30 किलो गांजा केस में राजस्थान हाईकोर्ट सख्त, पुलिस जांच पर उठाए सवाल; आरोपी को जमानत
हाईकोर्ट ने 27 नवंबर 2026 के आदेश में कहा कि जब्त किए गए गांजे के नमूने पांच महीने से ज्यादा समय तक थाने में पड़े रहे। ट्रायल कोर्ट के आदेश के बावजूद कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और CCTV फुटेज जुटाने में भी देरी हुई। अदालत के सामने पुलिस इन सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी।
मनीराम को हिरासत में लेने का आरोप
अजय कुमार शर्मा की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता डॉ. विभूति भूषण शर्मा ने अदालत में दावा किया कि पुलिस ने 22 फरवरी 2025 को मनीराम नाम के व्यक्ति को उसके घर से उठाया और कथित तौर पर अवैध हिरासत में रखा। बचाव पक्ष के अनुसार, मनीराम के जरिए अजय कुमार शर्मा को बुलाया गया। इसके बाद 23 फरवरी को सपोटरा थाने में FIR दर्ज कर 30 किलो गांजे की बरामदगी दिखाते हुए अजय को गिरफ्तार कर लिया गया।
बचाव पक्ष ने इस कार्रवाई को संदिग्ध बताते हुए पुलिस के दस्तावेजों में कई विसंगतियां अदालत के सामने रखीं। हालांकि, ये आरोप बचाव पक्ष की ओर से लगाए गए हैं। इनकी अंतिम सच्चाई का निर्धारण जांच और मुकदमे की प्रक्रिया में होना है।
एक ही नंबर पर कार और जीप का रिकॉर्ड
अदालत में पेश दस्तावेजों के मुताबिक, पुलिस के शुरुआती रिकॉर्ड में जिस वाहन का जिक्र था, उसे बाद के दस्तावेजों में अलग मॉडल का बताया गया। रिपोर्ट के अनुसार, पहले वाहन को Hyundai i20 कार बताया गया, जबकि बाद में उसी रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ Bolero जीप दर्ज कर दी गई।
इसके अलावा, बचाव पक्ष ने पूछताछ से जुड़े दस्तावेजों में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया। दो अलग-अलग व्यक्तियों के पूछताछ नोट्स में एक ही मोबाइल नंबर दर्ज होने और एक दस्तावेज में विवरण का कॉलम खाली होने के बावजूद दूसरे व्यक्ति की तस्वीर लगे होने की बात अदालत में रखी गई। इन तथ्यों ने जांच की प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए।
पांच महीने तक थाने में पड़े रहे गांजे के सैंपल
इस मामले में सबसे गंभीर सवाल जब्त गांजे के नमूनों को जांच के लिए भेजने में हुई देरी को लेकर उठा। पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार, गांजे की बरामदगी 23 फरवरी 2025 को हुई थी, लेकिन फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) में जांच के लिए नमूने भेजने का पत्र 28 जुलाई 2025 को तैयार किया गया। इसके बाद 1 अगस्त 2025 को नमूने लैब में जमा कराए गए।
यानी बरामदगी के करीब पांच महीने बाद नमूने जांच के लिए भेजे गए। हाईकोर्ट ने इस देरी को गंभीर माना। अदालत ने कहा कि रिकॉर्ड में इतनी लंबी देरी का कोई संतोषजनक कारण नहीं बताया गया। इससे FIR और चार्जशीट में पेश किए गए पुलिस के पूरे मामले पर संदेह पैदा होता है।
CDR और CCTV फुटेज देने के आदेश की भी अनदेखी
मामले में ट्रायल कोर्ट ने 7 जुलाई 2026 को घटना के समय की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और CCTV फुटेज जुटाकर पेश करने का निर्देश दिया था। लेकिन पुलिस ने करीब चार महीने तक इस आदेश पर जरूरी कार्रवाई नहीं की।
26 नवंबर को अनुसंधान अधिकारी हाईकोर्ट में पेश हुए, लेकिन वे अदालत के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद हाईकोर्ट ने करौली एसपी लोकेश सोनवाल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने के निर्देश दिए।
सुनवाई के दौरान एसपी ने स्वीकार किया कि अनुसंधान अधिकारी और थाना प्रभारी ने ट्रायल कोर्ट के आदेश की पालना के लिए कदम नहीं उठाए। उन्होंने यह भी माना कि जांच से जुड़े पुलिसकर्मियों की ओर से गंभीर चूक हुई है। एसपी ने विभागीय जांच कराने का भरोसा दिया।
हाईकोर्ट ने क्यों दी जमानत?
मामले की सुनवाई जस्टिस रवि चिरानिया की एकलपीठ में हुई। अदालत ने कहा कि NDPS एक्ट के तहत सजा के प्रावधान कठोर हैं। ऐसे मामलों में पुलिस और जांच अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे कानून और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करें।