मेडिकल बिल और लीव मंजूर करने के नाम पर रिश्वतखोरी, शाखा प्रबंधक गिरफ्तार
News In Short
- ESIC शाखा प्रबंधक संदीपा वोहरा को एसीबी ने किया गिरफ्तार।
- मेडिकल बिल पास करने के एवज मे मांगी थी ₹10000 की रिश्वत।
- आरोपी इससे पहले भी 40 हजार रुपए वसूल कर चुकी थी।
- एसीबी ने शिकायत के बाद मांग का सत्यापन किया, फिर ट्रैप लगाकर पकड़ा।
- कार्रवाई उदयपुर एसीबी की टीम ने राजीव जोशी के नेतृत्व में की।
News In Detail
राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) की शाखा प्रबंधक संदीपा वोहरा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उदयपुर एसीबी स्पेशल यूनिट की टीम द्वारा की गई।
पीड़ित कर्मचारी को आया था लकवा
हिंदुस्तान जिंक चंदेरिया में कार्यरत एल एंड टी कंपनी का एक कर्मचारी अगस्त 2025 में ड्यूटी के दौरान अचानक लकवाग्रस्त हो गया था। इसके बाद उसका लंबे समय तक इलाज चला और बड़े मेडिकल बिल बने।
पीड़ित कर्मचारी के मेडिकल बिल और मेडिकल छुट्टी की राशि मंजूर करने के बदले शाखा प्रबंधक संदीपा वोहरा लगातार रिश्वत की मांग कर रही थीं। इस काम के लिए उन्होंने पीड़ित और कंपनी के एचआर मैनेजर पर भी दबाव डाला।
पहले भी ले चुकी है 40 हजार रुपए
शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी प्रबंधक इससे पहले भी इसी तरह के कई मामलों में कंपनी के एचआर मैनेजर और पीड़ित परिवार को धमकाकर कुल 40 हजार रुपए की रिश्वत वसूल चुकी थी। बार-बार हो रही अवैध वसूली से परेशान होकर पीड़ित ने एसीबी की शरण ली। शिकायत के बाद एसीबी ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू कर दी।
एसीबी ने ऐसे बिछाया जाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए उदयपुर एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव जोशी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। 29 मई को पुलिस निरीक्षक लक्ष्मण डांगी ने रिश्वत की मांग का सत्यापन किया। सत्यापन के दौरान आरोपी महिला प्रबंधक ने परिवादी से 10 हजार रुपए की रिश्वत राशि तय कर ली।
शनिवार को जैसे ही संदीपा वोहरा ने अपने कार्यालय चैंबर में परिवादी से रिश्वत के 10 हजार रुपए लिए, पहले से तैनात एसीबी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें दबोच लिया। एसीबी टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है।
बरामदगी और आगे की जांच
एसीबी ने आरोपी शाखा प्रबंधक के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है। यह जांच भी की जा रही है कि क्या आरोपी ने इस तरह की अन्य कर्मचारियों के साथ भी रिश्वत की मांग की है।
ये भी पढ़ें:-
RGHS में अनियमितताओं की शिकायत, शिप्रा विक्रम के खिलाफ सरकार का एक्शन
फर्जी दस्तावेज, अवैध एआरटी बैंक और नाबालिग लड़कियों की कोख का सौदा
भाषा की दिक्कत नार्को टेस्ट में बाधा नहीं, निचली कोर्ट का आदेश रद्द
महिला से मिलने पहुंचे युवक पर हमला, ब्लेड से प्राइवेट पार्ट काटा