64 विला-कॉटेज मामले में IAS शिखर अग्रवाल पहुंचे सुप्रीम कोर्ट, गिरफ्तारी और ACB कार्रवाई पर रोक की मांग
इस मामले में राजस्थान सरकार पहले ही सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल कर चुकी है। सरकार चाहती है कि अग्रवाल को कोई अंतरिम राहत देने से पहले उसका पक्ष भी सुना जाए। अब सुप्रीम कोर्ट में याचिका पर सुनवाई की तारीख तय होना बाकी है। इस सप्ताह सुनवाई होने की संभावना जताई जा रही है।
हाईकोर्ट से नहीं मिली थी तत्काल राहत
शिखर अग्रवाल ने 17 नवंबर को राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका दायर कर ACB जांच को चुनौती दी थी। उन्होंने सरकार की ओर से जांच की मंजूरी देने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। अग्रवाल का तर्क था कि सरकार ने उनका पक्ष ठीक से सुने बिना जल्दबाजी में जांच की अनुमति दे दी।
19 नवंबर को जस्टिस अनिल कुमार उपमन की अदालत ने इस मामले में तत्काल अंतरिम राहत देने से इनकार करते हुए राज्य सरकार को नोटिस जारी किया। सरकार को तीन सप्ताह में जवाब देने के निर्देश दिए गए। मामले की अगली सुनवाई 18 दिसंबर तय की गई। अदालत ने अंतरिम राहत की मांग पर फैसला सरकार का जवाब आने के बाद विचार करने के लिए टाल दिया था।
सरकार ने पहले ही दाखिल कर दी कैविएट
अग्रवाल की याचिका से पहले राजस्थान सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल कर दी थी। कैविएट का मतलब है कि किसी मामले में अदालत से एकतरफा राहत दिए जाने से पहले दूसरी पार्टी को भी सुनवाई का मौका दिया जाए।
सरकार ने यह कदम इसलिए उठाया है, ताकि ACB जांच पर रोक लगाने या किसी अन्य अंतरिम राहत के मामले में उसका पक्ष सुना जा सके। यानी अब सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई तो राज्य सरकार भी अपना पक्ष रख सकेगी।
पहले 40, फिर सामने आए 64 विला
यह पूरा मामला 27 अक्टूबर को सामने आया था। शुरुआती जानकारी में शिखर अग्रवाल, उनकी IPS पत्नी प्रशाखा माथुर और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर एक कंपनी से 40 विला-कॉटेज खरीदने की बात सामने आई थी। बाद में ACB की जांच में यह संख्या बढ़कर 64 हो गई।
ACB के अनुसार, ये संपत्तियां गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से संचालित अनंता रिसॉर्ट्स की तीन परियोजनाओं में खरीदी गईं। इनमें उदयपुर के बुझड़ा रिसॉर्ट में अक्टूबर 2023 में 20 कॉटेज खरीदे गए। मार्च 2026 में अलवर के अजाबगढ़ रिसॉर्ट में परिवार के सदस्यों के नाम 20 विला खरीदे गए। इसके बाद 15 अक्टूबर 2026 को जयपुर स्थित रिसॉर्ट में दोनों बेटों के नाम 24 विला खरीदे गए।
11 लाख में विला, ब्रोशर में कीमत 59 लाख
ACB की जांच में जयपुर के 24 विला की खरीद को भी खास तौर पर जांच के दायरे में रखा गया है। एजेंसी के मुताबिक, ये विला 11-11 लाख रुपए में खरीदे गए। जबकि कंपनी के ब्रोशर में इसी आकार के विला की कीमत 59-59 लाख रुपए बताई गई थी।
ACB का आरोप है कि शिखर अग्रवाल ने अपने पद का दुरुपयोग कर कंपनी को सरकारी मंजूरियों और रियायतों में फायदा पहुंचाया। इसके बदले परिवार को संपत्तियां कम कीमत पर मिलीं। एजेंसी इन आरोपों की जांच कर रही है। इन संपत्ति सौदों को कंपनी को वापस लीज पर देने और उससे होने वाली आय की भी जांच की जा रही है।
18 नवंबर को ACB ने दर्ज की FIR
ACB ने 18 नवंबर को IAS शिखर अग्रवाल, गोयल फैशंस के निदेशक मुकुंद शरण गोयल, प्रबंध निदेशक संजय गोयल और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की थी। जांच में जमीन रूपांतरण, पर्यावरण मंजूरी और राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना के तहत कंपनी को दिए गए लाभों की भी पड़ताल की जा रही है।
शिखर अग्रवाल 28 अक्टूबर से APO चल रहे हैं। उनकी पत्नी IPS प्रशाखा माथुर को भी 31 अक्टूबर को APO किया गया था। दोनों को संपत्ति के ब्योरे को लेकर नोटिस भी जारी किए गए थे।