पुलिस को चकमा देकर चुनावी सभा में पहुंचा फरार नरेश मीणा, बड़ोदिया गांव में ग्रामीणों से मांगे वोट

Jageshwar Prasad | Published:
एक हफ्ते से छापेमारी कर रही पुलिस, इधर चुनावी मैदान में हुंकार भर रहे नरेश मीणा
बारां जिले में नाहरगढ़ वन विभाग कार्यालय में तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में फरार चल रहे नरेश मीणा का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में वह बड़ोदिया गांव में एक चुनावी सभा को संबोधित करता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

नरेश मीणा बीती रात बाइक से बड़ोदिया गांव पहुंचा। समर्थकों को उसके आने की खबर मिलते ही लोग उसके आसपास जुट गए। इसके बाद उसने ग्रामीणों को संबोधित किया और आगामी चुनाव में हाथी चुनाव चिन्ह पर वोट देने की अपील की। सभा के कुछ देर बाद वह वहां से चला गया।



नाहरगढ़ की घटना क्या थी?

यह घटना 1 नवंबर की है। नाहरगढ़ के वन चौकी प्रभारी और एक वनरक्षक सहित वन कर्मचारियों ने अवैध ट्यूबवेल में इस्तेमाल हो रहा एक जनरेटर जब्त किया था। इसे वन विभाग के रेंज कार्यालय में लाया गया।



आरोप है कि नरेश मीणा सैकड़ों समर्थकों के साथ कार्यालय पहुंचा। समर्थकों ने परिसर में आग लगाने की धमकी दी, वन कर्मचारियों से मारपीट की और उनकी वर्दी के बिल्ले और नेमप्लेट तक फाड़ दिए। जनरेटर भी ले गए।



वन विभाग के कर्मचारियों का काम अवैध कब्जे और अवैध बोरवेल जैसे मामलों पर नजर रखना है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान उनसे मारपीट और धमकी की घटना गंभीर मानी जाती है। कर्मचारियों की सुरक्षा और उनके काम के अधिकार पर यह सवाल भी उठाती है।



एक सप्ताह से पुलिस कर रही है तलाश, लेकिन हाथ खाली

गौरतलब है कि 1 नवंबर को नाहरगढ़ स्थित वन विभाग कार्यालय में तोड़फोड़ और मारपीट की गंभीर घटना घटी थी, जिसके बाद से नरेश मीणा लगातार फरार चल रहा है।



दर्जन भर ठिकानों पर दबिश

बारां जिले के आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस और स्पेशल टीमें पिछले एक हफ्ते से उसकी तलाश में जुटी हैं। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर अब तक एक दर्जन से ज्यादा बार छापेमारी कर चुकी है, लेकिन हर बार पुलिस के हाथ खाली रहे हैं।



मोबाइल और सोशल मीडिया से प्रचार

इससे पहले भी उसके चुनाव प्रचार से जुड़ी कुछ गतिविधियां सामने आई थीं, जिनमें वह मोबाइल फोन के जरिए अलग-अलग जगहों की सभाओं को संबोधित कर रहा था। लेकिन अब सीधे गांव में पहुंचकर लाइव सभा करने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।



पुलिस की सुरक्षा और सुस्ती पर उठ रहे सवाल

एक तरफ जहां पुलिस प्रशासन अपनी टीमों को लगाकर लगातार सर्च अभियान चलाने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ एक फरार आरोपी का खुलेआम चुनावी सभा करना पुलिस खुफिया तंत्र (Intelligence) की बड़ी विफलता को दर्शाता है। इस संबंध में जब मीडियाकर्मियों ने पुलिस अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, तो उनकी ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



FAQs

  1. नाहरगढ़ वन विभाग कार्यालय में तोड़फोड़ और मारपीट की घटना क्या थी?
    यह घटना 1 नवंबर को हुई थी, जब नरेश मीणा समर्थकों के साथ नाहरगढ़ वन विभाग कार्यालय पहुंचे और वहां अवैध ट्यूबवेल से जुड़ा जनरेटर जब्त करने वाले वन कर्मचारियों पर हमला किया।
  2. नरेश मीणा के चुनावी सभा का वीडियो क्यों वायरल हुआ?
    नरेश मीणा का एक वीडियो बड़ोदिया गांव में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सामने आया है, जहां उन्होंने आगामी चुनाव में हाथी चुनाव चिन्ह पर वोट देने की अपील की, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
  3. पुलिस नरेश मीणा की गिरफ्तारी में क्यों असफल रही है?
    पुलिस पिछले एक हफ्ते से नरेश मीणा की तलाश में है, लेकिन अब तक एक दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापेमारी के बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे पुलिस के खुफिया तंत्र पर सवाल उठने लगे हैं।
Tags:
  • नरेश मीणा फरार
  • नाहरगढ़ वन विभाग
  • बारां पुलिस तलाश
  • बड़ोदिया चुनावी सभा
  • सरेंडर की घोषणा
  • बारां चुनावी माहौल
  • पुलिस छापेमारी
  • तोड़फोड़ और मारपीट
  • Naresh Meena absconding
  • Naresh Meena rally video