39 साल की महिला ने 10वें बच्चे को दिया जन्म, हाई रिस्क के बावजूद नॉर्मल डिलीवरी
समझें क्या है पूरा मामला
- खैरथल-तिजारा में 39 साल की महिला ने दिया 10वें बच्चे को जन्म।
- हाई रिस्क प्रेगनेंसी के बावजूद नॉर्मल डिलीवरी, बच्चा और मां स्वस्थ।
- डॉक्टरों ने जयपुर रेफर किया, लेकिन महिला ने घर लौटना पसंद किया।
- स्वास्थ्य विभाग की टीम कर रही थी निगरानी, BP 190 तक पहुंचा था।
- परिवार में 10 बच्चे, सबसे बड़ी बेटी 16 साल की, पिता करते हैं खेती।
प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हाई रिस्क प्रेगनेंसी के मामलों के बीच खैरथल-तिजारा जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है। 39 साल की एक महिला ने 10वें बच्चे को सामान्य प्रसव से जन्म दिया। फिलहाल, महिला व नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
महिला का ब्लड प्रेशर 190 तक पहुंच गया था, जिसके चलते उसे हाई रिस्क प्रेगनेंसी माना गया। डॉक्टरों ने उसे अलवर और फिर जयपुर रेफर किया, लेकिन महिला घर लौट आई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसकी निगरानी की और अंततः एक प्राइवेट अस्पताल में उसकी नॉर्मल डिलीवरी हुई। मां और नवजात बच्ची दोनों स्वस्थ हैं।
हाई रिस्क प्रेगनेंसी
खैरथल-तिजारा जिले के सीएमएचओ डॉ. अरविंद गेट ने बताया कि कोटकासिम क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी सरोज को 21 जुलाई को गांव के उप स्वास्थ्य केंद्र पर जांच के लिए लाया गया था। प्राथमिक जांच के बाद उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
हायर सेंटर पर ब्लड प्रेशर की जांच के दौरान महिला का रक्तचाप 170 से 190 के बीच आया, जो हाई रिस्क श्रेणी में आता है। इसके बाद गर्भवती महिला को अलवर और फिर जयपुर के लिए रेफर किया गया, लेकिन महिला उपचार के लिए जयपुर जाने की जगह अपने गांव लौट आई।
स्वास्थ्य विभाग की निगरानी
महिला के गांव लौटने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके घर पहुंची और उसे समझाइश की, लेकिन महिला नहीं मानी। सोमवार को काफी समझाइश करने पर महिला कोटकासिम के एक प्राइवेट अस्पताल में गई। जहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम महिला की स्थिति पर नजर रख रही है। फिलहाल, नवजात बच्ची व महिला दोनों स्वस्थ हैं।
10 बच्चों का परिवार
सीएमएचओ ने बताया कि महिला के अब 10 बच्चे हैं, जिसमें 4 बेटे और 6 बेटियां हैं। महिला के पति नारायण लाल ने बताया कि उनकी शादी 2006 में हुई थी। सबसे बड़ी बेटी 16 साल की मुस्कान है। वह खेती कर अपना घर खर्च चलाते हैं।
ये भी पढ़ें:-
महिला ने एक साथ दिया 4 बच्चों को जन्म, प्रसूता और सभी नवजात स्वस्थ
9.5 नंबर का चश्मा, खराब फेफड़ा, फिर भी पहुंचा IIT दिल्ली, गुंजन और मां की कहानी
लिव-इन पर खाप पंचायत ने लगाया 21 लाख जुर्माना, परिवारों का सामाजिक बहिष्कार
देशी घी के मालपुए पर अड़े पंच, 43 परिवारों का हुक्का-पानी बंद