में कोटा रेंज आईजी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहीं तेजस्विनी गौतम ने स्पष्ट कर दिया है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, अपराधियों के साथ मिलीभगत और अभद्र व्यवहार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ें:-
रेट ऑर्डर में हेराफेरी, DOP सचिव को जांच के आदेश, हाईकोर्ट ने कहा-कहीं उसे बलि का बकरा तो नहीं बनाया
फाइलों में बंट गया मुआवजा, हकीकत में टपक रहीं छतें, यह है 'केबीसी' फेम तहसीलदार का करोड़पति घोटाला
पिता का अपमान सहन नहीं कर पाया जज बेटा, दिल्ली में सुसाइड, राजस्थान में अंतिम संस्कार
नाथद्वारा में मिली 9228 तलवारें, पुलिस ने किया तीन को गिरफ्तार