30 लाख का एजुकेशन लोन, 15 लाख का पर्सनल लोन और दोस्तों का उधार, कर्ज के दलदल में फंसकर लुटेरा बना कॉर्पोरेट कर्मी
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, आरोपी जयपुर के करधनी इलाके में रावण गेट के पास देवी नगर का रहने वाला है। वह पिछले 6 महीने से बेरोजगार चल रहा था। इससे पहले OYO कंपनी के लिए कॉन्ट्रैक्ट बेस पर जयपुर में प्रॉपर्टी सर्च का काम करता था।
कैसे दिया था वारदात को अंजाम?
शोरूम की ज्वेलरी कंसल्टेंट अंजली कायथ ने 10 नवंबर को वैशाली नगर थाने में मामला दर्ज करवाया था। रिपोर्ट के मुताबिक सुबह करीब 10:30 बजे मुंह पर मास्क और सिर पर पीली टोपी पहने एक युवक काले रंग का बैग लेकर शोरूम में घुसा। इस दौरान मैनेजर से फोन पर बात कर रही महिला कर्मचारी को उसने अचानक चाकू निकालकर धमकाया।
शोरूम में मौजूद सिक्योरिटी गार्ड महावीर प्रसाद गुप्ता ने विरोध करना चाहा। बदमाश ने उसे पकड़कर आने-जाने से रोक दिया। जान से मारने की धमकी देकर आरोपी ने शोरूम में रखे सोने और हीरे के आभूषण जबरन बैग में भर लिए और मौके से फरार हो गया।
शोरूम स्टाफ द्वारा चेक करने पर 7 गले के हार और 31 हाथ की अंगूठियां (कीमत करीब 37 लाख रुपए) गायब मिलीं। पूरी वारदात शोरूम के CCTV कैमरों में कैद हो गई थी।
300 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगालकर पुलिस ने दबोचा
वारदात के खुलासे के लिए डीसीपी वेस्ट के निर्देशन में विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान दिग्विजय सिंह के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस को सुराग मिला कि आरोपी लूटे गए आभूषणों को ठिकाने लगाने या बेचने के लिए दिल्ली गया हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे दिल्ली से डिटेन किया और जयपुर लाकर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से लूटे गए माल की बरामदगी के लिए गहन पूछताछ कर रही है।
कर्ज और बेरोजगारी से परेशान था आरोपी
वैशाली नगर थाना अधिकारी अरविंद सिंह शेखावत के अनुसार आरोपी पिछले छह महीने से बेरोजगार था। वह कुछ समय तक एक कंपनी के लिए जयपुर में कॉन्ट्रैक्ट पर प्रॉपर्टी सर्च का काम कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक उस पर करीब 30 लाख रुपए का एजुकेशन लोन बकाया था। इसके अलावा करीब 15 लाख रुपए का पर्सनल लोन और दोस्तों से बड़ी रकम उधार थी। इन्हें चुकाने के लिए उसने लूट का रास्ता चुना।
FAQs
- जयपुर के वैशाली नगर में लूट की वारदात क्या है?
जयपुर के वैशाली नगर स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में दिनदहाड़े 37 लाख रुपए की लूट हुई। आरोपी दिग्विजय सिंह ने शोरूम में घुसकर चाकू की नोक पर महिला कर्मचारी और सिक्योरिटी गार्ड को धमकाते हुए सोने और हीरे के आभूषण बैग में भर लिए और फरार हो गया। - पुलिस ने वैशाली नगर लूट के आरोपी को कैसे पकड़ा?
पुलिस ने 300 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी दिग्विजय सिंह की पहचान की। उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया जब वह लूटे गए आभूषणों को ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहा था। - जयपुर के वैशाली नगर में लूट आरोपी की पृष्ठभूमि क्या है?
आरोपी दिग्विजय सिंह पिछले 6 महीने से बेरोजगार था और उसके ऊपर 30 लाख रुपए का एजुकेशन लोन और 15 लाख रुपए का पर्सनल लोन था। भारी कर्ज और रोजगार की कमी के चलते उसने लूट का रास्ता चुना।